The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • SS Rajamouli talks about making of RRR and casting of Ram Charan and NTR Jr in Late Night with Seth Meyers

राजामौली ने बताया, RRR में राम चरण और NTR Jr. को एक साथ कैसे और क्यों कास्ट किया

RRR की कास्टिंग के लिए राजामौली ने राम चरण और NTR Jr. को अपने घर बुलाया. दोनों एक-दूसरे को देखकर चौंक गए.

Advertisement
pic
12 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 12 जनवरी 2023, 07:42 PM IST)
rrr, rajamouli, ram charan, ntr jr.
RRR की शूटिंग के दौरान राजामौली. फिल्म की शुरुआती पूजा के दौरान राम चरण और NTR Jr.
Quick AI Highlights
Click here to view more

SS Rajamouli पॉपुलर अमेरिकन चैट शो Late Night with Seth Meyers पर पहुंचे थे. अगले दिन उनकी फिल्म ने Golden Globes अवॉर्ड जीत लिया. खैर, इस चैट शो पर राजामौली ने RRR की मेकिंग पर डिटेल में बात की. बताया कि फिल्म का टाइटल RRR कैसे और क्यों पड़ा. साउथ इंडियन सिनेमा के दो सबसे बड़े स्टार्स NTR Jr. और Ram Charan को अपनी फिल्म में साथ कैसे ले आए. और अमेरिका में फिल्म का जितना प्यार मिल रहा है, उस पर राजामौली का क्या रिएक्शन है.

10 जनवरी को एस.एस. राजामौली का यूएस चैट शो डेब्यू हुआ. उन्होंने Late Night with Seth Meyers पर बताया कि इंडिया में जब फिल्में रिलीज़ होती हैं, तो एक फेस्टिव माहौल बन जाता है. स्टार्स के फैंस रातभर बैठकर अखबरों के कतरन बनाते हैं. ताकि सिनेमाघर में हीरो की एंट्री के वक्त स्क्रीन पर उड़ा सकें. राजामौली बताते हैं-

''फैंस रात भर अखबरों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटते हैं. वो इन कतरनों की गड्डी लेकर सिनेमाहॉल में पहुंचते हैं. जैसे उनके फेवरेट स्टार का नाम स्क्रीन पर आता है, वो सारी कतरन हवा में उड़ा देते हैं. आपको पिक्चर दिखनी बंद हो जाती है. लोग इतनी ज़ोर से चिल्लाते हैं कि डायलॉग्स नहीं सुनाई पड़ते. प्रोजेक्ट ऑपरेटर, जिसे फिल्म की साउंड के साथ छेड़छाड़ करने की मनाही होती है, वो साउंड बढ़ाता है. फिर भी आवाज़ सुनाई नहीं देती.''

फिर राजामौली से पूछा गया कि उन्होंने RRR का एक्शन क्या सोचकर डिज़ाइन किया था. क्योंकि वो बहुत ज़्यादा बवाली हैं. सेथ मायर्स ने कहा कि वो अपने सपने में भी उस तरह की चीज़ें नहीं सोच सकते. इस पर राजामौली ने कहा-

''जैसे मैंने कतरन उड़ाने वाली बात बताई, वो तकरीबन सभी फिल्म स्टार्स की रिलीज़ के शुरुआती दिनों में होता है. मैं चाहता था कि जब मेरी फिल्म लोग 10वें, 11वें दिन भी देखने आएं, तो वैसे ही रिएक्ट करें. या मेरे देश के बाहर यूएस में भी लोगों को वो फिल्म देखकर मज़ा आए. मैं चाहता हूं ऑडियंस मेरी फिल्में देखकर हैरान हो जाए.''

फिर उनसे पूछा गया कि साउथ सिनेमा इंडिया के दो सबसे बड़े स्टार्स की कास्टिंग का आइडिया उन्हें कैसे आया. मगर उन्हें इस बात की क्लैरिटी क्वेंटिन टैरंटिनो की फिल्म 'इनग्लोरियस बास्टर्ड्स' देखने के बाद आई. अपने थॉट प्रोसेस पर बात करते हुए राजामौली कहते हैं-

''मैं हमेशा से एक मल्टी-स्टारर फिल्म बनाना चाहता था. सिर्फ स्टार्स नहीं, दो हीरो को साथ लाकर उनके साथ कुछ सीन बनाने का आइडिया था. कभी-कभी मैंने खुद को भी उस सीन में डालकर सोचता था. फिर मैंने क्वेंटिन टैरंटिनो की 'इनग्लोरियस बास्टर्ड्स' थिएटर में जाकर देखी. जब मैंने देखा कि हिटलर को मशीन गन से मार दिया गया, तो मैंने सोचा, ये तो कमाल है. हम सबको पता है कि वो ऐसे नहीं मरा था. मगर ये फिक्शन है. ये एक फिक्शनल फिल्म है और आप अपने हिसाब से चीज़ें कर सकते हैं.''

