टीवी के फेमस शो 'तू तू मैं मैं' का सीक्वल आएगा?
सुप्रिया पिलगांवकर और रीमा लागू के इस सिटकॉम को बहुत ज़्यादा पसंद किया जाता था.

फिल्मी दुनिया से जुड़ी खबरों को एक साथ एक जगह पढ़ना चाहते हैं तो सही जगह पधारे हैं. नीचे नज़र डालिए आज की बड़ी खबरों पर.
1. अक्षय चार महीने में पूरी करेंगे 'स्काई फोर्स' की शूटिंग
अक्षय कुमार ने अपनी अगली फिल्म की शूटिंग के लिए चार महीने की कमिटमेंट दे दी है. पीपिंगमून की रिपोर्ट के मुताबिक दिनेश विजन की फिल्म 'स्काई फोर्स' की शूटिंग के लिए अक्षय ने चार महीने का समय दिया है. 09 मई से फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है. इसे गुजरात, पंजाब, राजस्थान और असम में शूट किया जाएगा. फिल्म में अक्षय एयरफोर्स ऑफिसर बनेंगे. वो बहुत सारे एक्शन सीन्स करते भी दिखेंगे.
2. सुपरनेचुरल थ्रिलर फिल्म में साथ दिखेंगे अजय-माधवन
अजय देवगन और आर माधवन, विकास बहल की अगली फिल्म में दिखाई देने वाले हैं. बताया जा रहा है कि ये गुजराती फिल्म 'वश' का हिंदी रीमेक होगी. इस सुपरनेचुरल थ्रिलर मूवी में एक्ट्रेस ज्योतिका दिखाई देंगी. जो करीब 20 साल बाद हिंदी फिल्मों में वापसी करने जा रही हैं. फिल्म का टाइटल फिलहाल तय नहीं किया गया है. इसकी शूटिंग जून से शुरू होगी.
3. ओटीटी पर आएगा फेमस शो 'तू तू मैं मैं' का सीक्वल
टीवी का फेमस शो 'तू तू मैं मैं' ओटीटी पर रिलीज़ होने वाला है. सीरियल के डायरेक्टर सचिन पिलगांवकर ने न्यूज़ 18 को दिए इंटरव्यू में बताया कि इस शो के सीक्वल पर वो लोग काम कर रहे हैं. जिसे ओटीटी के लिए बनाया जाएगा. इस बार सुप्रिया पिलगांवकर बहू नहीं बल्कि सास बनेंगी.
4. फरहान अख्तर ने 'डॉन 3' की स्क्रिप्टिंग पूरी कर ली
शाहरुख खान की फिल्म 'डॉन 3' बन रही है. प्रोड्यूसर रितेश सिधवानी ने खुद इस बात को कंफर्म किया है. रितेश ने अब बताया कि फरहान फिल्म की कहानी लिख रहे हैं. उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी को लेकर उनको कोई जानकारी नहीं है. ये पहला मौका है जब किसी ऑफिशियल सोर्स ने खुद कुबूल किया है कि ‘डॉन 3’ बनेगी.
5. विकी-सारा की 'ज़रा हटके, ज़रा बचके' का ट्रेलर आया
लक्ष्मण उतेकर के डायरेक्शन में बनी सारा अली खान और विकी कौशल की अपकमिंग फिल्म 'ज़रा हटके, ज़रा बचके' का ट्रेलर आ गया है. ये एक रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म है. जो 02 जून को थिएटर्स में रिलीज़ होगी.
6. हंसल मेहता की सीरीज़ 'स्कूप' का ट्रेलर आ गया है
हंसल मेहता की सीरीज़ 'स्कूप' का ट्रेलर आ गया. क्राइम-थ्रिलर इस सीरीज़ में करिश्मा तन्ना एक जर्नलिस्ट के रोल में होंगी. ये सीरीज़ जर्नलिस्ट जिगना वोरा की लिखी बायोग्राफी ‘Behind the Bars in Byculla पर बेस्ड है. करिश्मा तन्ना सीरीज़ में जिगना का किरदार निभाएंगी. इसे 02 जून से नेटफ्लिक्स पर देख सकेंगे.
वीडियो: दी सिनेमा शो: रणबीर कपूर एनिमल में हिंसक रोल करने वाले हैं, खून खराबे वाला ये सीन होगा हाईलाइट

.webp?width=60)

