The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • SVC63: Salman Khan Nayanthara starts promo shoot, Extreme Violent Face off will be the highlight!

सलमान की SVC63 का गेम प्लान पता चल गया, फेस ऑफ, लव ट्राएंगल सब सामने आ गया!

SVC63 के टाइटल प्रोमो का शूट शुरू हो गया है. लीड्स के बीच तगड़े क्लैश से होगी शुरुआत.

Advertisement
pic
1 मई 2026 (पब्लिश्ड: 08:03 PM IST)
Salman Khan, Nayanthara SVC63
सलमान खान की SVC63 अगले साल ईद पर रिलीज़ होगी.
Quick AI Highlights
Click here to view more

क्या Vamshi Paidipally की SVC63 में Salman Khan और Nayanthara के बीच फेस ऑफ होगा? क्या सलमान ने Raj & DK की Superhero Film को हरी झंडी दे दी है? Riteish Deshmukh की Raja Shivaji में सलमान खान के कैमियो पर पब्लिक कैसे रिएक्ट कर रही है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:

# SVC63 का प्रोमो शूट शुरू, कसीनो में खून-खराबा करते दिखेंगे सलमान!

हाल ही में ख़बर आई थी कि सलमान खान की SVC63 का टाइटल अनाउंसमेंट एक ज़बर्दस्त प्रोमो वीडियो के साथ किया जाएगा. अब ख़बर है कि प्रोमो की शूटिंग शुरू हो गई है. सोशल मीडिया पर पढ़ने में आ रहा है कि प्रोमो के लिए मुंबई के SRPF ग्राउंड पर एक लैविश कसीनो का सेट तैयार किया गया है. बताया जा रहा है कि 'एनिमल' और 'स्पिरिट' के प्रोडक्शन डिज़ाइनर सुरेश सेल्वाराजन ने इसे तैयार किया है. और इसी से मेकर्स फिल्म का टोन सेट करेंगे जो डार्क और वायलेंट है. प्रोमो में सलमान को इस कसीनो में दुश्मनों से फाइट करते दिखाया जाएगा. एक पोस्ट के मुताबिक प्रोमो में सलमान और नयनतारा के बीच ज़बर्दस्त फेस ऑफ होगा. और बाद में कहानी लव ट्राएंगल में तब्दील होगी. इस पोस्ट के मुताबिक सलमान इस सीक्वेंस में वायलेंट एक्शन करते दिखेंगे. उनके लिए देसी और इंटेंस फाइट सीक्वेंस डिज़ाइन किए गए हैं. और इन्हें तैयार किया है 'एनिमल' के एक्शन कोरियोग्राफ़र सुप्रीम सुंदर ने. SVC63 के डायरेक्टर वामसी पैडिपली सलमान को इस फिल्म में ऐसे अवतार में दिखाना चाहते हैं, जो पहले किसी ने ट्राय नहीं किया. और इसकी शुरुआत वो प्रोमो से ही करने वाले हैं. धुआंधार BGM के लिए 'पुष्पा' के म्यूजिक डायरेक्टर देवी श्री प्रसाद (DSP) और 'गुंटूर कारम' वाले थमन एस. का नाम पढ़ने में आ रहा है. मगर ये सोशल मीडिया पर हो रही चर्चाएं हैं. मेकर्स ने इस बारे में अभी कोई स्टेटमेंट नहीं दिया है.  

# ज़ैक क्रेगर की 'रेसिडेंट इविल' का ट्रेलर आया

सर्वाइवल हॉरर वीडियो गेम फ्रैंचाइज़ 'रेसिडेंट इविल' पर ज़ैक क्रेगर ने इसी टाइटल से फिल्म बनाई है. इसका ट्रेलर रिलीज़ किया गया है. फिल्म की थीम वीडियो गेम जैसी ही है, मगर कहानी अलग है. ज़ैक क्रेगर की 'वेपंस' में काम कर चुके ऑस्टिन एबरैम्स इसमें लीड हैं. वो मेडिकल कुरियरमैन के रोल में हैं. यही किरदार अपने सर्वाइवल की जद्दोजहद करता नज़र आएगा. फिल्म में ज़ैक चेरी, काली रीस और पॉल वॉल्टर हॉसर ने भी काम किया है. ये फिल्म 18 सितंबर को रिलीज़ होगी.

