'ताली' का पोस्टर शेयर किया, कमेंट बॉक्स भद्दी बातों से भर गया
सुष्मिता सेन खुद को लकी मानती हैं कि उन्हें ये सीरीज़ मिली.

सुष्मिता सेन की एक सीरीज़ आने वाली है. नाम है 'ताली'. सीरीज़ में सुष्मिता ट्रांसजेंडर बनी हैं. वो ट्रांसजेंडर एक्टिविस्ट श्रीगोरी सावंत का रोल प्ले करेंगी. फर्स्ट लुक आने के बाद से ही लोग सुष्मिता के लुक की तारीफ कर रहे हैं लेकिन कुछ खाली लोग ऐसे भी हैं, जिन्होंने सुष्मिता को ट्रोल करना शुरू कर दिया. उन्हें चिढ़ाना शुरू कर दिया. इन ट्रोलिंग पर सुष्मिता सेन ने अब बात की है.
सुष्मिता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 'ताली' का लुक शेयर किया था. जिसके बाद कॉमेंट बॉक्स में लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया. न्यूज़ 18 से बात करते हुए सुष्मिता ने कहा,
''सबसे पहले मैंने 'ताली' का पोस्टर शेयर किया था. जिसमें मेरा आधा चेहरा दिख रहा है और मैं ताली बजा रही हूं. मुझे याद है कि मेरे कमेंट सेक्शन में बिना नाम वाले लोग लगातार मुझे 'छक्का' बुला रहे थे. मेरे दिमाग में बस यही चल रहा था कि वो मेरे साथ ऐसा कैसे कर सकते हैं.''
सुष्मिता ने बताया कि इन सारे कमेंट्स को पढ़कर वो गुस्सा भी हुईं और दुखी भी. उन्हें महसूस हुआ कि ट्रांसजेंडर कम्युनिटी को किस तरह का व्यवहार सहना पड़ता है. सुष्मिता ने कहा,
''मैं इस चीज़ को बहुत पर्सनली तरीके से ले रही थी क्योंकि ये सारी चीज़ें मेरी टाइमलाइन पर हो रही थीं. मैंने उन सभी ट्रोल्स को ब्लॉक करना शुरू कर दिया. फिर मेरे दिमाग में चलने लगा कि मेरे साथ ऐसा तब हो रहा है जब मैं सिर्फ गौरी सावंत का रोल प्ले कर रही हूं. गौरी और उनके जैसे सभी लोगों के साथ ऐसा रोज़ होता होगा.''
सुष्मिता ने कहा कि वो इस बात के लिए बहुत खुश हैं कि इस सीरीज़ के माध्यम से उन्हें ये पता चला कि ट्रांसजेंडर्स को रोज़ाना किस दर्द से गुज़रना पड़ता है. वो आगे कहती हैं,
''मैं अपनी किस्मत को शुक्रिया कहती हूं कि ये रोल मुझे ऑफर हुआ. मैं उन लोगों की भी शुक्रगुज़ार हूं जो मुझे प्यार करते हैं. अगर इसी प्यार को ट्रांसजेंडर कम्युनिटी तक पहुंचाने का मैं माध्यम बनती हूं तो मैं खुद को बहुत लकी मानती हूं. वो इस प्यार को डिज़र्व करते हैं. हम इस चीज़ को बहुत देर से महसूस कर पाए हैं कि सभी बातों से इतर वो एक इंसान हैं. और इसी सोच को और लोगों के दिमाग तक पहुंचाने का प्रयास मैंने 'ताली' में किया है.''
कौन हैं गौरी सावंत
'ताली' सीरीज़ गौरी सावंत की ज़िंदगी से इंस्पायर्ड हैं. वो ट्रांसजेंडर एक्टिविस्ट हैं. जो ट्रांसजेंडर लोगों के अधिकारों की बात करती हैं. गौरी खुद का NGO चलाती हैं जिसका नाम है 'सखी चार चौघी'. ये संस्था ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को नौकरी ढूंढने में मदद करती है.
'ताली' सीरीज़ पर लौटें तो इसे रवि जाधव बना रहे हैं. जो इससे पहले 'नटरंग', 'न्यूड' और 'बालक पालक' जैसी फिल्में बना चुके हैं. 'ताली' को 15 अगस्त से जियो सिनेमा पर देख सकेंगे.
वीडियो: सुष्मिता सेन को आया था हार्ट अटैक, इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर क्या बताया?

