KGF से 10 गुना ज्यादा खूंखार है 'टॉक्सिक' का टीज़र, फिल्म में दिखेगा यश का डबल रोल?
फिल्म में इतनी मार-काट है कि सेंसर बोर्ड के भी पसीने छूट जाएंगे. हालांकि इससे 'धुरंधर 2' के लिए बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है.
.webp?width=210)
Violence, violence, violence! I don't like it. I avoid... but violence likes me, I can't avoid!
Yash ने ये बात भले ही KGF 2 में कही हो मगर उनका सबसे वॉयलेंट अवतार Toxic में नज़र आ रहा है. आज ही उन्होंने फिल्म का ऑफिशियल टीज़र ड्रॉप किया है. इसका विजन, स्केल, प्रोडक्शन और एक्शन- उनकी पिछली सभी फिल्मों से काफ़ी अलग है. इसे देखने के बाद इतना ज़रूर कहा जा सकता है कि Dhurandhar 2 को थियेटर में काफ़ी कड़ी टक्कर मिलने वाली है.
# रिलीज़ डेट को लेकर उधेड़बुन
'टॉक्सिक' यश के करियर की 19वीं फिल्म है. मेकर्स ने दिसंबर 2023 में इस मूवी को अनाउंस किया था. तब यश KGF फ्रैंचाइज़ के ज़रिए पैन इंडिया तोड़-फोड़ मचा चुके थे. इसलिए लोग ये देखने को काफ़ी एक्साइटेड थे कि वो 'टॉक्सिक' में क्या करते हैं. फिल्म की शूटिंग काफ़ी बड़े स्केल पर की गई है. इसलिए उसके प्रोडक्शन में कई बार देरी भी हुई. एक बारगी ऐसा भी लगा कि शायद ये मार्च 2026 में नहीं आ पाएगी. मगर फिर मेकर्स ने अलग-अलग पोस्टर्स और इंट्रोडक्शन वीडियो से ये बता दिया कि वो अपनी फिल्म को डिले नहीं करेंगे.
# क्या यश डबल रोल में नज़र आएंगे?
'टॉक्सिक' का बैकड्रॉप एक सर्कस के इर्द-गिर्द घूमता है. इसमें 1940 से 1970 के आसपास के गोवा को दिखाया गया है. टीज़र में यश का किरदार राया, कई बड़े दुश्मनों से एक साथ जंग छेड़ देता है. मगर उसके एटीट्यूड से एक बात स्पष्ट है कि लड़ाई में ज़मीन पर गिरने वाला अंतिम शख्स वो नहीं होगा. वो डंके की चोट पर कहता भी है-"It's Over When I Say It's Over. Until then, Have Some Manners." कुछ इसी मंसूबे के साथ राया गोवा के क्राइम जगत में आगे बढ़ता है. हालांकि टीज़र का सबसे सरप्राइजिंग एलीमेंट ये है कि यश इस मूवी में डबल रोल्स में नज़र आ रहे हैं. डबल रोल भी ऐसा-वैसा नहीं बल्कि सीधे बाप-बेटे का. देखकर लग रहा है कि इसमें राया बाप के किरदार में है. वहीं उसके बेटे को कुछ जगहों पर 'रूमी' बताया गया है.
टीज़र से महसूस होता है इस बाप-बेटे के बीच किसी तरह का टकराव है. मगर वो फिल्म में एक-दूसरे से ही भिड़ेंगे या साथ मिलकर किसी तीसरे से, ये वक्त ही बताएगा. वैसे, पिछले दिनों जब राया का इंट्रोडक्शन टीज़र लाया गया था, तो उसके अंत में यश 'डैडी इज़ होम' बोलते नज़र आए थे. मगर नए टीज़र में उनके बेटे का परिचय देने के लिए 'आई एम होम, डैडी' डायलॉग का इस्तेमाल किया है. इस एक डायलॉग ने इस टीज़र की हाइप को और बढ़ा दिया है.
हालांकि इस डबल रोल वाले कॉन्सेप्ट का एक दूसरा पक्ष भी है. संभव है कि यश दोहरे किरदार में हों ही नहीं. हो सकता है कि टीज़र में जिस किरदार को बेटे के रूप में दिखाया गया है, वो उनका ही यंगर वर्जन हो. फिल्म में एक लंबी-चौड़ी टाइमलाइन को दिखाया जाएगा. इसलिए संभावना है कि फिल्म में राया के यंग दिनों से लेकर उसके गोवा के किंगपिन बनने की कहानी दिखाई गई हो. संभव है कि टीज़र में उन्होंने 'आई एम होम, डैडी' भी किसी अन्य शख्स को कहा हो. मगर अभी ये केवल एक थ्योरी है. सच तो फिल्म रिलीज़ होने के बाद ही पता चलेगा.