# राज & डीके के साथ सलमान की सुपरहीरो फिल्म कन्फर्म!

सलमान खान फैन्स के लिए बड़ी और अच्छी ख़बर है. 'दी फैमिली मैन' के मेकर्स राज & डीके के साथ सलमान खान की सुपरहीरो फिल्म कन्फर्म हो गई है. पिंकविला के मुताबिक सलमान अक्टूबर से इसकी शूटिंग शुरू करेंगे. ये एक्शन कॉमेडी फिल्म बताई जा रही है. इसमें सलमान एक ऐसे सुपरहीरो का रोल करेंगे, जो अब रिटायर होना चाहता है. नॉर्मल ज़िंदगी जीना चाहता है. मगर हालात उसे चैन से रहने नहीं देते. सलमान पहली बार सुपरहीरो के रोल में पर्दे पर आएंगे. फिल्म की फीमेल लीड की तलाश अब भी जारी है.

# जुलाई में शुरू होगा सुकुमार-राम चरण की फिल्म का शूट

'पुष्पा' के डायेक्टर सुकुमार राम चरण को लेकर फिल्म बनाने जा रहे हैं. पिछले कुछ महीनों से इसकी लिखाई का काम चल रहा है. तेलुगु 360 के मुताबिक इसका फाइनल ड्राफ्ट लगभग तैयार हो चुका है. मिड मई में फिल्म का पूरी स्क्रिप्ट का नरेशन होगा. और अगस्त-सितंबर में इसकी शूटिंग शुरू होगी. रिपोर्ट के मुताबिक सुकुमार इस फिल्म में राम चरण को यूनीक लुक में दिखाना चाहते हैं. इसलिए 'पेद्दी' के रिलीज़ के बाद राम चरण ब्रेक लेंगे और अपने ट्रांसफॉर्मेशन पर काम करेंगे. मैत्री मूवी मेकर्स जल्द ही ये फिल्म ऑफिशियली अनाउंस करेगी.

# 'राजा शिवाजी' में सलमान के लुक पर फैन्स लहालोट

केसरिया पोशाक, पगड़ी, कुंडल, बड़ी-बड़ी मूंछें, माथे पर तिलक और हाथ में तलवार. सलमान खान इस अंदाज़ में पहले कभी नज़र नहीं आए. मगर आज 1 मई को रिलीज़ हुई रितेश देशमुख की 'राजा शिवाजी' में वो इसी रंग में दिखे. इस फिल्म में उन्होंने कैमियो किया है. किरदार है वीर मराठा योद्धा और शिवाजी के अंगरक्षक जीवाजी म्हाले का. फिल्म में उनकी ग्रैंड ड्रामैटिक एंट्री के वीडियो-फोटो इंटरनेट पर वायरल हैं. पब्लिक को सलमान का ये लुक पसंद आ रहा है. लोग कह रहे हैं- 'पूरी फिल्म एक तरफ़. भाई की एंट्री एक तरफ़'. इस फिल्म में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, भागयश्री, फ़रदीन खान, विद्या बालन और अमोल गुप्ते ने भी काम किया है. रितेश ही इसके डायरेक्टर हैं.

# 'पगलैट 2' कन्फर्म, अगस्त में शुरू होगा शूट

सान्या मल्होत्रा स्टारर नेटफ्लिक्स फिल्म 'पगलैट' का सीक्वल कन्फर्म हो चुका है. वैरायटी इंडिया के मुताबिक सान्या मल्होत्रा सीक्वल में वापसी कर रही हैं. अभी ये स्पष्ट नहीं है कि सीक्वल पिछली फिल्म का ही कंटिन्यूएशन होगा या नहीं. मगर सीक्वल को भी उमेश बिष्ट ही डायरेक्ट कर रहे हैं. 

वीडियो: सलमान की SVC63 में होगा ‘एनिमल’ से भी खतरनाक एक्शन?

Advertisement

Advertisement

()