विकी कौशल की 'छावा' ने मंडे टेस्ट में फोड़ दिया!
ट्रेड ऐनलिस्ट Taran Adarsh ने बताया कि Vicky Kaushal की Chhaava ने मंडे टेस्ट में जो किया, वो बहुत कम हिन्दी फिल्में कर पाई हैं.

Vicky Kaushal, Akshaye Khanna और Rashmika Mandanna की फिल्म Chhaava देशभर में अच्छा बिज़नेस कर रही है. वैसे रिलीज़ से पहले ही ट्रेड रिपोर्ट्स ने ये अनुमान लगाया था कि 'छावा' को अच्छी ओपनिंग मिलेगी. मगर फिल्म ने इन सभी उम्मीदों को 180 डिग्री घुमा दिया. ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि फिल्म पहले दिन 18 से 20 करोड़ रुपये के बीच का कलेक्शन करेगी. लेकिन इसे 33 करोड़ रुपये की ओपनिंग मिली. फिल्म ने पहले वीकेंड पर भी तगड़ी कमाई की. फिर आया मंडे टेस्ट. ये वो दिन होता है जो साफ कर देता है कि फिल्म कितने समय तक सिनेमाघरों में रहने वाली है. हालांकि 'छावा' ने मंडे टेस्ट में बॉक्स ऑफिस पर आग लगा दी. ट्रेड ऐनलिस्ट तरण आदर्श ने बताया कि 'छावा' ने 17 फरवरी यानी पहले सोमवार को 24.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया.
फिल्म के चार दिनों का कलेक्शन आप नीचे देख सकते हैं:
14 फरवरी - 33.10 करोड़ रुपये
15 फरवरी - 39.30 करोड़ रुपये
16 फरवरी - 49.03 करोड़ रुपये
17 फरवरी - 24.10 करोड़ रुपये
टोटल - 145.53 करोड़ रुपये
तरण आदर्श ने बताया था कि ‘छावा’ को सबसे ज़्यादा फायदा महाराष्ट्र से मिल रहा है. वहां पर फिल्म को लेकर तगड़ा बज़ बना हुआ है. हालांकि रविवार आते-आते नॉर्थ इंडिया में भी फिल्म ज़ोर पकड़ने लगी. फिल्म ने सबसे ज़्यादा कमाई उसी दिन की है. पहले मंडे टेस्ट को लेकर कयास लगाए जा रहे थे. लेकिन अब फिल्म ने उस दिन भी अच्छे नंबर दर्ज किए हैं. उस आधार पर ये अगले कुछ हफ्ते इसी गति से दौड़ती रहेगी. बाकी बताया जा रहा है कि 18 फरवरी की शाम से महाराष्ट्र में फिल्म के शोज़ बड़ी तादाद में बुक होंगे लगेंगे. उसकी वजह है कि 19 फरवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती है. उस तारीख को भी महाराष्ट्र में छुट्टी होती है और फिल्म देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे.
तरण आदर्श ने लिखा कि ‘छावा’ ने मंडे टेस्ट में जो किया है, वो बहुत कम हिन्दी फिल्में कर सकी हैं. बाकी अगले कुछ हफ्तों तक ‘छावा’ के सामने कोई बड़ी फिल्म नहीं उतरने वाली. उससे भी फिल्म को फायदा मिलेगा. इस हफ्ते अर्जुन कपूर, भूमि पेडणेकर और रकुल प्रीत सिंह की फिल्म Mere Husband Ki Biwi रिलीज़ हो रही है लेकिन उससे ‘छावा’ की कमाई और स्क्रीन काउंट पर इतना असर नहीं पड़ने वाला. ‘छावा’ की बात करें तो इसे लक्ष्मण उतेकर ने बनाया है. फिल्म में विकी कौशल और अक्षय खन्ना के साथ विनीत कुमार सिंह के काम की भी बहुत तारीफ हो रही है.
वीडियो: छावा की छप्पर फाड़ कमाई, पुष्पा 2 का रिकॉर्ड तोड़ दिया

