लेडीज़ ब्यूटी पार्लर में ही मिलती हैं ये 10 तरह की लड़कियां
लड़कियां कहीं भी रहने जाएं. राशन-पानी की दुकानों से भी पहले. ढूंढे जाते हैं ब्यूटी पार्लर.
Advertisement

फोटो - thelallantop
Quick AI Highlights
Click here to view more
ब्यूटी पार्लर. एयरकंडीशन कमरा. बेहतरीन खुशबुएं. चमकते आईने. अरे, अरे, मैट्रिक्स या लॉरियाल पार्लर ना जाइये. बहुत महंगे होते हैं. पूरे महीने का बजट बिगाड़ देते हैं. गली के नुक्कड़ तक हो आइए. खुशबू ब्यूटी पार्लर. सपना सलून एंड स्पा. बजट वाले पार्लर. लड़कियां कहीं भी रहने जाएं. राशन-पानी की दुकानों से भी पहले. ढूंढे जाते हैं ब्यूटी पार्लर.

लोगों को लगता है जो भी लड़की पार्लर से निकलेगी, एकदम हिरोइन जैसी लगेगी. ज़ाहिर सी बात है. ये एक मिथ है. लेकिन एक सच्ची बात है. कुछ कैरेक्टर होते हैं. जो लगभग हर पार्लर में मिल जाते हैं. कई बार हू-ब-हू, कई बार मिलते-जुलते. पढ़िए ऐसे 10 कैरेक्टर्स के बारे में. और अगर आपका कोई टाइप हो, तो कमेंट बॉक्स में हमें बताइए.
1. नई-नवेली इंटर्न
ये लड़की कम मेकअप और कम कॉन्फिडेंस की वजह से तुरंत पहचान में आ जाएगी. घबराई सी होती है. क्लीनअप या आईब्रो करते वक़्त हाथ बिलकुल नज़ाक़त से चलते हैं. बहुत केयर दिखाती हैं. और आपको साइलेंट सिग्नल देती है कि मुझे यहां से बाहर निकाल लो.
2. फिलॉसफ़र आंटी
ये सबसे अनुभवी होती हैं. बाल सफ़ेद हो रहे होते हैं. अक्सर इनका तलाक हो चुका होता है. या ये अपने पति और सास से बहुत परेशान होती हैं. ज़िन्दगी के फलसफे बांटने में ये कभी कंजूसी नहीं करतीं. गाढ़ी सी लिपस्टिक. थोड़ी सी दांतों में भी लगी हुई. जब ये आपकी आईब्रो बना रही होंगी. या फेशियल कर रही होंगी. इनके हाथों से मूली के पराठों या गरम मसालों की महक आ जाएगी. चाहे ये आपको अटैंड कर रही हों या नहीं. ये आपसे खूब बातें करेंगी.कहां रहती हो. नौकरी कहां करती हो. कितना कमा लेती हो? मम्मी-पापा कहां रहते हैं? बॉयफ्रेंड है? वो क्या करता है? उसके पापा-मम्मी कहां रहते हैं. शादी कब करोगी? लड़कों पर ज्यादा भरोसा नहीं करना चाहिए. मैं तो अपने पति की जेब से 500-1000 रुपए निकाल लेती हूं. उसको बताती भी नहीं. सास के साथ तो कभी रहना ही नहीं चाहिए.बातें करते-करते कभी-कभी ये बाल थोड़े ज्यादा काट देती हैं. या आईब्रो टेढ़ी-मेढ़ी कर देती हैं.
3. चुलबुली सेल्स गर्ल
छुटकी सी लड़की. कम हाइट की. दुबली-पतली. बबली सी. चहक-चहक कर खूब हंसती है. और आपकी एकदम जिगरी दोस्त बन जाती है. इसी दोस्ती के मारे वो आपको सबसे स्पेशल ऑफर देती है. जो ऑफर उसने कभी किसी को नहीं दिए होते. मिनिमम पैसों में आपको पेडीक्योर, मैनीक्योर, वैक्स, क्लीनअप सब. और उसके साथ आईब्रो और अपरलिप्स मुफ्त, मुफ्त, मुफ्त.