# इतनी मार-काट को सेंसर सर्टिफिकेट कैसे मिलेगा?
'टॉक्सिक' को लेकर यश शुरुआत से ही स्पष्ट रहे हैं कि ये उम्रदराजों की परी कथा है. टीज़र में वो इस एटीट्यूड से समझौता भी नहीं करते. इसलिए बतौर दर्शक, हम भी इस मूवी से कुछ और होने की उम्मीद नहीं कर सकते. टीज़र में खून-खराबा और ग्लैमर के साथ एक काफी डार्क अंडरटोन नज़र आता है. मेकर्स ने कहानी को कुछ खास रिवील नहीं किया है. उल्टा, लोगों को डबल रोल वाले चक्कर में डालकर थोड़ा कन्फ्यूज ज़रूर कर दिया है. इस बात के लिए उन्हें पॉइंट्स दिया जा सकता है. टीज़र की एडिटिंग बढ़िया की गई है. बीट्स और डायलॉग्स के विराम के बीच एक्शन सीन्स इसे खूब कस देते हैं. जहां तक यश की बात है, उनके डायलॉग और पर्सनैलिटी में कुछ खास नयापन नज़र नहीं आता है. अगर अंत के क्लीन शेव लुक हो हटाएं, तो वो अब भी KGF के साये से बाहर नहीं निकल पाए हैं.
इस टीज़र में ऐसी दो बड़ी बातें हैं, जो मन में सवाल पैदा करती हैं. अव्वल तो ये कि मेकर्स फिल्म के अन्य एक्टर्स से इतना परहेज क्यों कर रहे हैं? इतनी दमदार स्टारकास्ट होने के बावजूद, इंट्रोडक्शन वीडियो और टीज़र में दूसरे लीड एक्टर्स नज़र नहीं आते. हर तरफ़ केवल यश ही छाए हुए हैं. दूसरा और सबसे बड़ा सवाल ये कि मेकर्स इस खून-खराबे को सेंसर से पास कैसे करवाएंगे? ये तो तय है कि फिल्म को A सर्टिफिकेट मिलेगा. मगर जिस तरह से इसमें शीशे पर रगड़ते चेहरे, हवा में उड़ते अधकटे हाथ या लकड़ी काटने वाली मशीन से गर्दन उड़ाने जैसे सीन्स दिखाए गए हैं, क्या CBFC उन्हें आगे बढ़ने देगी? ज्यादा आसार तो ये हैं कि इस फिल्म पर ठीक-ठाक कैंची चल जाएगी. बावजूद इसके, टीज़र को देखकर इतना ज़रूर कह सकते हैं कि यश ने अपनी तरफ़ से तगड़ा पासा फेंक दिया है.
# पहले टीज़र पर क्यों हुई FIR?
08 जनवरी 2026 को यश ने अपना 40वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया था. उसी दिन 'टॉक्सिक' के मेकर्स ने राया का इंट्रोडक्शन टीज़र रिलीज़ किया. उसमें यश और यूक्रेनी मॉडल बिएट्रीज़ तौफ़नबाक का सेक्स सीन दिखाया गया था. उस सीन को देखकर इंटरनेट पर खूब हो-हल्ला मच गया. इतना कि उस मॉडल को अपना सोशल मीडिया अकाउंट तक डिलीट करना पड़ गया. तब आम आदमी पार्टी, कर्नाटक की महिला विंग ने कर्नाटक वुमेन कमीशन में फिल्म के खिलाफ़ कंप्लेन फ़ाइल की थी. वुमेन कमीशन ने मामला सेंसर बोर्ड की तरफ़ खिसका दिया. हालांकि सेंसर बोर्ड ने बताया कि यूट्यूब पर आया टीज़र उनके दायरे में नहीं आता है. इसलिए वो उस पर कोई एक्शन नहीं ले सकते. चूंकि उस सेक्स सीन को एक ईसाई सिमिट्री या कब्रिस्तान में दिखाया गया था, इसलिए कुछ ईसाई संगठन मेकर्स से नाराज़ हो गए. पिछले दिनों नेशनल क्रिश्चियन फेडरेशन ने उनके खिलाफ़ FIR भी दर्ज़ करवाई है.
# विरोध करने वालों को डायरेक्टर ने उल्टा जवाब दिया
'टॉक्सिक' को गीतू मोहनदास ने डायरेक्ट किया है. उन्होंने ही बिएट्रीज़ तौफ़नबाक के सोशल मीडिया अकाउंट को पब्लिकली रिवील किया था. सेक्स सीन वाले विवाद पर लोगों ने गीतू को भी आड़े हाथों लिया था. उनका कहना था कि गीतू को खुद एक महिला होते हुए इस तरह के वुमेन ऑबजेक्टिफिकेशन से बचना चाहिए. मगर गीतू ने इन बातों पर लोगों को उल्टा जवाब दे दिया. एक इंस्टाग्राम स्टोरी डालते हुए उन्होंने लिखा-"जब लोग फ़ीमेल प्लेजर, कन्सेंट और महिलाओं के सिस्टम को समझने जैसी बातों पर बहस कर रहे हैं, मैं आराम फरमा रही हूं." उनके इस रिस्पॉन्स ने इंटरनेट पर लोगों को और नाराज़ कर दिया था. हालांकि बाद में यश के फैंस ने दावा किया कि वो सेक्स सीन केवल इंट्रो टीज़र में दिखाया गया है. फिल्म में उसका नामो-निशान नहीं होगा. मगर नए टीज़र में कब्रिस्तान से जुड़े सीन्स भी हैं. ऐसे में संभव है कि वो एडल्ट सीन भी फिल्म का हिस्सा हो.
