अनुराग कश्यप की हीरोइन 250 रुपये की साड़ी पहनकर रोती हैं - शान MU
Anurag Kashyap ने फिल्म इंडस्ट्री को फालतू खर्च पर ताना मारा था. अब उन्हें सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट ने जवाब दिया है.

बीते कुछ समय से Hindi Film Industry में एक बहस छिड़ी हुई है. मेकर्स का कहना है कि स्टार्स के एनटुराज का खर्चा इतना ज़्यादा होता है कि फिल्म का बजट कई गुणा बढ़ जाता है. Anurag Kashyap ने भी इस बारे में बात की थी. उन्होंने कहा कि कुछ स्टार्स के स्टाइलिस्ट लाखों-करोड़ों में चार्ज करते हैं. अब इंडस्ट्री के स्टाइलिस्ट Shaan Muttathil ने उन्हें जवाब दिया है. शान ने कहा कि अनुराग अपने एक बबल में रहते हैं, और उनकी फिल्मों में एक्टर्स को ग्लैमरस दिखने की कोई ज़रूरत नहीं होती.
Phitte Muh with Sik and Jas नाम के यूट्यूब चैनल से बात करते हुए शान ने कहा,
हर स्टाइलिस्ट को एक से दो लाख रुपये नहीं मिलते. हम में से सिर्फ 10 ही ऐसे हैं. ये वैसा ही है जैसे मैं अनुराग सर से कहूं कि आपकी फिल्म के लिए मुझे डेढ़ लाख रुपये चाहिए. सअबसे पहले तो मुझे उनकी तरफ से कॉल ही नहीं आएगा. मुझे उनका कॉल कभी नहीं आया, क्योंकि मैं समझ सकता हूं कि उनकी फिल्मों में मेकअप और हेयर की ज़रूरत नहीं होती. उनकी फिल्में किसी गांव में होती हैं जहां हीरोइन 250 रुपये की कॉटन वाली साड़ी पहनकर रोती है. वो एक अलग दुनिया है.
बता दें कि अनुराग कश्यप ने बॉलीवुड बबल को दिए इंटरव्यू में इस मसले पर बात की थी. उनका कहना था,
माहौल थोड़ा खराब हो गया है. ये ओटीटी आने के बाद से हो गया है. काम सब करते हैं और सब को काम के हिसाब से पैसे मिलने चाहिए. एक्टर्स को ज़्यादा पैसे मिलते हैं क्योंकि उनकी खराब फिल्म भी अच्छी ओपनिंग लेती है. आप सलमान खान को देखिए. उनकी खराब फिल्म को भी अच्छी ओपनिंग मिल ही जाती है. अगर आप फिल्म ओपन कर सकते हो तो पैसे ले लो. तो उसमें कोई दिक्कत नहीं है. पहले ऐसा ही था. अभी एक्टर्स से ज़्यादा प्रोड्यूसर्स भी गलती कर रहे हैं. प्रोड्यूसर्स स्टार्स को लेकर आते हैं. उनकी कोई भी डिमांड पूरी करते हैं. इस वजह से एक्टर का एनटुराज इतना बड़ा हो जाता है. एक आदमी जो हेयर और मेकअप करने आता है, वो 70 से 75 हज़ार रुपये लेता है. अगर आप उनकी कॉस्ट कैल्कुलेट करो तो कैमरामैन से ज़्यादा पैसा वो आदमी कमाता है जो आकर हीरो का पसीना पोंछता है. ये सिर्फ लोग इंडिया में और हॉलीवुड की कुछ बड़ी फिल्मों में झेलते हैं. बाकी और कहीं ये बर्दाश्त भी नहीं किया जाता.
अनुराग ने आगे कहा था कि इस सब का दोष एजेंट्स को जाता है. उन्होंने कहा कि एजेंट एक्टर्स से भी कमिशन लेते हैं, और दूसरी ओर उनके एनटुराज में मेकअप और स्टाइलिंग वाले लोगों से भी कमिशन लेते हैं. इस तरह वो लोग हर तरफ से पैसा बना रहे हैं. उन्होंने आगे जोड़ा कि इसी वजह से इंडस्ट्री की तबीयत खराब है. अगर सुधार करना है तो ये एजेंट वाला सिस्टम बदलना पड़ेगा.
वीडियो: अनुराग कश्यप ने जॉन अब्राहम को लेकर दिलचस्प बात बताई है

