"शाहरुख खान कविता की किताब हैं, तो सलमान खान उपन्यास हैं"
'लेके प्रभु का नाम' और 'बेशरम रंग' को कोरियोग्राफ करने वाली वैभवी मर्चेंट ने कहा, शाहरुख मतलब इमोशन और सलमान मतलब वाइब.

Tiger 3 का पहला गाना Leke Prabhu Ka Naam रिलीज़ किया गया. लगातार इस गाने की तुलना Pathaan के गाने Jhoome Jo Pathaan से हो रही है. इसके अलावा सोशल मीडिया पर ये बहस भी छिड़ गई है कि Katrina Kaif और Deepika Padukone में बेहतर डांसर कौन है. ये तो जनता खुद डिसाइड करेगी, मगर Salman Khan और Shahrukh Khan की तुलना पर कोरियोग्राफर Vaibhavi Merchant ने बात की है. ‘टाइगर 3’ का 'लेके प्रभु का नाम' और ‘पठान’ का 'बेशरम रंग', इन दोनों ही गानों को वैभवी ने ही कोरियोग्राफ किया है. वैभवी का कहना है कि शाहरुख एक इमोशन हैं, वहीं सलमान एक वाइब हैं.
'लेके प्रभु का नाम' वो पहला गाना है, जो अरिजीत सिंह ने सलमान खान के लिए गाया. इस गाने को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है. हालिया इंटरव्यू में वैभवी मर्चेंट से सलमान और शाहरुख को कोरियोग्राफ करने के अनुभवों पर बात की गई. इस पर वैभवी का कहना है कि शाहरुख जहां एक पोएट्री की किताब हैं, वहीं सलमान को वो उपन्यास करार देती हैं. इंडिया टुडे के साथ हुई बातचीत में वैभवी ने कहा-
"मुझे लगता है कि शाहरुख प्यार, सम्मान, ढेर सारी मेहनत और डिसिप्लिन वाले स्पेस से आते हैं. वो (डांस स्टेप्स की) रिहर्सल करते हैं. पूरी तैयारी के साथ आते हैं. उन्हें लगता है कि वो नैचुरल डांसर नहीं हैं. मगर उनके भीतर एक डांसर है. ज़ाहिर तौर पर उन्होंने 'ये काली काली आंखे' और तमाम गाने किए हैं. ऐसा नहीं है कि उन्होंने पहले डांस नहीं किया. मगर डांस के मामले में वो अभी भी खुद को पारंगत नहीं मानते. इसलिए शाहरुख फुल एनर्जी और पैशन के साथ सेट पर आते हैं."
वहीं सलमान को कोरियोग्राफ करने पर वैभवी का कहना है-
"वहीं सलमान के डांस में एक किस्म की आसानी है. क्योंकि वो हस्लर आदमी हैं. वो भी प्रेम वाले स्पेस से आते हैं. मगर वो शाहरुख की तरह उस प्रेम को व्यक्त नहीं करते. शाहरुख कविता की किताब हैं, तो सलमान एक नॉवल हैं. मुझे उन दोनों के बारे में ऐसा लगता है. इसलिए मेरा ये मानना है कि शाहरुख एक इमोशन हैं, वहीं सलमान एक वाइब हैं."
बॉलीवुड हंगामा को दिए एक इंटरव्यू में वैभवी ने 'लेके प्रभु का नाम' की शूटिंग के दौरान का एक किस्सा बताया. उन्होंने बताया कि शूटिंग लोकेशन पर सब डांसर लोग तैयारी कर रहे थे. सलमान अपनी कार से आए और सेट के पास गाड़ी पार्क कर दी. वो अंदर बैठकर सभी डांसर्स को गाने का स्टेप करते देखते रहे. थोड़ी देर के बाद वो अपनी कार से बाहर आए. वैभवी के असिस्टेंट को बोला कि स्टेप्स करके दिखाओ. उन्होंने दो बार वो स्टेप करके सलमान को दिखाया. इसके बाद सलमान ने कहा- 'टेक'. यानी वो शूटिंग के लिए तैयार हैं. वैभवी बताती हैं कि सलमान की याददाश्त बेहद मजबूत है. वो कैमरे के सामने आए और गाने का वो हिस्सा तुरंत शूट कर दिया. हालांकि जब उनके स्टेप्स मुश्किल होते हैं, तो पहले आकर उसकी रिहर्सल भी करते हैं.
'टाइगर 3' में सलमान खान के साथ कटरीना कैफ, इमरान हाशमी, रणवीर शौरी, विशाल जेठवा और रेवती जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. इस फिल्म को मनीष शर्मा ने डायरेक्ट किया है. 'टाइगर 3' दीवाली के मौके पर 12 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है.
वीडियो: सलमान खान की टाइगर 3 के डायरेक्टर मनीष शर्मा ने कहा, सारी चीज़ें थिएटर्स के लिए छुपाकर रखी हैं

