'गदर 2', OMG 2 मंडे को कितनी कमाई करेंगी?
'गदर 2' ने अब तक 135.18 करोड़ रुपए और OMG 2 बॉक्स ऑफिस पर 43.56 करोड़ रुपए का बिज़नेस कर चुकी है.

फिल्मी दुनिया से जुड़ी छोटी-बड़ी खबरों को एक साथ एक जगह पढ़ना चाहते हैं तो सही जगह पधारे हैं. नीचे पढ़िए सिनेमा से जुड़ी आज की बड़ी खबरें.
1. 'गदर 2' ने पहले वीकेंड कमाए 135 करोड़ रुपए
सनी देओल की फिल्म 'गदर 2' भयंकर कमाई कर रही है. फिल्म की कमाई ने शुरुआती तीन दिनों में ही 135 करोड़ रुपए का आंकड़ा छू लिया है. पहले संडे को मूवी ने 52 करोड़ रुपए कमाए. 40 करोड़ की ओपनिंग लेने वाली 'गदर 2' ने अब तक 135.18 करोड़ रुपए कमा लिए हैं.
2. OMG 2 ने तीन दिनों में कमाए 45 करोड़ रुपए
अक्षय की OMG 2 भले ही 'गदर 2' के साथ रिलीज़ हुई हो मगर इसकी कमाई में उछाल आता ही जा रहा है. सेक्स एजुकेशन पर बात करती OMG 2 को भी लोग पसंद कर रहे हैं. मूवी ने पहले संडे को 17.5 करोड़ रुपए कमाए. OMG 2 बॉक्स ऑफिस पर 43.56 करोड़ रुपए का बिज़नेस कर चुकी है.
3. 4 दिनों में रजनीकांत की 'जेलर' 150 करोड़ पार
रजनीकांत की फिल्म 'जेलर' चार दिनों में 150.6 करोड़ रुपए कमा चुकी है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले दो से तीन दिनों में ये फिल्म 200 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी. वैसे 'जेलर' का रिव्यू भी हमने किया है. जिसे आप हमारे चैनल पर देख सकते हैं.
4. 'जवान,' आईमैक्स और 4DX में होगी रिलीज़
खबर आ रही थी कि शाहरुख खान की 'जवान' फिल्म को 4D में रिलीज़ किया जाएगा. लेकिन बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक 'जवान' का 2D वर्जन ही ओवरसीज़ मार्केट में उतारा जाएगा. इसके अलावा इंडिया में इसे आईमैक्स और 4DX वर्जन में देख सकेंगे.
5. विवादों के चलते TIFF से हटाई गई 'पंजाब 95'
दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'पंजाब 95' को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्रीमियर किया जाना था. मगर बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक जसवंत सिंह खालड़ा की इस बायोपिक पर हो रहे विवाद की वजह से इसे TIFF में नहीं दिखाया जाएगा. फिल्म का नाम लाइन-अप से हटा दिया गया है. वैरायटी की रिपोर्ट के मुताबिक ऑर्गनाइज़र्स पर पॉलिटिकल फोर्स था जिसकी वजह से फिल्म को फेस्टिवल में अब नहीं दिखाया जाएगा.
6. 'गदर 2', OMG 2 मंडे को तगड़ी कमाई करेंगी
'गदर 2' और OMG 2 की कमाई को लेकर बज़ बना है. मगर दोनों ही फिल्में तब पास होंगी जब वो मंडे टेस्ट में सही नंबर्स पा लें. पहले वर्किंग डे पर ये तय होगा कि फिल्म लोगों को कितनी पसंद आ रही है. वैसे मंडे के एडवांस टिकट के आंकड़ें बता रहे हैं कि मंडे को दोनों ही फिल्में अच्छी खासी कमाई करेंगी. पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक मंडे के लिए 'गदर 2' की 5.10 लाख टिकटें बिक चुकी हैं. बताया जा रहा है कि मंडे को 'गदर 2', 33 करोड़ रुपए कमा सकती हैं. वहीं OMG 2 की मंडे के लिए 1.30 लाख एडवांस टिकटें बिक चुकी हैं. ये पहले सोमवार को 11 करोड़ रुपए की कमाई कर सकती है.
वीडियो: दी सिनेमा शो: अक्षय कुमार और पंकज त्रिपाठी की फिल्म OMG 2 देखकर आए लोगों ने सोशल मीडिया पर क्या लिखा

