The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • The Dhurandhar 2 Scene That Left Audiences Stunned Kept Udaybir Sandhu Awake for Three Nights

'धुरंधर 2' के जिस सीन ने दर्शकों को शॉक कर दिया, उसे करने वाला एक्टर तीन रात तक सो नहीं पाया

"घर की याद नहीं आई जस्सी?"

Advertisement
pic
26 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 04:48 PM IST)
udaybir sandhu, ranveer singh, dhurandhar 2,
'धुरंधर 2' ने केवल 7 दिनों में एक हजार करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए हैं.
Quick AI Highlights
Click here to view more

"घर की याद नहीं आई जस्सी?" 

Dhurandhar 2 में पिंडा ने बाथरूम में जैसे ही ये बात कही, हम्ज़ा अली मज़ारी और दर्शक, दोनों का कलेजा मुंह को आ गया. लोग इंटरवल के लिए भागे और उल्टे पांव वापस आ गए. इस चक्कर में कि कहीं ब्रेक के बाद उनसे कुछ मिस न हो जाए. सही मायनों में देखा जाए, तो फिल्म का सबसे जबरदस्त प्लॉट ट्विस्ट इसी सीन में था. इसने केवल ऑडियंस को ही नहीं, इसमें नज़र आए एक्टर Udaybir Sandhu की भी नींदें उड़ा दी थी.

सावधान, आगे स्पॉयलर्स हैं!

अगर आपने 'धुरंधर 2' नहीं देखी, तो यहीं रुक जाइए क्योंकि आगे भयंकर स्पॉइलर है. तो बात कुछ ऐसी है कि उदयबीर ने फिल्म में जसकीरत यानी रणवीर के लंगोटिया यार गुरबाज़ सिंह उर्फ़ पिंडा का रोल किया है. बाद में जसकीरत घर-परिवार से दूर भारत का जासूस हम्ज़ा अली मज़ारी बनकर पाकिस्तान चला जाता है. लगभग बीस साल बाद, जब वो कराची का किंग बन चुका है, उसे पंजाब में किसी से ड्रग डील करना पड़ता है. अब उसकी किस्मत ऐसी फूटी कि उससे डील करने कोई और नहीं बल्कि उसके बचपन का दोस्त पिंडा आता है.  

शुरुआत में उसे देखकर हम्ज़ा का कलेजा सूख जाता है. मगर पिंडा इतने नशे में था कि पहचान ही नहीं पाता कि सामने उसके बचपन का दोस्त जसकीरत खड़ा है. दोनों अपने-अपने लेवल पर इधर-उधर की बातें करते हैं. फिर होती है रात और ज़बरदस्त पार्टी. पार्टी के बीच पिंडा को लगती है लघुशंका. हम्ज़ा उसे टॉयलेट ले जाता है, जो सही मायनों में उसके पिछले घर से भी डेढ़ गुना बड़ा है. वहां हम्ज़ा एक तरफ़ मुड़कर मुंह धोने लगता है. दूसरी तरफ़ आदत से मजबूर पिंडा नशे करने लगता है. नशे करते हुए ही वो हम्ज़ा से पूछता है- "घर की याद नहीं आई जस्सी?" 

इसके बाद क्या होता है, वो जानने के लिए आपको फिल्म देखना होगा. सब कुछ हम ही बता देंगे, तो आदित्य धर ने पिक्चर क्यों बनाई! बहरहाल, उदयबीर ने फरीदून शहरयार को दिए इंटरव्यू में इस सीन की बैकस्टोरी बताई है. वो कहते हैं,

"मैं तीन रात तक सोया नहीं था. हम तीन दिनों तक उस बाथरूम वाले सीन की शूटिंग कर रहे थे. मैं उस दौरान बिल्कुल भी सो नहीं पाया. पहली रात तो मुझे नर्वसनेस के कारण नींद नहीं आई थी. ये पिंडा के कैरेक्टर के काम आ गया क्योंकि हमें ऐसा दिखाना था, जैसे वो नशे में है. लेकिन उस सीन के बाद मैं अगली दो रात सो ही नहीं पाया. जब मैंने आदित्य सर से पूछा कि क्या मैंने ठीक किया है. तो उन्होंने मुझसे कहा कि तुम्हें पता भी नहीं कि तुमने क्या किया है."

फिल्म में पिंडा का कैरेक्टर लिमिटेड सीन्स में नज़र आता है. मगर उसके लिए उदयबीर को काफ़ी फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन करना पड़ा था. एक बार उन्हें 40 साल का नज़र आने के लिए अपना वजन 15 किलो बढ़ाना पड़ा. फिर 20 साल का नज़र आने के लिए उन्होंने इतना ही वजन घटाना भी पड़ा. रिपोर्ट्स हैं कि फिल्म के कई अन्य कैरेक्टर्स की तरह पिंडा का किरदार भी एक रियल लाइफ इंसान से प्रेरित है.

udaybir
हरविंदर सिंह संधू उर्फ़ रिंडा (बाएं), उदयबीर संधू (पिंडा)

लोग ये कह रहे हैं कि उदयबीर का कैरेक्टर रियल लाइफ गैंगस्टर और आतंकी हरविंदर सिंह संधू उर्फ़ रिंडा पर आधारित है. दोनों के नाम ही नहीं बल्कि लुक भी एक-दूसरे से मिलते जुलते हैं. रिंडा का कनेक्शन टेरर ऑर्गेनाइजेशन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से रहा है. उसे भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर ड्रग्स और हथियार स्मगल करने के लिए जाना जाता है. कई मीडिया रिपोर्ट में ये दावा किया गया था कि रिंडा की मौत 2022 में पाकिस्तान के एक हॉस्पिटल में ड्रग ओवरडोज़ से हुई थी. इस बात को किसी ने ऑफिशियली तो कन्फर्म नहीं किया. मगर लोग दावा कर रहे हैं कि आदित्य ने अपनी कहानी में थोड़े फेर-बदल के साथ उसका इस्तेमाल कर लिया है. फिर से पीक डिटेलिंग बाय आदित्य धर.

वीडियो: पाकिस्तानी नेता ने 'धुरंधर' देख कहा था राकेश बेदी का किरदार उनसे प्रेरित, 'धुरंधर 2' में भेद खुला!

Advertisement

Advertisement

()