सरकार का नया आदेश, हर फिल्म में अनिवार्य हुए सबटाइअल-ऑडियो डिस्क्रिप्शन
डायलॉग्स के बीच के गैप में सीन को बोल कर समझाएगा ऑडियो डिस्क्रिप्शन. स्क्रीन पर सिर्फ डायलॉग नहीं, साउंड इफेक्ट और बोलने वाले की पहचान भी लिखी जाएगी.

MIB के नए फ़रमान के तहत क्या अब सभी Indian Films में Audio Description Subtitles mandatory होंगे? Ranveer Singh की Dhurandhar 2 ने Paid Preview की Advance Booking मं कितनी कमाई कर ली है? Shaktiman Film में Ranveer Singh को किस एक्टर ने रिप्लेस किया है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
# 'धुरंधर 2' की धाक, रिलीज़ से पहले ही 60 करोड़ पार!
'धुरंधर 2' की अडवांस बुकिंग देश और विदेश, दोनों जगह धुआंधार स्पीड से चल रही है. हालांकि भारत में अभी सिर्फ इसके पेड प्रिव्यू की बुकिंग शुरू हुई है, जो 18 मार्च को होगा. भारत में इसके पेड प्रिव्यू के अब तक 4.8 लाख टिकट बिक चुके हैं. इससे ये फिल्म 24.76 करोड़ रुपये कमा चुकी है. अगर ब्लॉक्ड सीट्स को मिला लें, तो ये आंकड़ा 29.69 पहुंच जाता है. ये किसी भी इंडियन फिल्म का सबसे बड़ा पेड प्रीमियर होने जा रहा है. इससे पहले बीते साल पवन कल्याण की OG ने पेड प्रिव्यू से 25 करोड़ रुपये कमाए थे. 'धुरंधर 2' की स्पीड देख कर कहा जा सकता है कि इसके पेड प्रीव्यू की फाइनल अडवांस बुकिंग 35 से 40 करोड़ रुपए तक पहुंच सकती है. क्योंकि अभी इसमें 5 दिन का समय बाकी है. विदेशी बाज़ार में फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड के लिए 35 करोड़ रुपये की टिकटें बेच दी हैं. इसमें से 27 करोड़ रुपये तो अकेले अमेरिकी ऑडियंस से आए हैं. 'धुरंधर 2' के डोमेस्टिक और ओवरसीज़ अडवांस बुकिंग कलेक्शन को जोड़ें तो मेकर्स ने अबतक 64.69 करोड़ रुपये की टिकटें बेच डाली हैं. जबकि इंडिया में अभी सिर्फ पेड प्रीव्यू की अडवांस बुकिंग खुली है, पहली दिन की अडवांस बुकिंग शुरू भी नहीं हुई है.
# हर फिल्म में अनिवार्य हुए सबटाइअल-ऑडियो डिस्क्रिप्शन
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने एक बड़ा फ़ैसला लिया है. अब से हर फिल्म व सीरीज़ में सबटाइटल और ऑडियो डिस्क्रिप्शन अनिवार्य कर दिए गए हैं. ये नियम सिनेमाघरों और डिजिटल प्लैटफॉर्म्स, दोनों पर लागू होगा. और इसकी शुरुआत 15 मार्च से हो जाएगी. इस नई व्यवस्था के तहत हर फिल्म या सीरीज़ में ऑडियो डिस्क्रिप्शन (AD) और क्लोज्ड कैप्शन (CC) शामिल करना होगा. ऑडियो डिस्क्रिप्शन यानी एक ऑडियो ट्रैक जो डायलॉग्स के बीच के गैप में सीन को बोल कर समझाएगा. इस तरह दृष्टिबाधित दर्शक भी जान पाएंगे कि स्क्रीन पर क्या चल रहा है. वहीं क्लोज्ड कैप्शन स्टैंडर्ड सबटाइटल्स से अलग होंगे. इसमें स्क्रीन पर सिर्फ डायलॉग नहीं, बल्कि साउंड इफेक्ट और डायलॉग बोलने वाले की पहचान भी लिखी जाएगी. इस तरह वो लोग, जो सुन नहीं सकते, वो भी फिल्म के कथ्य को समझ पाएंगे. गाइडलाइंस के मुताबिक ये दोनों फीचर्स अब CBFC सर्टिफिकेशन के लिए अनिवार्य होंगे. यानी अब फिल्ममेकर्स को फिल्म के प्रिंट के साथ ऑडियो ट्रैक और क्लोज्ड कैप्शन भी सबमिट करने होंगे. ये मैंडेट पूरी भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए है.
