The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Udit Narayan First Wife Claims Singer Got Her Uterus Removed Without Consent, Files Complaint

उदित नारायण की पत्नी का आरोप, इलाज के बहाने यूटरस निकलवा दिया

उदित नारायण की पहली पत्नी रंजना ने बताया कि उन्हें कुछ साल बाद पता चला कि उनका यूटरस निकलवा दिया गया है.

Advertisement
pic
16 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 04:31 PM IST)
Udit Narayan, Ranjana Narayan
उदित नारायण और रंजना की शादी साल 1984 में हुई थी.
Quick AI Highlights
Click here to view more

मशहूर सिंगर Udit Narayan की पहली पत्नी Ranjana Jha ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. रंजना का कहना है कि उदित नारायण ने इलाज के बहाने उनका यूटरस निकलवा दिया. इसके लिए न तो रंजना की सहमति ली गई, न उन्हें जानकारी दी गई. रंजना को कुछ साल बाद एक दूसरी बीमारी के इलाज के दौरान पता लगा कि उनका यूटरस निकाल दिया गया है. इस मामले में रंजना ने 10 फरवरी को पुलिस में शिकायत की. इस मामले में उन्होंने उदित के साथ उनके दो भाइयों Lalit Narayan Jha, Sanjay Kumar Jha और उदित की दूसरी पत्नी Deepa Narayan को भी आरोपी बनाया है. 

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक रंजना ने बिहार के सुपौल जिले के महिला थाने में कम्प्लेंट फाइल की है. उनकी शिकायत में लिखा है कि साल 1996 में इलाज के लिए उदित और उनके दोनों भाई रंजना को दिल्ली के एक अस्पताल ले गए. वहां उन्हें भर्ती कराया और फिर रंजना की सहमति लिए बग़ैर उनका गर्भाशय निकलवा दिया. बकौल रंजना, इस पूरी प्रक्रिया के दौरान उदित नारायण की दूसरी पत्नी दीपा नारायण भी अस्पताल में मौजूद थीं. 

मीडिया से बात करते हुए रंजना ने कहा, 

“मुझे न्याय मिलना चाहिए. उदित नारायण बार-बार वादे करते हैं, लेकिन उन्हें निभाते नहीं हैं. मगर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया. इसीलिए आज मुझे थाने तक आना पड़ा. मैं महिला कमिशन के पास भी गई थी. पहले तो वहां मेरी सुनवाई नहीं हुई. मगर जब मैंने लिखित शिकायत दी, तब उन्होंने स्वीकारी. मगर आज भी उदित नारायण मुझे धोखा ही दे रहे हैं. जब भी वो गांव आते हैं, नए वादे करके चले जाते हैं. आजकल मेरी तबीयत नासाज़ रहने लगी है. मुझे उनके सहयोग की ज़रूरत है, लेकिन मुझे कोई सहायता नहीं मिल रही.”

रंजना ने ये भी कहा कि कोर्ट में ये मामला पहले से पेंडिंग है. मगर अब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. सपौल महिला थाना प्रभारी अंजू तिवारी ने बताया कि शिकायत मिल चुकी है. चूंकि घटना काफी पुरानी है, इसलिए जांच की जा रही है. जांच के बाद तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय हो सकेगी.

# उदित नारायण पर दुर्व्यवहार-उपेक्षा के आरोप भी 

हालिया शिकायत में रंजना ने ये भी लिखा है कि उदित नारायण ने उन्हें धोखे में रखकर दूसरी शादी की थी. बकौल रंजना, उदित नारायण से उनकी शादी 1984 में हुई. 1985 में उदित अपना सिंगिंग करियर बनाने मुंबई चले गए. न्यूज़ से उन्हें पता चला कि उदित नारायण ने दूसरी शादी कर ली है. मगर जब भी रंजना ने उदित से इस बारे में बात की, वो इनकार करते रहे. साल 2006 में जब वो मुंबई में उदित के घर पहुंचीं, तब उदित और उनकी दूसरी पत्नी दीपा ने उन्हें घर में आने तक नहीं दिया. और उनके लिए अपशब्दों का प्रयोग भी किया. इसके बाद से रंजना अपने माता-पिता के साथ सुपौल में ही रह रही हैं. इस मामले में अब तक उदित नारायण की तरफ़ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. पुलिस का कहना है कि जांच में उनके खिलाफ़ प्रमाण मिलने के बाद FIR दर्ज की जाएगी.

वीडियो: उदित नारायण ने लाइव कॉन्सर्ट में लड़की को चूमा, लोग भड़क उठे

Advertisement

Advertisement

()