'गदर 2' पर रिएक्शन देख सनी रोते रहे, धर्मेन्द्र से कहा, ‘डैड, मैं नशे में नहीं, ख़ुशी से पागल हो गया हूं'
सनी देओल ने 'गदर 2' को मास फिल्म कहकर नकारने वालों को कहा: आपको अकल नहीं है!
.webp?width=210)
Sunny Deol की फिल्म Gadar 2 ने तहलका काट रखा है. फिल्म ने पहले तीन दिनों में ही भारत में 135 करोड़ कमा लिए हैं. चौथे दिन भी फिल्म के 33 करोड़ कमाने का अनुमान है. ऐसे में फिल्म का सक्सेस प्रेस इवेंट रखा गया. यहां सनी देओल ने जनता को शुक्रिया कहा, और भी तमाम बातें कीं.
सबसे पहले तो उन्होंने ऑडियंस का धन्यवाद देते हुए कहा:
तारा सिंह को आपने फिर ज़िंदा कर दिया.
दरअसल इसमें सनी के दो आशय थे. पहला तो 'गदर' के बाद दोबारा उनके तारा सिंह के किरदार को खूब प्यार दिया. दूसरा ये कि करीब दो दशक बाद सनी की कोई ऐसी फिल्म आई है, जिसे हिट कहा जा सकता है. सनी देओल ने कहा कि वो 'गदर 2' करते समय बहुत नर्वस थे क्योंकि पहली वाली फिल्म एक कल्ट पिक्चर है और उस चीज़ को दोबारा करना सब बर्बाद कर सकता था. आगे सनी कहते हैं:
लेकिन जब उन्हें स्टोरी सुनाई गई, तो उन्हें सीक्वल के आइडिया में दम दिखा. बाक़ी सब इतिहास है.
सनी देओल ने कहा कि फिल्म की रिलीज के एक दिन पहले वो बहुत ज़्यादा घबराए हुए थे. लेकिन चीजें तब बेहतर होने लगीं, जब उन्हें बताया गया कि कैसे 'गदर 2' बॉक्स ऑफिस पर तूफान लाने के लिए तैयार है. सनी के सामने जब तस्वीर साफ़ हुई, तो वो अपनी हंसी और रोना नहीं रोक सके. उन्हें अपने अभिनेता पिता धर्मेंद्र को बताना पड़ा कि वह नशे में नहीं हैं. सनी के शब्द थे:
वास्तव में रिलीज से पहले मैं बहुत ज़्यादा तनाव में था, जैसे सब होते हैं. मैं हमेशा ईमानदारी के रास्ते पर चला हूं, जो कि सबसे कठिन रास्ता है. क्योंकि वहां आप अकेले होते हैं. लेकिन फिर जो जीत मिलती है, वो सबसे ज़्यादा मीठी होती है. इसलिए जब फिल्म शुरू हुई, तो मुझे अपने भीतर भगवान के होने का एहसास हुआ. मैं पूरी शाम रोता रहा, हंसता रहा. मैं अपने पिता को मिला और कहा, ‘डैड, मैं नशे में नहीं हूं. खुश हूं. मैं ख़ुशी से पागल हो गया हूं’. मैं निकला गड्डी लेके, एक मोड़ आया, उत्थे मेरे नाल मेरा रब आ गया.
सनी देओल ने क्लास और मास फिल्म के नाम पर मूवी को नकारने वालों को आड़े हाथों भी लिया.
मैं अपने फैन्स से वादा करता हूं. मैं ऐसी ही अच्छी फ़िल्में बनाने वाला हूं. वो कहते हैं, फिल्म्स फॉर 'मासेस'. इस शब्द से आपका मतलब क्या है? जनता तो जनता है, इसका मतलब हर कोई. आप उसको मास बोलकर नीचे कर रहे हो? आप बड़े हो? आपको अकल नहीं है. जो अपने आप को अलग करता है, उसको समझ नहीं है हिन्दुस्तान क्या है. अपने देश को समझिए, अपने घर को समझिए.
सनी ने आगे कहा:
हमें खुद पर काम करना चाहिए, अपने टैलेंट पर काम करना चाहिए. हमारे पास बहुत टैलेंट है, दुनिया हमसे चुराकर न जाने कहां पहुंच गई. उनकी नकल न करें, हमारे पास अपनी प्रतिभा है, आइए अपना खुद का कुछ बनाएं. लोग मुझसे कहते हैं, 'चलो वैसा ही एक सीन करते हैं'. और मुझे ऐसा लगता है कि क्यों? क्या हम कुछ नया नहीं सोच सकते?
सनी ने ये भी कहा:
'गदर' ने बहुत कमाल का बिजनेस किया था. 'गदर 2' का उसके करीब जाना ज़रूरी है. नहीं तो 'गदर' की इज्जत नहीं रहेगी.
'गदर 2' जैसी कमाई कर रही है, उसके अनुसार फिल्म अगले दो दिन में 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी.
वीडियो: सनी देओल की फिल्म गदर 2 ने शाहरुख की फिल्म को पीछे छोड़ा, तीसरे दिन सबसे ज़्यादा कमाई वाली फिल्म

