'एनिमल' का ट्रेलर देख सनी देओल बौराए, कहा - "बॉबी तुम्हारे एक्शन का इंतज़ार नहीं कर सकता"
'एनिमल' के ट्रेलर में बॉबी देओल आग उगल रहे हैं. चेहरा खून से सना, रणबीर के किरदार की हड्डियां चटका रहे हैं. बॉबी को पहले कभी ऐसे अवतार में नहीं देखा गया है.

Sandeep Reddy Vanga की फिल्म Animal का ट्रेलर आया है. इंटरनेट पर आग लगा के रख दी है. वांगा के सिनेमा से भले ही किसी को लाखों मतभेद हों लेकिन इसे नकारा नहीं जा सकता कि वो अपनी फिल्मों को लेकर पर्याप्त शोर मचा देते हैं. Ranbir Kapoor पहली बार ऐसे खूंखार अवतार में दिख रहे हैं. फिल्म के टाइटल को जीवंत करते दिख रहे हैं. उनके सामने एक और पशु है, जिसके सिर पर खून सवार है. ट्रेलर के एंड में बॉबी देओल आते हैं, जो कहानी के हीरो को उसकी जगह दिखा देते हैं. बॉबी ने माहौल टाइट कर दिया है. जनता के अलावा उनके भाई सनी देओल को भी फिल्म का बेसब्री से इंतज़ार है.
सनी ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का ट्रेलर शेयर किया. साथ में लिखा,
बॉबी, तुम्हें एक्शन करते हुए देखने का इंतज़ार नहीं कर सकता.
आलिया भट्ट ने भी फिल्म का ट्रेलर शेयर किया. उन्होंने कैप्शन में लिखा,
पूरा कैप्शन नहीं लिख सकती क्योंकि ट्रेलर को 7000वीं बार देखने में बिज़ी हूं. मेरा दिमाग घूम गया है. मुझे ये फिल्म देखने की ज़रूरत है. मतलब तुरंत. एनिमल: 01 दिसम्बर से सिनेमाघरों में आग लगाने आ रही है. तैयार हो जाइए.
रणबीर और बॉबी एक-दूसरे के सामने भयंकर लग रहे हैं. दोनों को देखकर लगता है कि सिर्फ शारीरिक हिंसा का ही शिकार नहीं हुए. उन पर हुई मानसिक हिंसा ने भी उन्हें किसी हिंसक पशु में तब्दील कर दिया है. फिल्म के प्री-टीज़र ने भी सही दिशा में हो-हल्ला मचाया था. वहां बॉबी एकदम एंड में नज़र आते हैं. उघड़े बदन कुछ चबा रहे होते हैं. हाथ में चाकू है. कुछ लोगों को अंदर कमरे में आने को कहते हैं. फिर इशारा किया गया कि बॉबी के किरदार ने उन लोगों को मार डाला. वो उस वक्त क्या चबा रहे थे, उसे लेकर भी इंटरनेट पर अनेकों थ्योरीज़ चली थीं.
इंटरनेट की जनता ने लिखा कि फिल्म में बॉबी एक कैनिबल यानी नरभक्षी बने हैं. वो किसी इंसान का ही मांस चबा रहे हैं. बॉबी ने जागरण फिल्म फेस्टिवल के दौरान अपने कैरेक्टर को लेकर एक हिंट ड्रॉप की थी. उन्होंने कहा था,
कुछ अलग किया है. इस बात से बड़ा एक्साइटेड हूं कि मैं अलग दिख रहा हूं और आप लोग ये जानना चाहते हैं कि मैं उस शॉट में क्या कर रहा हूं. मगर वो मैं आपको नहीं बता सकता. मगर मैं डेफिनेटली कुछ खा रहा हूं उस सीन में. कुछ चबा रहा हूं.
‘एनिमल’ के ट्रेलर से लग रहा है कि रणबीर का कैरेक्टर किसी भी तरह अपने पिता की वैलिडेशन चाहता है. पिता पर जानलेवा हमला होता है और वो अब बस बदला लेने निकल पड़ता है. उसी रास्ते में वो बॉबी के कैरेक्टर से टकराएगा. इन भैंसों की जंग में क्या होगा, ये फिल्म बताए तो ही बेहतर है.
वीडियो: 'एनिमल' में अपने किरदार को लेकर बॉबी देओल ने ये हिंट दे दिया

