नए संसद भवन में रखवाई गई सनी देओल स्टारर 'गदर 2' की स्क्रीनिंग
ये पहला मौका है, जब नए संसद भवन में कोई फिल्म दिखाई जाएगी.
.webp?width=210)
Sunny Deol की Gadar 2 की हर ओर चर्चा है. पैसे भी खूब कमा रही है. एक्टर के अलावा सनी सांसद भी हैं. ऐसे में उनके साथी सांसदों को फोमो फील हो रहा है. वो जानना चाहते हैं कि 'गदर 2' में ऐसा क्या है, जो इतना हल्ला कटा हुआ है. इसलिए उन लोगों के लिए नए संसद भवन में 'गदर 2' की स्क्रीनिंग रखवाई गई है. ताकि सभी MP लोग साथ में वो पिक्चर देख सकें.
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक 25 अगस्त को नए संसद भवन और लोक सभा में 'गदर 2' के कुल पांच शोज़ ऑर्गनाइज़ करवाए गए हैं. फिल्म की भयंकर सफलता को देखते हुए सब लोग बड़े उत्सुक हैं कि ये फिल्म किस बारे में है. इसलिए ज़ी स्टूडियोज़ से रिक्वेस्ट की गई कि वो पार्लियामेंट में फिल्म की स्क्रीनिंग रखवाएं. इसे बड़ा ऐतिहासिक मौका बताया जा रहा है. क्योंकि नए संसद भवन में पहली बार किसी फिल्म को दिखाया जा रहा है. हालांकि ये पता नहीं चल सका कि इस स्क्रीनिंग के दौरान सनी देओल या फिल्म के अन्य एक्टर्स भी मौजूद रहने वाले हैं या नहीं.
कुछ ही दिनों पहले 'गदर 2' की टीम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिली थी. सीएम योगी ने कास्ट के साथ फिल्म भी देखी. हालांकि इस मौके से भी सनी देओल नदारद रहे थे. इस स्क्रीनिंग में डायरेक्टर अनिल शर्मा और एक्टर्स उत्कर्ष शर्मा, सिमरत कौर ने हिस्सा लिया था.

'गदर 2' ने 24 अगस्त तक टिकट खिड़की से 418 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है. वहीं फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 550 करोड़ रुपए के पार जा चुका है. ऐसी उम्मीद जताई जा रही थी कि 'गदर 2' कमाई के मामले में शाहरुख खान की 'पठान' का रिकॉर्ड तोड़ सकती है. हालांकि अब इसकी संभावना बहुत कम लग रही है. क्योंकि नई फिल्मों की रिलीज़ के बीच 'गदर 2' की कमाई गिरने लगी है.
'गदर 2' में सनी देओल, अमीषा पटेल, उत्कर्ष शर्मा, सिमरत कौर, मनीष वाधवा और गौरव चोपड़ा जैसे एक्टर्स ने काम किया है. इस फिल्म को अनिल शर्मा ने डायरेक्ट किया है.
वीडियो: सनी देओल की गदर 2 दूसरे वीकेंड में सबसे ज़्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्म बन गई

