The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Tiger 3 trailer: Shahrukh Khan fans started vulgarity about Katrina Kaif after her towel fight sequence in Salman Khan starrer

'टाइगर 3' का ट्रेलर आते ही शाहरुख फैन्स ने कटरीना कैफ को लेकर घिनापा शुरू कर दिया

सलमान खान स्टारर 'टाइगर 3' के ट्रेलर में कटरीना कैफ एक टॉवल फाइट सीक्वेंस में दिखती हैं. उसी सीक्वेंस को लेकर सोशल मीडिया पर गंदगी फैलाई जा रही है.

Advertisement
pic
16 अक्तूबर 2023 (अपडेटेड: 16 अक्तूबर 2023, 06:47 PM IST)
tiger 3, salman khan, katrina kaif,
'टाइगर 3' के टॉवल फाइट सीक्वेंस में कटरीना कैफ.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Salman Khan की फिल्म Tiger 3 का ट्रेलर आया. वैसे तो पब्लिक ट्रेलर को पसंद कर रही है. मगर एक खास तबका है, जो फिल्म के खिलाफ नकारात्मकता फैला रहा है. कथित तौर पर ये लोग Shahrukh Khan के फैन्स हैं. क्योंकि उनके सोशल मीडिया हैंडल्स पर शाहरुख खान का नाम और उनकी तस्वीर चस्पा हैं. इन लोगों ने 'टाइगर 3' का ट्रेलर आते ही सलमान को जो बोला, वो तो अलग है. इन्होंने Katrina Kaif के सीन्स को लेकर घिनापा चालू कर दिया है.  

सलमान खान और शाहरुख खान, एक-दूसरे की फिल्मों में काम कर रहे हैं. इनका फुल भाईचारा चल रहा है. मगर इन सुपरस्टार्स के सोशल मीडिया वाले फैन्स हलकान हुए रहते हैं. एक-दूसरे को नीचा-दिखाना. गाली-गलौच और तमाम तरह की अजीब-ओ-गरीब हरकतें, बातें और पोस्ट्स तो आम बात हैं. अब 'टाइगर 3' का ट्रेलर आया, तो शाहरुख खान फैन्स उसे 'पठान' से कमतर साबित करने में लगे हुए हैं. उनका कहना है कि अब शाहरुख 'टाइगर 3' में कैमियो करके सलमान खान का करियर बचाएंगे. ऐसी ही बातें सलमान फैन्स ने तब कही थीं, जब सलमान ने 'पठान' में कैमियो किया था. हालांकि सलमान ने 'आप की अदालत' पर साफ कहा कि 'पठान' की सफलता पूरा क्रेडिट शाहरुख खान को जाता है.

'टाइगर 3' के ट्रेलर में कटरीना कैफ कई एक्शन सीक्वेंस में नज़र आती हैं. एक सीक्वेंस में वो तौलिया पहनकर लड़ाई कर रही हैं. इस सीन में कटरीना के साथ 'बुलेट ट्रेन', 'रेज़िडेंट इविल 6', 'मोर्टल कॉम्बैट- लेगेसी' और 'वेनम' जैसी फिल्मों में काम कर चुकी एक्टर मिशेल ली नज़र आती हैं. ये हैंड टु हैंड फाइट सीक्वेंस है. इसमें तौलिए के इर्द-गिर्द कई ट्रिक्स बुनी गई हैं. इस सीन को लेकर शाहरुख खान फैन्स ने अश्लीलता फैलानी शुरू कर दी है. उनका कहना है कि 'टाइगर 3' में कटरीना के इस सीन के लिए सबसे ज़्यादा उत्साहित हैं. इस तरह की बातें करने वाले कुछ ट्वीट्स आप नीचे देख सकते हैं-

कटरीना कैफ, 'टाइगर' फ्रैंचाइज़ में सलमान खान की पत्नी ज़ोया का किरदार निभाती हैं. 'एक था टाइगर' में उन्होंने एक पाकिस्तानी जासूस का किरदार निभाया था. जिसे टाइगर नाम के इंडियन स्पाय से प्यार हो जाता है. अब टाइगर और ज़ोया शादीशुदा हैं. उन दोनों का एक बेटा भी है. खबरें हैं कि 'टाइगर 3' कटीरना के किरदार की मौत हो जाएगी. इसमें कितनी सच्चाई है, ये तो फिल्म की रिलीज़ के बाद ही पता चलेगा.

'टाइगर 3' में सलमान और कटरीना के साथ इमरान हाशमी, रेवती, रणवीर शौरी, कुमुद मिश्रा, अनंत विधात, वरिंदर सिंह ग़ुमान और रिधि डोगरा जैसे एक्टर्स नज़र आने वाले हैं. 'टाइगर 3' को मनीष शर्मा ने डायरेक्ट किया है. ये फिल्म दीवाली के दिन 12 नवंबर को थिएटर्स में रिलीज़ होने वाली है. 

Advertisement

Advertisement

()