सलमान की SVC63 के एक्शन सीन 'एनिमल' वाले बनाएंगे!
वामसी इस फिल्म में सलमान को देसी, खूंखार, बेरहम अंदाज़ में दिखाने की तैयारी कर रहे हैं .

क्या Salman Khan और Vamshi Paidipally की SVC63 से Animal और Pushpa वाले भी जुड़ गए हैं? क्या Sunny Deol की Gabru reshoot होगी? Allu Arjun की Raaka में क्या Deepika Padukone का स्क्रीन टाइम घटा दिया गया है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
# SVC63 के लिए 'एनिमल' वाले तैयार कर रहे खूंखार एक्शन सीन!
सलमान खान की एक्शन थ्रिलर SVC63 का मुहूर्त 18 अप्रैल को हुआ. 22 अप्रैल को मेकर्स ने सेट पर सलमान के आने का वीडियो पोस्ट किया. डायरेक्टर वामसी पैडिपली और प्रोड्यूसर दिल राजू सहित पूरी यूनिट यहां मौजूद थी. शूट शुरू होते ही फिल्म से जुड़े नए अपडेट्स, नई थ्योरीज़ सामने आ रही हैं. सलमान के डबल रोल वाली थ्योरी के बाद, अब इसके म्यूजिक, एक्शन, सेट डिज़ाइन और डायलॉग्स को लेकर बड़े नाम सामने आए हैं. फैन्स ये पढ़ कर लहालोट हो रहे हैं, कि सलमान की इस फिल्म के एक्शन सीन 'एनिमल' के एक्शन कोरियोग्राफ़र सुप्रीम सुंदर डिज़ाइन कर रहे हैं. चूंकि वामसी पैडिपली सलमान को इस फिल्म में देसी और ख़तरनाक अंदाज़ में दिखाना चाहते हैं. इसलिए सुप्रीम सुंदर सलमान के लिए इंटेंस एक्शन सीक्वेंस तैयार कर रहे हैं. वो उन्हें 'एनिमल' से भी वायलेंट एक्शन मोड में प्रेज़ेंट करेंगे. ऐसे अवतार में, जिसमें आज तक किसी ने सलमान को नहीं देखा. और इसीलिए सलमान अपने फिज़ीक पर ख़ासी मेहनत कर रहे हैं. अब आते हैं फिल्म के म्यूजिक पर. कहा जा रहा है कि फिल्म का BGM और गाने अलग-अलग म्यूजिक डायरेक्टर्स तैयार करेंगे. इनमें 'पुष्पा' वाले देवी श्री प्रसाद (DSP) और 'गुंटूर कारम' वाले थमन एस. के साथ साजिद खान का नाम भी पढ़ने में आ रहा है. 'वंस अपॉन अ टाइम इन मुंबई' के स्क्रीनराइटर रजत अरोड़ा इसके डायलॉग लिख रहे हैं. थलपति विजय की फिल्म 'कत्थी' वाले शोबी मास्टर इसके गाने कोरियोग्राफ कर रहे हैं. 'एनिमल' और 'स्पिरिट' के प्रोडक्शन डिज़ाइनर सुरेश सेल्वाराजन इसके सेट डिज़ाइन करेंगे. हर नाम बड़ा है. और फैन्स इन्हें पढ़ कर उत्साहित हैं. मगर ये सोशल मीडिया पर हो रही चर्चाएं हैं. मेकर्स ने इस बारे में अभी कोई स्टेटमेंट नहीं दिया है.
# दिसंबर में रिलीज़ होगी 'द रिंग्स ऑफ पावर 3'
वेब शो 'द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स: द रिंग्स ऑफ पावर' के तीसरे सीज़न के बारे में ख़बर थी कि ये 2027 में आएगा. मगर दी हॉलीवुड रिपोर्टर की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक ये इसी साल दिसंबर में रिलीज़ होगा. इस सीज़न में एक बड़ा लीप देखने को मिलेगा. चार्ली विकर्स और रॉबर्ट अरामायो इसमें लीड रोल में हैं. इनके साथ इस नए सीज़न में जैमी कैम्पबेल और एडी मार्सन को भी कास्ट किया गया है.
# ज़ॉम्बी कॉमेडी फिल्म करेंगे टाइगर-शनाया
टाइगर श्रॉफ बैक टु बैक फिल्में साइन कर रहे हैं. 'लग जा गले' और 'वज्र' पहले ही उनके लाइन अप में हैं. और उनके एक और फिल्म से जुड़ने की ख़बर आ रही है. वैरायटी इंडिया के मुताबिक फिरोज़ नाडियाडवाला ने उन्हें एक ज़ॉम्बी कॉमेडी फिल्म के लिए साइन किया है. और टाइगर के ऑपोजिट शनाया कपूर को लिया है. इसे अहमद खान डायरेक्ट करेंगे.
# 'स्पिरिट', 'कल्कि 2' के बाद 'राका' से भी दीपिका आउट?
दीपिका पादुकोण अल्लू अर्जुन की फिल्म 'राका' की फीमेल लीड हैं. हाल ही में उन्होंने सेकेंड प्रेग्नेंसी अनाउंस की. और तभी से सोशल मीडिया पर कयासों के दौर शुरू हो गए. कहा जा रहा है कि इस ख़बर के बाद मेकर्स ने 'राका' में दीपिका का रोल छोटा कर दिया है. ये बात भी कही जा रही है कि मेकर्स उन्हें 'राका' से रिप्लेस करने का मन बना चुके हैं. जैसे ही इन बातों ने तूल पकड़ा, मेकर्स ने सफ़ाई दी. फिल्म से जुड़े एक ऑफिशियल ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए स्टेटमेंट में कहा,
"सब कुछ प्लान के हिसाब से चल रहा है. दीपिका अहम किरदार निभा रही हैं. प्रेग्नेंसी के दौरान दीपिका राका के इंटेंस एक्शन सीक्वेंस कर रही हैं. वो इसी कंडीशन में पूरी फिल्म शूट करेंगी. प्रोडक्शन टीम उन्हें लेकर तमाम सावधानियां बरत रही है."
# सही नहीं बनी सनी देओल की 'गबरू', रीशूट होगी
सनी देओल स्टारर की 'गबरू' पोस्टपोन हो गई है. ये 8 मई को रिलीज़ होने वाली थी. मगर तीन दिन पहले बॉलीवुड हंगामा ने रिपोर्ट किया कि मेकर्स ने रिलीज़ डेट पोस्टपोन कर दी है. अब इसकी वजह सामने आ रही है. मिड-डे के मुताबिक फिल्म के कुछ एक्शन सीक्वेंसेस से मेकर्स संतुष्ट नहीं हैं. वो इन्हें रीशूट करेंगे. रिपोर्ट के मुताबिक अब 'गबरू' जून या जुलाई में रिलीज़ होगी. इस फिल्म में सलमान खान ने भी एक्सटेंडेड कैमियो किया है.
# 12 जून को रिलीज़ होगी मनोज बाजपेयी की 'गवर्नर'
मनोज बाजपेयी की नई फिल्म अनाउंस हुई है. 'गवर्नर: द सायलेंट सेवियर'. मेकर्स ने इसका फर्स्ट लुक जारी करने के साथ रिलीज़ डेट भी अनाउंस कर दी है. ये 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. इसे विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है. और चिन्मय मंडलेकर इसके डायरेक्टर हैं.
वीडियो: 'कल्कि-2' और 'स्पिरिट' से दीपिका पादुकोण क्यों बाहर हुईं?