# स्पीलबर्ग की 'डिसक्लोज़र डे' का ट्रेलर आया
स्टीवन स्पीलबर्ग की थ्रिलर फिल्म 'डिसक्लोज़र डे' का ट्रेलर आया है. एमिली ब्लंट और जोश ओ'कॉनर इसमें लीड रोल्स में हैं. एमिली इसमें अंतरिक्ष विज्ञान शास्त्री बनी हैं. और जोश ओ'कॉनर UFO व्हिसल ब्लोअर के कैरेक्टर में हैं. ट्रेलर में ये दोनों धरती पर एलियंस का हमला अनुभव करते हैं. जब लोगों को ये सच पता लगता है, तो विचित्र घटनाएं घटती हैं. ये फिल्म 12 जून 2026 को रिलीज़ होगी.
# 'शक्तिमान' में रणवीर को अल्लू अर्जुन ने रिप्लेस किया!
बेसिल जोसफ़ दूरदर्शन के प्रचलित सीरियल 'शक्तिमान' पर फिल्म बनाना चाह रहे हैं. इस फिल्म के लिए रणवीर सिंह उनकी पहली पसंद थे. मगर किन्हीं वजहों से ये फिल्म नहीं बन सकी. डेक्कन क्रॉनिकल के मुताबिक अब ये फिल्म अल्लू अर्जुन करेंगे. इस बारे में सूत्रों के हवाले से इस रिपोर्ट में लिखा गया,
"बेसिल जोसफ़ को बॉलीवुड में कई मुश्किलें पेश आईं. इनमें ईगो और बजट सबसे बड़ी परेशानियां रहीं. शक्तिमान को बॉलीवुड एक्टर के साथ बनाना एक बुरे सपने जैसा साबित हुआ."
इस फिल्म के बारे में अभी अल्लू अर्जुन या डायरेक्टर का स्टेटमेंट आना बाक़ी है.
# प्राइम वीडियो ने विजय की 'जन नायगन' से हाथ खींचा
थलपति विजय की फिल्म 'जन नायगन' एक और मुसीबत में पड़ गई है. इसके रिलीज़ पर बने हुए असमंजस के चलते एमेज़ॉन प्राइम वीडियो ने इसके साथ ओटीटी डील कैंसल कर दी है. प्लैटफॉर्म ने 120 करोड़ रुपये में 'जन नायगन' के डिजिटल राइट्स ख़रीदे थे. मगर अब ख़बर है कि रिलीज़ के बारे में अस्पष्टता के चलते उन्होंने इस करार से हाथ खींच लिया है. हालांकि इस बारे में फिलहाल प्लैटफॉर्म या मेकर्स का बयान नहीं आया है.
# आयुष्मान-सारा की फिल्म शूटिंग के अंतिम दौर में
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान एक स्पाय कॉमेडी फिल्म कर रहे हैं. करण जौहर और गुनीत मोंगा इसके प्रोड्यूसर्स हैं. बॉक्स ऑफिस वर्ल्डवाइड के मुताबिक फिल्म की शूटिंग अंतिम दौर में हैं. फिल्म का लार्ज स्केल सॉन्ग 'जय हिंद' शूट हो रहा है. इसमें 700 डांसर्स नज़र आएंगे. आकाश कौशिक के डायरेक्शन में बन रही ये फिल्म इसी साल जून या जुलाई में रिलीज़ होगी.
वीडियो: मुकेश खन्ना ने बताया शक्तिमान बहुत बड़ी फिल्म है, जिसे स्पाइडर मैन बनाने वाली कंपनी बना रही है

.webp?width=60)