# ऑस्कर के लिए भेजी गई थी ‘टॉक्सिक’ डायरेक्टर की फिल्म
गीतू एक नेशनल अवॉर्ड विनिंग फिल्म डायरेक्टर हैं. उनकी पहली फीचर फिल्म Liar's Dice को दो नेशनल अवॉर्ड मिले थे. उसे 87वें ऑस्कर अवॉर्ड्स में बेस्ट फ़ॉरेन लैंग्वेज फिल्म कैटेगरी में भारत की तरफ़ से ऑफिशियल एंट्री के दौर पर भेजा गया था. उनकी दूसरी फीचर मूवी Moothon को टोरंटो फिल्म फेस्टिवल 2019 में दिखाया गया था. 'टॉक्सिक' उनके करियर की तीसरी फीचर मूवी है. इन सबसे पहले उन्होंने Kelkkunnundo Are you listening नाम की एक शॉर्ट मूवी बनाई थी. उस मूवी को भी नेशनल अवॉर्ड दिया गया था. साथ ही उसके बारे में केरल सरकार के 12th के सिलेबस में भी पढ़ाया जाता है.
# दमदार स्टारकास्ट
'टॉक्सिक' की स्टारकास्ट इसके सबसे बड़े हाइलाइट्स में से एक है. फिल्म के लीड में यश हैं. अब वो राया के अलावा किसी अन्य किरदार में हैं या नहीं, ये तो समय आने पर पता चलेगा. मगर उनके अलावा कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत, टोविनो थॉमस और अक्षय ओबेरॉय जैसे एक्टर्स ने भी इस फिल्म में काम किया है.
# यश ने लिखी है ‘टॉक्सिक’ की कहानी
'टॉक्सिक' को गीतू मोहनदास ने डायरेक्ट किया है. वहीं इसकी कहानी गीतू और यश ने साथ मिलकर लिखी है. फिल्म को प्रोड्यूस करने का जिम्मा KVN प्रोडक्शंस और यश के मॉनस्टर माइंड क्रिएशन्स ने उठाया है. मॉनस्टर माइंड ने 'रामायण' को भी प्रोड्यूस किया है. वहीं KVN ने थलपति विजय की 'जन नायगन' बनाई है.
# बजट जानकर आंखें चुंधिया जाएंगी
यश इस मूवी को ग्लोबल स्केल पर रिलीज़ करना चाहते हैं. इसलिए उन्होंने इसे कन्नड़ा और इंग्लिश में एक साथ फिल्माया है. हिंदी व अन्य भाषाओं की डबिंग बाद में की गई है. पिछले दिनों IMDb ने रियल टाइम पॉपुलैरिटी के आधार पर 2026 की 10 मोस्ट एंटिसिपेटेड फिल्मों की लिस्ट जारी की थी. उसमें 35 फीसदी यूज़र इंट्रेस्ट के साथ ‘टॉक्सिक’ पहले पायदान पर थी. यानी लोग 2026 में सबसे अधिक 'टॉक्सिक' का ही इंतज़ार कर रहे हैं. रिपोर्ट्स हैं कि मेकर्स ने इस मूवी को करीब 600 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट पर बनाया है.
# साल का सबसे बड़ा क्लैश
'टॉक्सिक' ईद यानी 19 मार्च 2026 को रिलीज़ होगी. उसी दिन रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' आ रही है. यश ने ये डेट साल भर पहले ही बुक कर ली थी. वहीं आदित्य धर ने 05 दिसंबर को 'धुरंधर' के क्लाइमैक्स में बताया कि वो अपनी फिल्म सेम डेट पर ला रहे हैं. इस बात से यश काफ़ी नाराज़ हो गए थे. उनका मानना है कि आदित्य को कम-से-कम एक बार उन्हें बताना चाहिए था. खैर, दोनों पक्ष अपनी तरफ़ से दम-खम भर रहे हैं. फैंस के बीच इसे साल के सबसे बड़े क्लैश की तरह देखा जा रहा है. राम गोपाल वर्मा ने तो इस टक्कर को Dhuroxic नाम दे दिया है.
'टॉक्सिक' के नए टीज़र ने यश की मजबूत दावेदारी पेश की है. अब देखना होगा कि 'धुरंधर 2' का अगला टीज़र कब आता है. फिर दोनों तरफ़ के लोग अपनी फिल्मों के ट्रेलर भी लाएंगे. यानी आगे माहौल और गर्माने ही वाला है. आज से ठीक एक महीने बाद दोनों फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज़ हो जाएंगी. देखना होगा कि तबतक 'टॉक्सिक' और 'धुरंधर 2' में से कौन ज्यादा दर्शक खींचने में सफ़ल होता है.
वीडियो: 'धुरंधर 2' और ‘टॉक्सिक’ के बीच टल सकता था क्लैश, फिर क्या हुआ?

.webp?width=60)

