सलमान खान की 'टाइगर 3' को देखने की 4 वजहें
वैसे तो कोई भी फिल्म एक बार देखी ही जानी चाहिए, मगर पढ़िए Tiger 3 को सिनेमाघरों में देखने की 4 सबसे बड़ी वजहें.
.webp?width=210)
Salman Khan की Tiger 3 सिनेमाघरों में रिलीज़ हो चुकी है. सलमान की पिछली कुछ फिल्मों की क्वॉलिटी और टिकट खिड़की पर उनकी परफॉरमेंस कुछ खास नहीं रही थी. ऐसे में फैन्स को इस फिल्म का बड़ी बेसब्री से इंतज़ार था. बड़ी उम्मीदें थीं फिल्म से. हमने 'टाइगर 3' देख ली है. हम बता रहे हैं वो वजहें, जिनके लिए सलमान खान की ये फिल्म देखी जानी चाहिए.
1) 'टाइगर' के रोल में सलमान खान की वापसी
सलमान खान की आखिरी जिस फिल्म ने कायदे से फोड़ा था, वो थी 'टाइगर ज़िंदा है'. उसके बाद उनकी पांच-छह फिल्में आईं. मगर वैसा माहौल नहीं बना. फैन्स सलमान को अपने चिर-परिचित अंदाज़ में देखना चाहते थे. ये फिल्म उन्हें वो मौका देती है. कहा जाता है कि टाइगर वो कैरेक्टर है, जो सलमान की पर्सनैलिटी पर सबसे ज़्यादा सूट करता है. जिन लोगों ने इस फ्रैंचाइज़ को 'एक था टाइगर' से फॉलो किया है, उनके लिए ये फिल्म और खास है. क्योंकि पिछले 11 सालों में काफी कुछ बदल चुका है. उसके बावजूद भी टाइगर के लिए आपका प्रेम बचा हुआ है, तो ये किसी भी स्टार के लिए बहुत बड़ी बात है. 'टाइगर 3' आपको वो सब देगी, जो करते आप सलमान को देखना चाहते हैं.

2) फिल्म के धुआंधार एक्शन सीक्वेंसेज़
'टाइगर 3' में रिकॉर्ड 12 एक्शन सीक्वेंस हैं. फिल्म में सलमान खान की एंट्री से लेकर क्लाइमैक्स तक ये आपको फिल्म के साथ जोड़कर रखते हैं. इनमें से कुछ सीक्वेंस की झलक आपको ट्रेलर में भी मिली थी. फिल्म का एक सीन है, जिसमें सलमान एक PAL कोड चुराने के लिए घंटाघर के नीचे बने तहखाने में जाते हैं. वो सीक्वेंस धांसू बन पड़ा है. इसके अलावा घोड़ों के अस्तबल में सलमान और इमरान हाशमी के बीच जो सीक्वेंस है, वो भी थ्रिलिंग है. सलमान खान की पर्सनैलिटी ऐसी है कि उन पर एक्शन जमता है. इसलिए चाहे कितना भी ओवर द टॉप सीक्वेंस हो, वो सलमान को करते देख अटपटा या कम यकीनी नहीं लगता. 'टाइगर 3' में आपको ऐसा बहुत मटीरियल मिलेगा.

3) कटरीना कैफ की परफॉरमेंस
'टाइगर 3' सलमान की फिल्म है. लोग उन्हीं की वजह ये फिल्म देखने जाते हैं और जाएंगे. मगर आप इस फिल्म को देखते हुए सरप्राइज़ होंगे. क्योंकि 'टाइगर 3' में सलमान से बेहतर सीक्वेंस कटरीना कैफ के हिस्से आए हैं. जिस सफाई के साथ उन्होंने अपना काम किया है, वो एकदम हैरान करने वाला है. इससे पहले 'टाइगर ज़िंदा है' में भी उनका एक सीक्वेंस था, जिसमें वो एक बड़े से हॉल में ISIS के आतंकवादियों से लड़ती हैं और नेपथ्य में ज्योति नुरां की आवाज़ में 'तेरा नूर' गाना चल रहा होता है. प्लस कटरीना का कैरेक्टर ग्राफ इस स्पाय यूनिवर्स में सबसे ज़्यादा इंप्रेसिव है.
4) सलमान और शाहरुख की केमिस्ट्री
'पठान' में सलमान खान के बाद 'टाइगर 3' में शाहरुख खान का कैमियो. ये बात जगज़ाहिर है. शाहरुख का कैमियो उतना इम्पैक्टफुल नहीं है, जैसा सलमान का 'पठान' में था. मगर फिर भी ये फिल्म के सबसे एक्साइटिंग सीन्स में से एक था. 'टाइगर 3' में शाहरुख की एंट्री के वक्त सलमान के चेहरे पर जो मुस्कुराहट होती है, वो फिल्म में उनकी परफॉरमेंस का सबसे जेन्यूइन पार्ट है. इन दोनों सुपरस्टार्स की जो आपसी केमिस्ट्री है, उसमें आपको बीते 30-35 सालों की उतार चढ़ाव भरी दोस्ती नज़र आती है. 'शोले' से लेकर 'करण अर्जुन' के रेफरेंस के छिड़काव और वन-लाइनर्स की वजह से ये सीक्वेंस मज़ेदार बन पड़ा है.
'टाइगर 3' में सलमान खान के साथ कटरीना कैफ, इमरान हाशमी, रेवती, रणवीर शौरी, विशाल जेठवा, रिधि डोगरा और अनंत विधात जैसे एक्टर्स नज़र आते हैं. इस फिल्म को मनीष शर्मा ने डायरेक्ट किया है.