फिर राजामौली ने RRR में जूनियर NTR और राम चरण की कास्टिंग के पीछे का किस्सा बताया. उन्होंने कहा-

''मैंने पहले दोनों (NTR और राम चरण) के साथ काम किया है. वो फिल्में सफल रहीं. प्रोफेशनल रिलेशनशिप से इतर हमारी पर्सनल दोस्ती भी है. वो दोनों भी आपस में दोस्त हैं. इसलिए मैंने मल्टी-स्टारर फिल्म बनाने का सोचा. मुझे लगा कि अगर मैं उन दोनों में से किसी को भी कॉल करूंगा, तो मुझसे पहले एक-दूसरे को फोन कर देंगे. इसलिए मैंने उन दोनों को फोन करके अपने घर बुला लिया. उन्हें भी नहीं पता था कि वो दोनों वहां होने वाले हैं. मैंने उनको कहा कि मेरे पास एक आइडिया है, जो मैं तुम दोनों को एक साथ बता रहा हूं. मैं तुम दोनों के साथ एक मल्टी-स्टारर फिल्म करना चाहता हूं. क्या तुम दोनों उसमें काम करोगे? मैंने उनको स्टोरी नहीं बताई, न ही ये बताया कि मैं क्या बनाने वाला हूं. वो आइडिया काम कर गया.''  

RRR को विदेशों में खासकर अमेरिका में गज़ब का रिस्पॉन्स मिला है. आम जनता, तो आम जनता. बड़े से बड़े हॉलीवुड फिल्म एक्टर्स, राइटर्स और डायरेक्टर्स सोशल मीडिया पर फिल्म की तारीफ कर रहे. फिल्म के टिकट मिनटों में सोल्ड आउट हो जा रहे हैं. इस चीज़ से राजामौली कितने प्रभावित हैं. इसके जवाब में उन्होंने कहा-

''जो रिस्पॉन्स मिल रहा है, उसके लिए एक्साइटिंग बहुत छोटा शब्द है. हम सातवें आसमान पर हैं. मैं इंडिया और विदेशों में रहने वाले इंडियन लोगों के लिए फिल्में बनाता हूं. जब वेस्ट में हमारी फिल्म को अप्रिसिएशन मिलना शुरू हुआ, तो हमें लगा कि ये इंडियन लोगों को दोस्त हैं. जिन्होंने उनके साथ जाकर RRR देखी है. मगर फिर सेलेब्रिटीज़, राइटर्स, फिल्म डायरेक्टर्स और तमाम लोगों ने इसके बारे में ट्वीट करना शुरू कर दिया. इसके बाद फिल्म के वर्ड ऑफ माउथ ने जोर पकड़ लिया. फिर हमें लगा ये तो कुछ ज़्यादा हो रहा है. RRR जब नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई, तो लगातार 10 हफ्तों तक टॉप 10 लिस्ट में रही. जापान ने सबसे ज़्यादा पैसे कमाने वाली इंडियन फिल्म बनी.''

RRR. ये कूल है. मगर थोड़ा वीयर्ड टाइटल है. राजामौली ने अपनी फिल्म का नाम RRR क्यों रखा. इसके जवाब में राजमौली ने कहा जब उन्होंने ये फिल्म शुरू की, तब उनके दिमाग में इसके लिए कोई टाइटल नहीं था. मगर जब ये अनाउंस हो गया कि राजामौली, राम चरण और NTR जूनियर साथ काम कर रहे हैं, तब एक टाइटल देना ज़रूरी था. इसलिए उन्होंने अपने नाम के पहला अक्षर इस्तेमाल कर लिया. राजामौली का R, राम चरण का R और रामा राव का R. तो ऐसे फिल्म का टेंटेटिव टाइटल हुआ RRR. मगर फिर डिस्ट्रिब्यूटरों को ये नाम पसंद आ गया. फैंस ने भी इसे अच्छे से रिसीव किया. मगर मसला ये था कि सिर्फ RRR टाइटल नहीं हो सकता. उसका कुछ मतलब होना चाहिए. इसलिए अंग्रेज़ी और हिंदी में इसे RISE ROAR REVOLT कर दिया गया. ओरिजिनल यानी तेलुगु में RRR का मतलब हुआ- 'रौद्रम रणम रुधिरम'. तमिल में 'रत्तम रणम और रौतिरम'. 

RRR इंडिया में 25 मार्च, 2022 को रिलीज़ हुई. इस फिल्म ने दुनियाभर से 1200 करोड़ रुपए से ज़्यादा की कमाई. गोल्डन ग्लोब्स अवॉर्ड जीत लिया. ऑस्कर के लिए बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में शॉर्ट लिस्ट हो चुकी है.  

Advertisement

Advertisement

()