सुपरस्टार से CM बनने जा रहे थलपति विजय की 5 हाइएस्ट रेटेड फिल्में, जो आपको देखनी चाहिए
थलपति विजय ने अपने करियर में 70 से अधिक फिल्में की हैं. 'जन नायगन' उनके करियर की आखिरी फिल्म है.

फिल्मी दुनिया को फतह करने के बाद Thalapathy Vijay ने पॉलिटिक्स में भी झंडे गाड़ दिए हैं. उनकी पार्टी Tamilaga Vettri Kazhagam (TVK) ने Tamil Nadu Elections 2026 में बड़ी लीड हासिल की है. यहां से ये अन-ऑफिशियली तय हो चुका है कि वो राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे. उन्होंने पॉलिटिक्स में आने से पहले फिल्मों से संन्यास की घोषणा कर दी थी. हालांकि उनके करियर की आखिरी फिल्म Jana Nayagan अब भी रिलीज़ का इंतज़ार कर रही है. ऐसे में नज़र डालते हैं थलपति विजय के करियर की उन टॉप फिल्मों पर, जिनके लिए उन्हें याद किया जाएगा.
# 1. पूवे उनक्कागा- Poove Unakkaga (1996)- 8.6 रेटिंग
डायरेक्टर: विक्रमण
एक्टर्स: थलपति विजय, संगीता, अंजू अरविन्द, एमएन नाम्बियार, नागेश
ये फिल्म एक हिन्दू और एक क्रिश्चियन परिवार की कहानी है. किसी जमाने में वो एक-दूसरे के काफी अच्छे दोस्त हुआ करते थे. मगर उनके परिवार के दो बच्चों ने आपस में शादी कर ली. इंटर-रिलीजन शादी की ये बात दोनों पक्षों को रास नहीं आई. 25 सालों तक दोनों परिवार एक-दूसरे के कट्टर दुश्मन बने रहे. इसके बाद एक लड़का राजा (विजय) इन दोनों परिवारों को दोबारा जोड़ने के लिए उनके पास आता है. इस कोशिश में उसे नंदिनी नाम की लड़की से प्यार हो जाता है. लेकिन जब उसे पता चलता है कि वो पहले से ही लॉरेंस (दूसरे परिवार के बेटे) से प्यार करती है, तो वो परिवारों के लिए अपना प्यार कुर्बान कर देता है.
'पूवे उनक्कागा' को क्रिटिक्स और ऑडियंस, दोनों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. तमिलनाडु में ये फिल्म लगातार 270 दिनों तक थिएटर्स में लगी रही थी. हिन्दी में 'बधाई हो बधाई' नाम से इसका रीमेक भी बन चुका है. IMDb पर इसे 8.6 रेटिंग मिली है. जो इसे विजय के करियर की हाइएस्ट रेटेड फिल्म बनाती है.

# 2. थुल्लाधा मनामम थुल्लम- Thullatha Manamum Thullum (1999)
डायरेक्टर: एस एज़हिल
एक्टर्स: थलपति विजय, सिमरन, मणिवन्नन, धामू, वैयापुरी, चैप्लिन बाबू
‘थुल्लाधा मनामम थुल्लम’, कुट्टी (विजय) नाम के एक सीधे-सादे लड़के की कहानी है, जो अपनी मां के साथ रहता है. वो रुक्मणी नाम की लड़की से प्यार करता है. मगर वो लड़की उसे गुंडा समझकर उससे नफरत करती है. एक दिन कुट्टी की गलती के कारण रुक्मणी की आंखों की रोशनी चली जाती है. फिर जो होता है, आगे उसकी कहानी है. इस फिल्म को IMDb पर 8.3 रेटिंग मिली है.

# 3. घिल्ली- Ghilli (2004)
डायरेक्टर: धरणी
एक्टर्स: थलपति विजय, तृषा, प्रकाश राज, आशीष विद्यार्थी
'घिल्ली' एक स्पोर्ट्स-एक्शन फिल्म है. वेलू (विजय) नाम का एक कबड्डी प्लेयर मैच के लिए मदुरै जाता है. वहां उसकी मुलाकात धनलक्ष्मी (तृषा) से होती है. धनलक्ष्मी को एक खतरनाक आदमी जबरदस्ती शादी के लिए परेशान कर रहा है. इसलिए वेलू उसे बचाकर चेन्नई ले आता है. मगर इससे उसकी जिंदगी भी खतरे में पड़ जाती है. वेलू उस गुंडे से खुद और धनलक्ष्मी को कैसे बचाता है, यही इस फिल्म की कहानी है. इसे विजय के करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में गिना जाता है. IMDb पर इसे 8.2 की रेटिंग मिली है.

# 4. कधलुक्कू मरियाधाई- Kadhalukku Mariyadhai (1997)
डायरेक्टर: फ़ाज़िल
एक्टर्स: थलपति विजय, शालिनी, श्रीविद्या, शिवकुमार, मणिवन्नन
‘कधलुक्कू मरियाधाई’ जीवा और मिनी नाम के एक कपल की कहानी है. दोनों अलग-अलग बैकग्राउंड से आते हैं, इसलिए उन दोनों का ही परिवार उस रिश्ते के खिलाफ है. हालात ऐसे बनते हैं कि उन्हें अपने प्यार और परिवार के बीच किसी एक को चुनने का मुश्किल फैसला लेना पड़ता है. यहां से उनकी जिंदगी एक ऐसे मोड़ पर पहुंचती है, जिसके आगे सब कुछ हमेशा के लिए बदल जाता है. 8.2 की रेटिंग वाली ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही थी.

# 5. कत्थी- Kaththi (2014)
डायरेक्टर: एआर मुरुगादोस
एक्टर्स: थलपति विजय, समांथा, नील नीतिन मुकेश,
‘कत्थी’ एक एक्शन-ड्रामा मूवी है, जिसमें एक चोर अपने समाजसेवी हमशक्ल की पहचान चुरा लेता है. ऐसा कर वो किसानों की तरफ़ से बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियों के खिलाफ लड़ाई लड़ने लगता है. हालात ऐसे बनते हैं कि उसकी चोरी वाली जिंदगी भी अचानक एक बड़ी जिम्मेदारी में बदल जाती है. आगे की कहानी फिल्म को काफी रोचक बनाती है. इसी वजह से ये बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी हिट भी रही थी. IMDb पर फिल्म को 8.1 की रेटिंग मिली है.

इन पांच फिल्मों के अलावा 'थुप्पक्की' (8.1 रेटिंग), 'कुशी' (7.9 रेटिंग), 'ननबन' (7.8 रेटिंग), 'पोक्किरी' (7.6 रेटिंग) और 'मर्सल' (7.5 रेटिंग) भी विजय की सबसे बेहतरीन फिल्मों में गिनी जाती हैं. उन्होंने अपने करियर में 70 से अधिक फिल्में की हैं. शुरुआत उन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट की थी. वहीं 'जन नायगन' ऑफिशियली उनकी अंतिम फिल्म होने वाली है.
वीडियो: 'जन नायगन' फिल्म से Amazon Prime Video ने तोड़ी डील, अब क्या होगा?

