The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Sunny Deol starrer Gadar is re-releasing on 9th June before Gadar 2

सनी देओल की 'गदर' फुल गाजे-बाजे के साथ दोबारा रिलीज़ होने जा रही है

'गदर' को दोबारा रिलीज़ करने के लिए जितनी तैयारी की गई, उतनी नई फिल्मों के साथ भी नहीं होती. इसे 4K फॉरमैट में मल्टीप्लेक्स के साथ सिंगल स्क्रीन्स में भी रिलीज़ किया जाएगा.

Advertisement
gadar, sunny deol, ameesha patel,
'गदर- एक प्रेम कथा' के एक गाने में अमीषा पटेल और सनी देओल.
pic
श्वेतांक
17 मई 2023 (Updated: 17 मई 2023, 07:09 PM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

Sunny Deol की Gadar दोबारा रिलीज़ होने जा रही है. ओरिजिनली ये फिल्म 15 जून, 2001 को सिनेमाघरों में लगी थी. अब इसका दूसरा भाग आ रहा है. मगर मेकर्स चाहते हैं कि Gadar 2 से जुड़ा कुछ भी रिलीज़ करने से पहले पुरानी वाली 'गदर' को रिलीज़ किया जाए. पिछली पीढ़ी ने तो 'गदर' को देखा और कल्ट बना दिया. मगर मेकर्स का फोकस इस फिल्म को नई जेनरेशन से जोड़ने पर है. इसलिए 'गदर- एक प्रेम कथा' 9 जून को दोबारा देशभर के सिनेमाघरों में उतर रही है.

पिंकविला ने सूत्रों के हवाले से बताया कि ये फिल्म सनी देओल को भी बड़ी प्यारी है. इसलिए टीम चाहती है कि इसकी विरासत को सेलीब्रेट किया जाए. मगर 'गदर' को वैसे रिलीज़ नहीं किया जाए, जैसे किसी अन्य फिल्म को रिलीज़ किया जाता है. इसलिए फिल्म को बढ़िया से झाड़ा-पोछा गया है. एक टेक्निकल टीम ने मिलकर इसका 4K फॉरमैट तैयार किया है. विज़ुअल्स को दोबारा से चमकाया गया है. और इसके साउंड में भी कुछ बदलाव किए गए हैं. ताकि ये आज की फिल्मों की तरह लगे. डेटेड नहीं लगे.

एक इंट्रेस्टिंग बात और है. अमूमन क्या होता कि पुरानी फिल्मों को सिर्फ मल्टीप्लेक्स में रिलीज़ किया जाता है. मगर 'गदर' को ब्लॉकबस्टर बनाने में सिंगल स्क्रीन वाली जनता का बड़ा हाथ था. इसलिए इसे देशभर के मल्टीप्लेक्स के साथ चर्चित सिंगल स्क्रीन वाले थिएटर्स में भी रिलीज़ किया जाएगा. जल्द ही इसकी रिलीज़ स्ट्रैटेजी और थिएटर्स के नाम बताए जाएंगे. अभी प्लानिंग चल रही है.

ये तो हो गई पहली 'गदर' की बात. मेकर्स की तैयारी ये भी है कि जून में 'गदर 2' का टीज़र भी रिलीज़ किया जाए. संभावनाएं हैं कि 'गदर' की री-रिलीज़ प्रिंट के साथ 'गदर 2' का टीज़र अटैच किया जा सकता है. अगर ऐसा नहीं होता है, तो 15 जून को गाजे-बाजे के साथ 'गदर 2' का टीज़र रिलीज़ किया जा सकता है. क्योंकि 15 जून को 'गदर' की रिलीज़ को 22 साल पूरे हो जाएंगे. 

'गदर 2' साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है. इसे 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ किया जाएगा. फिल्म में सनी देओल के साथ अमीषा पटेल और उत्कर्ष शर्मा जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. ओरिजिनल फिल्म के कुछ गानों के रीमिक्स वर्ज़न सीक्वल में भी सुनने को मिलेंगे. मगर इस फिल्म को बहुत तगड़े बॉक्स ऑफिस क्लैश का सामना करना पड़ेगा. क्योंकि 11 अगस्त को ही रणबीर कपूर की 'एनिमल' रिलीज़ होनी है. 'एनिमल' का बज़ मार्केट में मज़बूत है. फिल्म की शूटिंग से जो भी क्लिप्स लीक हुई हैं, उनमें रणबीर कपूर धांसू लग रहे हैं. प्लस ये संदीप रेड्डी वांगा की पिक्चर है, जो बिना मिलावट के इमोशंस को दिखाने के लिए जाने जाते हैं. उनकी पिछली फिल्में 'अर्जुन रेड्डी' और उसकी हिंदी रीमेक 'कबीर सिंह' ने देशभर से झामफाड़ कमाई की थी. रणबीर वाली फिल्म उससे कहीं आगे की चीज़ लग रही है. 'एनिमल' में रणबीर के साथ अनिल कपूर, बॉबी देओल और रश्मिका मंदाना जैसे एक्टर्स भी काम कर रहे हैं. 

वीडियो: सनी देओल की गदर 2 में मेकर्स पुरानी फिल्म के म्यूजिक को भुनाना चाह रहे हैं?

Advertisement

Advertisement

()