सुहाना खान ब्यूटी ब्रांड की एम्बैसेडर बनीं, लोग बोले- शाहरुख की बेटी होने का ये फायदा होता है
पब्लिक नाराज़ है कि शाहरुख खान की बेटी होने के अलावा सुहाना खान ने ऐसा क्या किया है, जो उन्हें पीवी सिंधु के बराबर खड़ा कर दिया गया.

Shahrukh Khan की बेटी हैं Suhana Khan. उनकी पहचान बदलने वाली है. क्योंकि उनकी पहली फिल्म The Archies आने वाली है. मगर उससे पहले ही सुहाना को मशहूर मेक-अप ब्रैंड Maybelline ने अपना ब्रैंड एम्बैसेडर बना दिया. 11 अप्रैल को इस इवेंट के दौरान सुहाना ने करियर में पहली बार मीडिया से बात की. मगर पब्लिक को मेबलिन का ये कदम सही नहीं लगा. क्योंकि सुहाना ने अपने करियर में (प्रोफेशनली) अब तक कुछ नहीं किया. उनकी इकलौती अचीवमेंट ये है कि वो एक सुपरस्टार की बेटी हैं. हालांकि एक तबका ये भी है कि जो सुहाना और मेबलिन का बचाव कर रहा है.
बीते दिनों NMACC लॉन्च के दौरान गौरी खान ने सुहाना को होस्ट VJ अनुषा से बात करने से रोक दिया था. वो नहीं चाहती थीं कि सुहाना का पहला मीडिया इंटरैक्शन ऐसे किसी इवेंट में हो. 11 अप्रैल को मुंबई में मेबलिन का जो इवेंट हुआ, वो खास था. क्योंकि सुहाना खान पहली बार पब्लिक प्लैटफॉर्म पर बात कर रही थीं. उन्होंने मेबलिन से अपने जुड़ने पर बात करते हुए कहा-
''हाय एवरीवन. मैं आप लोगों से दोबारा मिलने के लिए बहुत एक्साइटेड हूं. इस ऐड को शूट करते वक्त हमें बहुत मज़ा आया था. इसलिए मैं बहुत उत्साहित हूं, आप लोगों को वो दिखाने के लिए जो हमने फिल्माया है. मैंने मेबलिन के बहुत सारे प्रोडक्ट्स इस्तेमाल किए और अपने पास जमा किए थे. उनका उनके मस्कारा बहुत कमाल हैं. ऐसे में मेबलिन का ब्रैंड एम्बैसेडर बनना मेरे लिए सम्मान की बात है. मैं इस ब्रैंड का हिस्सा बनकर बेहद खुश हूं.''
सुहाना के अलावा मेबलिन ने नेशनल बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधु, सिंगर अनन्या बिड़ला और मॉडल एक्क्षा गुरंग को भी अपने ब्रैंड के साथ जोड़ा है. इस बात से जनता बहुत नाराज़ है. जब से सुहाना का ये वीडियो इंटरनेट पर आया है, लोग प्रिविलेज की रट लगाए बैठे हैं. हम आपको सुहाना के वीडियो पर आए कुछ कमेंट्स पढ़वाते हैं-
एक यूज़र ने लिखा-
''पीवी सिंधु के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी. जिस महिला ने अपना पूरा जीवन वहां पहुंचने में लगा दिया, जहां वो आज हैं. जो अपने जीवन के अधिकतर दिन बैडमिंटन कोर्ट पर प्रैक्टिस करने में बिताती हैं. सुहाना उनकी बराबरी में सिर्फ इसलिए खड़ी होंगी क्योंकि वो किसी बेटी हैं. वाह.''

दूसरी यूज़र लिखती हैं-
''एक स्टार किड को किसी फिल्म या गाने की रिलीज़ से पहले ही इतना बड़ा ब्रैंड एंडॉर्समेंट मिल गया. अब इससे ज़्यादा और क्या प्रूफ चाहिए कि एक्टर्स जो बाहर से बिना किसी फिल्मी फैमिली से आते हैं, उन्हें कितना स्ट्रगल करना पड़ता है.''

एक अन्य यूज़र ने लिखा-
''अगर प्रिविलेज शब्द की शक्ल होती, तो वो सुहाना जैसी दिखती. उन्होंने ऐसा कौन सा मेहनत का काम किया है, जो उन्हें एक ब्यूटी प्रोडक्ट का एम्बैसेडर बना दिया गया. ऐसा लग रहा है कि शाहरुख खान मेबलिन के एम्बैसेडर बने हैं. न उनकी कोई मूवी रिलीज़ हुई है, न कोई गाना. मगर अचानक से वो एक ब्यूटी प्रोडक्ट का चेहरा बन जाती हैं. ये बहुत बायस्ड तरीका है.''

सुहाना खान इसी साल ज़ोया अख्तर की फिल्म 'द आर्चीज़' से अपना हिंदी सिनेमा डेब्यू करने जा रही हैं. इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा, श्रीदेवी की छोटी बेटी खुशी कपूर और शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान काम कर रही हैं. इस फिल्म को सीधे नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ किया जाना है. ये फिल्म कब रिलीज़ होगी, इसकी घोषणा अब तक नहीं हुई है.
वीडियो: दी सिनेमा शो: NMACC से गौरी खान, सुहाना खान का वीडियो वायरल, ट्रोल होने के बाद VJ अनुषा की सफाई

