'कल्कि...' के बाद प्रभास की आने वाली ये 5 फिल्में, तूफान ले आएंगी!
Prabhas की Kalki 2898 AD ने इतिहास रचा. अब आने वाली फिल्में भी बवंडर लेकर आएंगी. चौथी वाली का इंतज़ार तो सबसे ज़्यादा किया जा रहा है.

Prabhas की Kalki 2898 AD ने इतिहास रच दिया. ये 1000 करोड़ कमाने वाली कुछ चुनिंदा इंडियन फिल्मों में से एक बन गई. नाग अश्विन की इस पिक्चर में ना सिर्फ नया कॉन्सेप्ट दिखा, बल्कि वीएफक्स के मामले में भी ये फिल्म, लोगों को बड़ी फ्रेश सी लगी. दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन जैसी कड़क कास्टिंग के साथ इसमें प्रभास की परफॉर्मेंस को खूब पसंद किया गया. इसी फिल्म के बाद प्रभास के पास फिल्मों के ऑफर आते ही जा रहे हैं. आज हम प्रभास की आने वाली 5 ऐसी ही फिल्मों के बारे में बताएंगे जो बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचाने को तैयार हैं.
1. फौजी (टेंटेटिव टाइटल)
दुलकर सलमान और मृणाल ठाकुर की 'सीता रामम' बनाने वाले डायरेक्टर Hanu Raghavapudi, प्रभास को लेकर नई फिल्म ला रहे हैं. जिसकी अनाउंमेंट हो चुकी है. साथ ही 17 अगस्त को इसका मुहूर्त भी रखा गया था. मैत्रीय मूवीज़ और टी-सीरीज़ के बैनर तले बन रही इस फिल्म का नाम फिलहाल नहीं रखा गया है. मगर इसे 'फौजी' नाम से बुलाया जा रहा है. मूवी हिस्टॉरिकल-फिक्शन होगी. 1940 की एक सच्ची घटना पर आधारित. इसका बजट करीब 300 करोड़ रुपये होगा. फिल्म प्री-इंडिपेंडेंस एरा में सेट होगी. सुभाष चंद्र बोस के समय को भी दर्शाएगी. वे आज़ाद हिंद फौज के फाउंडर थे. फिल्म में प्रभास उनकी फौज में काम करते हुए दिख सकते हैं. फिल्म की शूटिंग जल्द शुरू की जाएगी.
2. द राजा साब
प्रभास की ये फिल्म कोई एक्शन और मार-धाड़ वाली फिल्म नहीं बल्कि एक रोमांटिंग-हॉरर, कॉमेडी फिल्म हैं. प्रभास ने पोंगल पर यानी 15 जनवरी को पिक्चर अनाउंस की थी. उनकी फिल्म का नाम है 'द राजा साब'. ये एक पैन इंडिया फिल्म है. जिसे डायरेक्टर मारुति ने बनाया है. प्रभास पहली बार किसी हॉरर-कॉमेडी जॉनर में दिखाई देने वाले हैं. 'राजा साब' का एक छोटा सा टीज़र भी आया था. जिसमें प्रभास चश्मा लगाए दिख रहे थे. कुछ दिनों पहले IMdb ने इसकी कहानी बताई थी. कहा था कि ये फिल्म एक कपल की कहानी होगी जो एक-दूसरे के प्यार में पड़ जाते हैं लेकिन नेगेटिव एनर्जी की वजह से उनके रास्ते अलग हो जाते हैं. हालांकि मारुति ने IMDb को लताड़ लगाते हुए कहा कि ये पूरी तरह गलत है. प्रभास की ये फिल्म अगले साल रिलीज़ की जाएगी.
3. सलार पार्ट 2
साल 2023 दिसंबर में प्रभास की फिल्म आई 'सलार'. फिल्म में पृथ्विराज सुकुमारन भी थे. KGF वाले प्रशांत नील के डायरेक्शन में बनी इस पिक्चर को भयंकर पसंद किया गया. लोग भर-भर कर सिनेमाघरों में इस फिल्म को देखने पहुंच रहे थे. इस पैन इंडिया फिल्म ने 700 करोड़ रुपए से भी ऊपर की कमाई कर डाली. अब इस फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर बज़ है. इसके दूसरे पार्ट का इंतज़ार लोग बेसब्री से कर रहे हैं. फिलहाल प्रशांत नील जूनियर एनटीआर के साथ एक फिल्म बना रहे हैं. जिसके बाद वो 'सलार पार्ट 2' की शूटिंग शुरू करेंगे. इस पार्ट को कैसे ट्रीट किया जाएगा, लोगों को ये कितनी पसंद आएगी ये तो वक्त ही बताएगा.
4. स्पिरिट
'कबीर सिंह' और 'एनिमल' बनाने के बाद हिंदी पट्टी में फेमस हुए संदीप रेड्डी वांगा ने भी प्रभास के साथ एक पिक्चर अनाउंस की है. इस पिक्चर का नाम है 'स्पिरिट'. जिसमें प्रभास का रोल एक पुलिस वाले का होगा. अब संदीप की पुरानी फिल्में इतनी कॉन्ट्रोवर्सी बटोर चुकी हैं तो लोग देखना चाहते हैं कि प्रभास के साथ संदीप स्क्रीन पर क्या जादू चलाते हैं. फिलहाल ये फिल्म स्क्रिप्टिंग और प्री-प्रोडक्शन स्टेज पर हैं. प्रभास दूसरी फिल्मों से फारिग होने के बाद 'स्पिरिट' पर काम चालू करेंगे. और 'स्पिरिट' से फारिग होने के बाद संदीप, रणबीर कपूर के साथ 'एनिमल पार्क' बनाएंगे.
5. कल्कि...पार्ट 2
अब प्रभास की फिल्म 'कल्कि 2898 AD' की सफलता देखने के बाद मेकर्स इसके दूसरे पार्ट को जल्द लाने की तैयारी में जुट गए हैं. ये भी बड़े बजट की पिक्चर होगी. जिसमें कई नए किरदार जुड़ेंगे. कहन के तरीके को इस बार नाग अश्विन कैसे ट्रीट करते हैं ये देखना होगा. 'कल्कि' का दूसरा पार्ट इसके पहले पार्ट की लेगेसी को मेंटेन कर पाता है या नहीं, ये भी देखने को मिलेगा. कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि 'कल्कि' के दूसरे पार्ट की शूटिंग साथ-साथ ही की जा रही है. तो इसका 40 प्रतिशत हिस्सा शूट हो चुका है. मगर अभी भी बहुत काम बाकी है. दूसरे पार्ट में कमल हासन के किरदार सुप्रीम यास्किन का बड़ा रोल होगा. जिसे देखना एक अलग एक्सपीरिएंस देगा.
तो प्रभास की आने वाली ये पांच फिल्में उनके करियर को किसी और दिशा में लेकर जाएंगी. पांचों ही फिल्मों के डायरेक्ट भी ज़बरदस्त हैं. इसलिए उम्मीद लगाई जा सकती है कि पांचों ही फिल्मों को तगड़ा रिस्पॉन्स मिलेगा.
वीडियो: प्रभास की 'सलार 2' का इंतजार कर रहे फैन्स के लिए बुरी खबर, शूटिंग में एक और रोड़ा लग गया!

