'लियो' ने रिलीज़ से पहले 500 करोड़ कैसे कमाए?
थलपति विजय की फिल्म 'लियो' कॉलीवुड के इतिहास की सबसे ज़्यादा प्री-रिलीज़ प्रॉफिट कमाने वाली फिल्म हो गई है. ट्रैक टॉलीवुड की रिपोर्ट के मुताबिक 'लियो' का बजट 300 करोड़ रुपए है.
.webp?width=210)
सिनेमा की खबरों का पूरा लेखा-जोखा आपको नीचे पढ़ने को मिल जाएगा. पढ़िए आज की बड़ी और ज़रूरी खबरें.
# मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लौटीं नुसरत
इज़रायल और फिलिस्तीन के बीच हो रही जंग के बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरुचा इज़रायल में फंस गई थीं. लेकिन अब एक्ट्रेस सुरक्षित मुंबई लौट आई है. मुंबई के एयरपोर्ट से उनका वीडियो सोशल मीडिया पर फैल रहा है.
#'डार्लिंग्स' की डायरेक्टर बनाएंगी मधुबाला की बायोपिक
'डार्लिंग्स' की डायरेक्टर जसमीत के रीन जल्द ही अपने अगले प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने वाली हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक वो मधुबाला की बायोपिक बनाएंगी. पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक फिलहाल ये प्रोजेक्ट राइटिंग स्टेज पर है.
# हंसल-प्रतीक के शो की शूटिंग शुरू होगी
हंसल मेहता और प्रतीक गांधी जल्द ही महात्मा गांधी पर एक शो लाने वाले हैं. जिसकी शूटिंग इस महीने से शुरू होगी. ये शो रामचंद्र गुहा का किताब 'गांधी बिफोर इंडिया' और 'गांधी-द ईयर्स दैट चेंज्ड द वर्ल्ड' पर बेस्ड होगी.
#शाहिद कपूर ने अनीस की फिल्म इसलिए छोड़ी
शाहिद कपूर, अनीस बज़्मी के साथ फिल्म करने वाले थे. मगर बाद में उन्होंने फिल्म छोड़ दी. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक शाहिद चाहते थे कि अनीस स्क्रिप्ट में कुछ बदलाव करें. कुछ एक्शन सीन्स जोड़े मगर अनीस इन बदलावों के लिए नहीं मानें. यही वजह थी कि शाहिद ने ये फिल्म छोड़ दी.
#'लियो' को रिलीज़ से पहले ही 200 करोड़ का मुनाफा
थलपति विजय की फिल्म 'लियो' कॉलीवुड के इतिहास की सबसे ज़्यादा प्री-रिलीज़ प्रॉफिट कमाने वाली फिल्म हो गई है. ट्रैक टॉलीवुड की रिपोर्ट के मुताबिक 'लियो' का बजट 300 करोड़ रुपए है. जबकि इसने रिलीज़ से पहले थिएट्रिकल राइट्स डील और नॉन-थिएट्रिकल बिज़नेस में 500 करोड़ रुपए कमा लिए हैं. अगर इसमें से 300 करोड़ रुपए बजट का निकाल दिया जाए, तो फिल्म को रिलीज़ से पहले ही 200 करोड़ रुपए का प्रॉफिट हो चुका है. अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि लोकेश कनगराज और थलपति विजय की फैन फॉलोइंग की वजह से इस फिल्म की कमाई भी छप्पर फाड़ होने वाली है.
# नीरज पांडे की 'स्पेशल ऑप्स 2' की शूटिंग शुरू
नीरज पांडे की मशहूर सीरीज़ 'स्पेशल ऑप्स' के तीसरे सीज़न की शूटिंग शुरू हो चुकी है. जिसे 'स्पेशल ऑप्स 2' बुलाया जा रहा है. नीरज ने सेट से एक वीडियो शेयर करके इसकी अनाउंसमेंट की.
# 'स्कूप' को मिला एशिया कंटेंट अवॉर्ड्स
नेटफ्लिक्स की सीरीज 'स्कूप' और करिश्मा तन्ना को दक्षिण कोरिया के बुसान में एशिया कंटेंट अवार्ड्स और ग्लोबल ओटीटी अवार्ड्स 2023 में सर्वश्रेष्ठ एशियाई टीवी सीरीज का अवॉर्ड दिया गया. 'स्कूप' मुंबई के एक अखबार की स्टार क्राइम रिपोर्टर जागृति पाठक की कहानी है. हंसल मेहता के डायरेक्शन में बना ये शो जिग्ना वोरा की बुक 'बिहाइंड द बार्स इन भायखला: माई डेज़ इन प्रिज़न' से प्रेरित है.

