'टाइगर 3' ने सुबह से दोपहर तक की कमाई में 'पठान' को पछाड़ दिया
सबसे कमज़ोर दिन पर रिलीज़ होकर भी Salman Khan की Tiger 3 जबरदस्त कमाई कर रही है. हालांकि शाम और रात के शोज़ में लक्ष्मी पूजन की वजह से Pathaan से बुरी पिछड़ेगी.

Salman Khan की Tiger 3 की कमाई को लेकर शुरुआती रुझान आने लगे हैं. दीवाली के दिन शाम 4 बजे तक फिल्म ने 35 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया था. ग्रॉस यानी इस कमाई में से अभी टैक्स नहीं कटा है. टैक्स कटने के बाद जो कमाई बचती है, उसे नेट कलेक्शन कहते हैं. 'टाइगर 3' का शाम 4 बजे तक का नेट कलेक्शन 27-28 करोड़ रुपए से ऊपर रहने वाला है. इसके बाद के शोज़ में फिल्म की कमाई में भारी गिरावट आने वाली है. क्योंकि शाम को देशभर में लक्ष्मी पूजन होगा.
दीवाली को सिनेमा के लिहाज से साल का सबसे कमज़ोर दिन माना जाता है. बावजूद इसके 'टाइगर 3' की परफॉरमेंस जबरदस्त रही है. इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk.com के मुताबिक इस फिल्म का पहले दिन का नेट कलेक्शन 40-45 करोड़ रुपए के आसपास रहने की संभावना है.
अगर 'टाइगर 3' की तुलना स्पाय यूनिवर्स की पिछली फिल्म 'पठान' से करें, तो दोनों फिल्मों के मॉर्निंग शोज़ में ज़्यादा फर्क नज़र नहीं आ रहा है. 'टाइगर 3' बस 'पठान' से 62 लाख रुपए कम रह गई है.
* 'पठान' ने पहले दिन मॉर्निंग शोज़ से 8 करोड़ रुपए कमाए थे.
* 'टाइगर 3' ने पहले दिन मॉर्निंग शोज़ से 7.38 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है.
* वहीं शाहरुख की पिछली फिल्म 'जवान' ने मॉर्निंग शोज़ से 10.16 करोड़ रुपए कलेक्ट किए थे.

अब बात दोपहर वाले शोज़ की, तो 'टाइगर 3' ने 'पठान' को पछाड़ दिया है.
* 'पठान' ने पहले दिन दोपहर के शोज़ से देशभर से 9.18 करोड़ रुपए कमाए थे.
* 'टाइगर 3' ने पहले दिन आफ्टर नून शोज़ से देशभर से 12.05 करोड़ रुपए पीट डाले हैं.

टोटल-
* ‘पठान’ ने शुरुआती दो शोज़ से पहले दिन 17.80 करोड़ रुपए कमाए थे.
* 'टाइगर 3' ने पहले दिन मॉर्निंग और दोपहर के शोज़ से 19.42 करोड़ रुपए कमा लिए हैं.
(ये दोनों ही फिल्मों का ग्रॉस कलेक्शन है. सभी आंकड़ें Sacnilk.com के मुताबिक.)
हालांकि 'पठान' ने जहां शाम और रात वाले शोज़ में बवाल काट दिया था, वहीं 'टाइगर 3' इन दोनों शोज़ में भयंकर तरीके से पिछड़ने वाली है. क्योंकि देशभर के अधिकतर हिस्सो में इस दौरान लक्ष्मी पूजन का कार्यक्रम होता है. अगर 'टाइगर 3' दिवाली की बजाय किसी और दिन रिलीज़ हुई होती, तो 'पठान' के 54 करोड़ रुपए की ओपनिंग का रिकॉर्ड आसानी से तोड़ देती.
'टाइगर 3' में सलमान खान के साथ कटरीना कैफ, इमरान हाशमी, रेवती, कुमुद मिश्रा, अनंत विधात, रिधि डोगरा और रणवीर शौरी जैसे एक्टर्स ने काम किया है. इस फिल्म को मनीष शर्मा ने डायरेक्ट किया है.

