ईद 2027 सलमान की हुई, आख़िरकार पोस्टपोन हो गई प्रभास-वांगा की 'स्पिरिट'!
सलमान और नयनतारा की फिल्म SVC63 ईद 2027 पर 'स्पिरिट' से टकराने वाली थी. मगर प्रभास की वजह से बुरी तरह उलझ गई 'स्पिरिट'!

Salman Khan और Prabhas. दो बड़े और फैन फेवरेट स्टार्स. जब सलमान ने अपनी फिल्म SVC63 को अगले साल ईद पर लाने की घोषणा की, तो इन दोनों के बीच साल का सबसे बड़ा क्लैश तय हो गया. Sandeep Reddy Vanga की Spirit 5 मार्च, 2027 को आएगी. ये घोषणा जनवरी में ही हो गई थी. फिर 24 अप्रैल को सलमान ने अपनी Vamshi Paidipally वाली फिल्म की रिलीज़ डेट अनांउस कर दी. जो 9 मार्च के आसपास आ रही है. एक बार फिर सिनेमाघर मालिक स्क्रीन्स की मारामारी में उलझते. फिर दो बड़ी फिल्में एक-दूसरे की कमाई पर असर डालतीं. मगर ये सब होने से पहले ही एक बड़ी ख़बर आ गई. रिपोर्ट्स हैं कि प्रभास की ‘स्पिरिट’ पोस्टपोन हो गई है. अब ये फिल्म मार्च में नहीं आएगी. तेलुगु 360 के मुताबिक संदीप रेड्डी इसे उस दिन लाना चाहते हैं, जिस दिन Ranbir Kapoor स्टारर Animal आई थी. यानी 1 दिसंबर को. ये हर पक्ष के लिए राहत भरी ख़बर है. मगर ऐसा क्यों हुआ? वो ग़ौरतलब है.
इस रिपोर्ट के मुताबिक इसकी बड़ी वजह है प्रभास का एक साथ मल्टिपल प्रोजेक्ट्स पर काम करना. नतीजतन, सभी फिल्में अपनी तय डेडलाइन से पीछे चल रही हैं. फिलहाल उनकी तीन फिल्में फ्लोर पर हैं. ये हैं ‘स्पिरिट’, ‘फौजी’ और ‘कल्कि 2’. सबसे पहले ‘स्पिरिट’ की शूटिंग शुरू हुई थी. नवंबर में हैदराबाद के कोटी वुमंस कॉलेज में फिल्म के कुछ ज़रूरी सीन फिल्माए गए. मगर फिर शूट रुक गया, क्योंकि प्रभास ने ‘फौजी’ के लिए डेट्स दे रखी थीं. इसी दौरान उन्होंने ‘कल्कि 2’ के लिए मई की बल्क डेट्स दे दीं. अब चूंकि वो डेट्स कमिट कर चुके थे, तो उन्हें ‘फौजी’ का शूट छोड़कर ‘कल्कि 2’ के सेट पर जाना पड़ा. तीन फिल्में एक साथ शूट हो रही हैं. और तीनों ही तय समय से पीछे चल रही हैं. ऐसे में ‘स्पिरिट’ का मार्च में आना मुश्किल है. और इसीलिए कहा जा रहा है कि टीम ‘स्पिरिट’ रिलीज़ डेट बदलने के बारे में विचार कर रही है.
संदीप रेड्डी वांगा की पिछली फिल्म ‘एनिमल’ 1 दिसंबर, 2023 को रिलीज़ हुई थी. इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी कमाई की. और ये दिन संदीप रेड्डी के लिए लकी साबित हुआ. इसलिए ‘स्पिरिट’ को 1 दिसंबर, 2027 को लाने पर विचार चल रहा है. मगर इसका असर संदीप रेड्डी के दूसरे प्रोजेक्ट्स पर पड़ेगा. ‘स्पिरिट’ के बाद संदीप, रणबीर कपूर के साथ ‘एनिमल पार्क’ पर जुटने वाले थे. फिर उनके अल्लू अर्जुन के साथ एक फिल्म करने की ख़बरें भी हैं. ऐसे में ‘स्पिरिट’ का शूट और रिलीज़ डेट टलने से संदीप रेड्डी सहित रणबीर कपूर और अल्लू अर्जुन के शेड्यूल भी प्रभावित होंगे.
हम बता दें, कि ‘स्पिरिट’ के पोस्टपोन होने की ख़बरें फिलहाल अपुष्ट हैं. क्योंकि मेकर्स ने अब तक कोई घोषणा नहीं की है. मगर यदि ऐसा हुआ, तो सलमान की फिल्म को बड़ा फायदा होगा. ईद पर सलमान की फिल्मों का ट्रैक रिकॉर्ड अच्छा रहा है. और अब तक इस दिन के लिए कोई और बड़ी फिल्म शेड्यूल्ड नहीं है. ‘स्पिरिट’ पोस्टपोन होगी, तो उनकी राह का सबसे बड़ा रोड़ा हट जाएगा. सोलो रिलीज़ का फायदा SVC63 के हक़ में काम करेगा. अब देखना ये है कि ‘स्पिरिट’ की रिलीज़ डेट में तब्दीली, प्रभास और संदीप रेड्डी के पक्ष में काम करती है, या उनकी उलझनें बढ़ाती है.
वीडियो: बॉक्स ऑफिस पर फिर साथ रिलीज होगी सलमान खान और प्रभास की फिल्म, दोहराया जाएगा इतिहास?