4. टीवी में घुसी रहने वाली दीदी
हर पार्लर में एक टीवी होता है. पार्लर की हर कुर्सी का मुंह टीवी की तरफ ही घूमा रहता है. टीवी पर कुछ भी चल रहा हो. कोई भी सीरियल आ रहा हो. इन दीदी को सब पता होता है. आपके अंडरआर्म्स वैक्स करने से ज्यादा ध्यान इनका इस बात पर होता है कि इशिता और उसके पति में लड़ाई हो गई है. टीवी के चक्कर में ये अक्सर आपके शरीर पर गरम वैक्स चुआ देती हैं. आपके चिल्लाने का भी इन पर मिनिमम असर होता है. क्योंकि अब इनका फेवरेट वाला सीरियल शुरू होने वाला होता है.
5. संदिग्ध बिकिनी वैक्स प्रमोटर
ये एक ही पीस होती हैं. इनके जन्म लेने का कुल एक उद्देश्य होता है. पार्लर आने वाली हर लड़की 'बिकिनी वैक्स' करवा ले. आप मना कर दो. वो आपको 72 कारण गिनवा देंगी कि क्यों ये इतना ज़रूरी है. और बिकनी वैक्स ना करवा कर आप अपनी ज़िन्दगी में क्या खो रहे हैं. कई बार इनसे थोड़ी घबराहट भी होती है. मतलब आखिर क्यों ये सिर्फ 'बिकिनी वैक्स' के पीछे पड़ी हैं.
6. पार्ट-टाइम रिसेप्शनिस्ट
ये मॉडल या एयरहोस्टेस बनना चाहती हैं. एक बड़े ब्रेक के इंतज़ार में हैं बस. तब तक पार्लर के रिसेप्शन पर काम कर रही हैं. हर वक़्त या तो मेकअप करती हैं. या फ़ोन पर अपने बॉयफ्रेंड से लड़ती रहती हैं.
7. लिपी-पुती मालकिन
चाहे कित्ता भी छोटा सा पार्लर हो. दीवारों पर कुछ सर्टिफिकेट लगे ही होते हैं. बेस्ट मेकअप, बेस्ट हेयरड्रेसर टाइप के. साथ में पार्लर की मालकिन की फ़ोटोज़ भी होती हैं. जावेद हबीब के साथ. अक्सर शॉर्ट कुर्ते और चिपकी हुई पैन्ट्स में पाई जाती हैं ये मालकिन. इनके बाल रोड रोलर से स्ट्रेट किए होते हैं. चेहरे पर फाउंडेशन इतना लगा होता है कि उतने में बारात की सारी औरतें सज लें. डार्क, टपकती हुई लिपस्टिक. और झउवा भर के काजल. एकदम अलग नज़र आ जाती हैं.
8. भइया जी स्माइल
हर पार्लर में एक लड़का होता है. अक्सर वो मालकिन का बेटा या देवर होता है. कभी भी पार्लर में आ सकता है. पार्लर में काम करने वाली सारी लड़कियां इन भैया की दीवानी होती हैं. जैसे ही वो लड़का आता है, सब चहक उठती हैं. भइया आ गए, भइया आ गए. और आनन-फानन में पार्लर के सारे पर्दे गिरा दिए जाते हैं. लड़कियां खुद को ढंकने लगती हैं. जैसे भइया का दूसरा नाम बवंडर हो.
9. जलकुकड़ी बाला
इनका काम है जलना. और अगर चेक करना हो कि आपके पल्ले कोई जलंतू पड़ी है या नहीं, तो बस उनसे कह दीजिए. 'वो जो दूसरी दीदी हैं न, उनका हाथ अभी सेट नहीं है.' और बस ये चालू हो जाती हैं. आधे पार्लर की बुराई कर डालेंगी. जस्टिफाई करेंगी कैसे उनको यहां काम करते हुए 4 साल हो गए. इसलिए वही बेस्ट हैं.
10. खतरनाक खाला
एक तरफ पार्लर की सारी औरतें. और दूसरी तरफ ये एक वाली दीदी. बाकी लोग जहां पूरा टाइम कचर-पचर में लगे रहते हैं. एक लड़की एकदम चुप रहती है. उसके चेहरे पर कोई एक्सप्रेशन नहीं होते. पत्थर वाली आंखें. खींच-खींच कर वैक्स करती है. बेरहमी से आईब्रो बनाती है. पूरे टाइम आप सोचते ही रह जाओ. क्या इसके पीरियड्स चल रहे हैं? बॉयफ्रेंड से लड़ाई हुई है? ब्रेकअप हुआ है? किस बात का गुस्सा ये हमारे बालों पर उतार रही है? जितनी देर आप पार्लर में हैं. आप इसी कोशिश में लगे रहेंगे कि इस लड़की की मिस्ट्री सुलझा सकें.

