The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Tiger 3: Scenes and cameos that were reported to be part of Salman Khan starrer but they are not in the movie

वो 4 घटनाएं और बातें, जिनके 'टाइगर 3' में होने की खबरें थीं, मगर वो फिल्म में नहीं हैं

'टाइगर 3' में 'टाइगर वर्सज़ पठान' की नींव पड़ने से लेकर ज़ोया की डेथ और NTR के कैमियो की खबरों में कितनी सच्चाई?

Advertisement
pic
12 नवंबर 2023 (पब्लिश्ड: 05:09 PM IST)
tiger 3, salman khan, ntr jr. katrina kaif,
'टाइगर 3' के एक सीन में सलमान खान और कटरीना कैफ. तीसरी फोटो NTR Jr. की, जो फिल्म का हिस्सा बताए जा रहे थे.
Quick AI Highlights
Click here to view more

आज कल जब कोई फिल्म बननी शुरू होती है, तो मामला बड़ा सीक्रेट होता है. कोई नहीं चाहता कि रिलीज़ से पहले उसकी फिल्म के बारे में कुछ पता चले. इन मामलों में यशराज फिल्म्स दो कदम आगे रहती है. मगर फिर भी कई खोजी सिनेमा जर्नलिस्ट लोग फिल्म से जुड़ी भीतरखाने की खबरें रिलीज़ से पहले ही बाहर ले आते हैं. Tiger 3 को लेकर भी कई तरह की खबरें चली थीं. इनमें से कुछ फैन थ्योरीज़ पर आधारित थीं, तो असल न्यूज़ थीं. आज हम आपको उन चीज़ों के बारे में बताते हैं, जिनके 'टाइगर 3' में होने की बात कही गई थी. मगर पिक्चर देखने पर पता चला कि उसमें से आधी बातें फर्ज़ी थीं. 

1) 'टाइगर 3' से पड़नी थी 'टाइगर वर्सज़ पठान' की नींव

कई रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया गया कि 'टाइगर 3' स्पाय यूनिवर्स की बेहद ज़रूरी फिल्म है. क्योंकि इस यूनिवर्स का भविष्य इसी फिल्म से तय होगा. सलमान खान की इस फिल्म से 'वॉर 2' और 'टाइगर वर्सज़ पठान' की नींव पड़ने की बात कही गई थी. मगर ऐसा नहीं हुआ. 'वॉर 2' से तो फिर भी ये फिल्म किसी तरह जुड़ी हुई है. मगर 'टाइगर 3' देखकर कहीं भी ऐसा नहीं लगा कि इसकी कहानी 'टाइगर वर्सज़ पठान' से जुड़ सकती है. 'वॉर 2' वो फिल्म होगी, जिससे TvP की बात शुरू होगी. 

2) 'टाइगर 3' में किसकी मौत होने की बात थी?

ऐसा बताया जा रहा था कि 'टाइगर 3' में कटरीना कैफ के किरदार ज़ोया या उनके बेटे सरताज उर्फ जूनियर की मौत हो जाएगी. इस मौत का ज़िम्मेदार पठान को माना जाएगा. इसी वजह से टाइगर और पठान एक दूसरे के आमने-सामने आ जाएंगे. जिस पर 'टाइगर वर्सज़ पठान' नाम की फिल्म बनेगी. मगर 'टाइगर 3' में ऐसा कुछ नहीं हुआ. 

3) वरिंदर सिंह ग़ुमान, जो टाइगर और पठान से लड़ने वाले थे

रेस्लर और बॉडी बिल्डर वरिंदर सिंह ग़ुमान के 'टाइगर 3' में काम करने की खबर बहुत पहले ही आ गई थी. उनके किरदार के बारे में कहा गया था कि ये पाकिस्तान के उस जेल की सुरक्षा करेंगे, जिसमें टाइगर को कैद करके रखा गया है. जब टाइगर को छुड़ाने पठान आएगा, तो ये दोनों लोग मिलकर वरिंदर से लड़ेंगे. मगर फिल्म में ऐसा कुछ नहीं होता. वरिंदर सिंह ग़ुमान बमुश्किल फिल्म के एक सीन में नज़र आते हैं. हालांकि संभावनाएं ये भी हैं कि फिल्म में वरिंदर के सीन एडिट टेबल पर कट गए हों. मगर ये बात पुख्ता तौर पर नहीं कही जा सकती.

4) 'टाइगर 3' में दिखे NTR Jr.?

ये भी कहा गया था कि NTR जूनियर, 'वॉर 2' में विलन का रोल करने वाले हैं. कहा गया कि ये कैरेक्टर पहली बार 'टाइगर 3' में ही दिखाई देगा. खुद टाइगर उसे इंट्रोड्यूस करेगा. फिर पता चला कि 'टाइगर 3' में ऋतिक का कैमियो. उसके बाद ये खबर और पुख्ता लगने लगी कि वाकई सलमान, NTR Jr. के कैरेक्टर को अपनी फिल्म में लॉन्च करेंगे. मगर ऐसा कुछ नहीं हुआ. NTR Jr. का किरदार सीधे 'वॉर 2' में ही दिखाई देगा.

Advertisement

Advertisement

()