The Lallantop
Advertisement

सुनील ग्रोवर से पूछा गया कि कपिल शर्मा अपने शो पर बुलाते रहते हैं, सुनील ने कहा- 'पूछवा लो आप!'

अब इंटरनेट सुनील ग्रोवर का ये जवाब डिकोड करने में लगा है कि 'पूछवा लो' से सुनील का क्या मतलब है!

Advertisement
pic
7 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 7 अप्रैल 2023, 04:53 PM IST)
sunil grover, kapil sharma,
कपिल शर्मा शो के एक एपिसोड के दौरान कपिल और सुनील.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Sunil Grover इन दिनों Zee5 की सीरीज़ 'यूनाइटेड कच्चे' (United Kacche) में नज़र आ रहे हैं. इस सीरीज़ के एक प्रमोशनल इंटरव्यू के दौरान सुनील ग्रोवर ने Kapil Sharma के शो में वापसी से लेकर Shahrukh Khan की Jawan समेत कई मसलों पर बात की. सुनील से पूछा गया कि क्या वो The Kapil Sharma Show पर वापस जाना चाहेंगे. क्योंकि कपिल कई बार कह चुके हैं कि उनके शो पर सुनील का स्वागत है. इस पर सुनील ने कहा, पूछवा लीजिए फिर! 

हिंदुस्तान टाइम्स के साथ हुए इंटरव्यू में सुनील ग्रोवर ने बताया कि उनका शो 'यूनाइटेड कच्चे' पूरी तरह से लंदन में शूट हुआ है. इस पर उनसे सवाल पूछा गया कि वो पहली बार विदेश कब गए थे. इस पर सुनील ने पहली बार विदेश जाने का किस्सा बताया. वो कैनडा जा रहे थे. मगर उनकी फ्लाइट आधे रास्ते से वापस लौट आई. सुनील कहते हैं-

''मैं 18 साल की उम्र में पहली बार अब्रॉड गया. कैनडा. वो लंदन से कनेक्टिंग फ्लाइट थी. जब मैं वैंकूवर जा रहा था, तब फ्लाइट में एक बच्चा पैदा हो गया. जिसकी वजह से वो फ्लाइट आधे रास्ते से वापस आ गई. मुझे लगा क्या किस्मत है. पहली बार विदेश जा रहा हूं और यहां फंसा पड़ा हूं. मेरी सारी एक्साइटमेंट जाती रही. मैंने लंदन से कनेक्टिंग फ्लाइट भी मिस कर दी. जिसकी वजह से मैं डेढ़ दिन तक लंदन में फंसा रहा. वो मेरा प्लान नहीं था. मगर बोनस था. इसलिए मेरा पहला विदेश टूर इंग्लैंड का था.''

फिर उनसे पूछा गया कि कपिल शर्मा कई बार सार्वजनिक तौर पर कह चुके हैं कि उनके शो में आपका स्वागत है. तो क्या सुनील भी उनके साथ काम करना चाहते हैं. इस पर सुनील ने जो कहा, वो पूरा इंटरनेट डिकोड करने में लगा हुआ है. सुनील कहते हैं-

‘’पूछवा लो फिर आप! मैं इन दिनों बिज़ी चल रहा हूं. जो मैं कर रहा हूं, उसमें मज़ा आ रहा है. वो भी (कपिल शर्मा) व्यस्त हैं और अच्छा काम कर रहे हैं. मैंने अपना नॉन-फिक्शन वाला दौर एंजॉय कर लिया है. और फिलहाल मुझे फिक्शन वाला सेट-अप अच्छा लग रहा है. एक परफॉर्मर के तौर पर मुझे नए अनुभव हो रहे हैं. मज़ा आ रहा है. अभी तो कोई प्लान नहीं है (कपिल का शो जॉइन करने का).

जब सुनील से कहा गया कि कपिल ने उनका अपने शो में स्वागत होने की बात कही है, इस पर सुनील ने कहा कि 'फिर पूछवा लो आप'. इससे लोग ये मतलब निकाल रहे हैं कि सुनील ये कहना चाहते हैं कि क्या वाकई कपिल उनके साथ काम करने को तैयार हैं. या बस वो कह रहे हैं.

2017 मार्च में ऐसी खबरें आईं कि एक फ्लाइट पर कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर के बीच लड़ाई हो गई. शराब के नशे में धुत कपिल शर्मा ने सुनील ग्रोवर को गालियां दीं. ये भी कहा गया कि कपिल ने सुनील ग्रोवर के ऊपर जूता फेंक दिया था. उसके बाद से ही कपिल और सुनील के बीच मनमुटाव की खबरें आम हो गईं. सुनील ने कपिल का शो छोड़ दिया. तब से दोनों ने किसी शो पर साथ काम नहीं किया है. सुनील ने फिलहाल के लिए टीवी शोज़ करना बंद कर रखा है. वो 'यूनाइटेड कच्चे' के बाद शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' में दिखाई देने वाले हैं. 

वीडियो: मैटिनी शो: सुनील ग्रोवर को जब 'रिंकू भाभी' और 'गुत्थी' की याद आती है, तो क्या करते हैं?

Advertisement

Advertisement

()