The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Singham 3- Rohit Shetty is all set to direct Ajay Devgn in his biggest cop universe film

अजय देवगन को लेकर 'कॉप यूनिवर्स' की सबसे बड़ी फिल्म 'सिंघम 3' बनाने जा रहे हैं रोहित शेट्टी

रोहित शेट्टी ने बताया कि उन्होंने 'सिंघम 3' पर काम शुरू कर दिया है. अप्रैल 2023 से फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे अजय देवगन.

Advertisement
pic
1 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 2 अगस्त 2022, 02:21 PM IST)
singham-2-ajay-devgn
फिल्म 'सिंघम 2' के पोस्टर पर अजय देवगन. दूसरी तरफ 'सिंघम 2' की शूटिंग के दौरान रोहित शेट्टी के साथ अजय देवगन.
Quick AI Highlights
Click here to view more

रोहित शेट्टी. आज की तारीख में हिंदी सिनेमा के सबसे कमाऊ फिल्ममेकर. इस आदमी ने लॉकडाउन के फौरन बाद 'सूर्यवंशी' नाम की 200 करोड़ी फिल्म दी. इन दिनों रोहित दो प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं. रणवीर सिंह के डबल रोल वाली Cirkus और सिद्धार्थ मल्होत्रा की डेब्यू सीरीज़- Indian Police Force. मगर ये जो खबर है, वो उनके तीसरे और सबसे चर्चित प्रोजेक्ट के बारे में है. खबर ये है कि रोहित शेट्टी 'सिंघम 3' बनाने जा रहे हैं. कब-कैसे टाइप की डिटेल्स नीचे मिलेंगी.

# कॉप यूनिवर्स की सबसे बड़ी फिल्म होगी 'सिंघम 3'  

इंडिया में आज कल एक नया चलन शुरू हुआ है. हर फिल्ममेकर अपना यूनिवर्स बना रहा है. आदित्य चोपड़ा, स्पाई यूनिवर्स बना रहे हैं. दिनेश विजन, हॉरर यूनिवर्स बना रहे हैं. साउथ में लोकेश कनगराज अपना यूनिवर्स बना रहे हैं. मगर इसकी शुरुआत रोहित शेट्टी ने की थी. अपने कॉप यूनिवर्स से. अब वो अपने कॉप यूनिवर्स को और बड़ा करने जा रहे हैं. पिंकविला को दिए हालिया इंटरव्यू में रोहित शेट्टी ने बताया-

''हमने 'सिंघम 3' पर काम शुरू कर दिया है. आउट एंड आउट सिंघम फिल्म बनाए, मुझे बहुत टाइम हो गया है. अगले साल अप्रैल से हम उसकी शूटिंग शुरू करेंगे. अजय सर अपने काम में लगे हुए हैं. मैं भी 'सर्कस' के साथ बिज़ी हूं. इसलिए हमने तय किया है कि अप्रैल से 'सिंघम 3' शुरू करेंगे. ये अब तक का सबसे बड़ा कॉप यूनिवर्स होगा.''  

रोहित शेट्टी अजय देवगन को अपना मेंटॉर और दोस्त मानते हैं. क्योंकि अजय ने रोहित के साथ तब काम करना चुना, जब वो स्ट्रगल कर रहे थे.

# कॉप यूनिवर्स क्या होता है?

अगर कोई फिल्ममेकर अपनी पिछली फिल्म को अगली फिल्म से जोड़ देता है. या उस फिल्म के कैरेक्टर को अपनी दूसरी फिल्म में लेकर आता है, तो उसे यूनिवर्स बुलाया जाता है. जैसे 'सिंबा' में रणवीर सिंह के साथ अजय देवगन ने कैमियो किया. उसी फिल्म के एक सीन में अक्षय कुमार भी नज़र आए. फिर 'सूर्यवंशी' में ये तीनों स्टार्स साथ दिखाई दिए. इसे रोहित शेट्टी का कॉप यूनिवर्स कहा गया. वैसे ही 'पठान' के साथ आदित्य चोपड़ा भी स्पाई यूनिवर्स बनाएंगे. क्योंकि इसमें पठान के साथ टाइगर का किरदार भी दिखाई देगा.

ये आइडिया मार्वल की 'एवेंजर' से उठाया गया लगता है. क्योंकि वो पहले सभी सुपरहीरोज़ की स्टैंड अलोन फिल्में बनाते हैं. फिर सबको एक साथ 'एवेंजर' में लेकर आते हैं. अपनी सभी पसंदीदा सुपरहीरोज़ को एकसाथ देखकर पब्लिक को मज़ा आ जाता है. वही चीज़ अब भारतीय सिनेमा में शुरू हुआ है.

‘सूर्यवंशी’ के एक गाने में रणवीर सिंह, अक्षय कुमार और अजय देवगन. यही तो है कॉप यूनिवर्स.

# एक्टर्स दो हीरो फिल्म नहीं करते, रोहित की फिल्म में तीन-तीन स्टार्स कैसे?

कॉफी विद करण के सातवें सीज़न में अक्षय कुमार पहुंचे थे. यहां उन्होंने बताया कि वो एक फिल्म प्रोड्यूस कर रहे हैं. वो दो हीरो वाली पिक्चर है. उन्होंने नई पीढ़ी के कई एक्टर्स को अपनी फिल्म ऑफर की. मगर कोई भी एक्टर दो हीरो वाली फिल्म नहीं करना चाहता. जबकि रोहित शेट्टी की फिल्म में अजय देवगन, अक्षय कुमार और रणवीर सिंह एक साथ आ जा रहे हैं. रोहित ने उन्हें ऐसी कौन सी घुट्टी पिला दी है. इस बारे में बात करते हुए रोहित कहते हैं-

''अजय सर और अक्षय सर पुराने टाइम वाले लोग हैं. उनके टाइम में एक से ज़्यादा हीरो लोग साथ में फिल्म करते थे. रणवीर को ये भरोसा है कि मैं उसे तरीके से प्रेज़ेंट करूंगा. मुझे ऐसा ( मल्टी हीरो वाला) सिनेमा बनाने में कभी दिक्कत नहीं आई. मगर नए एक्टर्स को अपने मैनेजरों की बात नहीं माननी चाहिए. उन्हें दो हीरो वाली फिल्मों में काम करना चाहिए. अपनी ये असुरक्षा उन्हें पीछे छोड़नी होगी. वरना प्रोड्यूसरों के लिए बड़े स्केल वाली फिल्म बनाना मुश्किल हो जाएगा. दो साल के बाद फिर से कॉन्टेंट वाली फिल्में चलने लगेंगी. मगर अगले दो-तीन सालों तक दो हीरो वाली बड़ी पिक्चरें बनाने का समय है. पब्लिक बड़े स्केल वाली फिल्म देखने ही थिएटर्स में आएगी.''  

फिल्म RRR के एक सीन में राम चरण और जूनियर NTR. 

रोहित शेट्टी जो कह रहे हैं, वो सही है. क्योंकि बीते दिनों RRR ब्लॉकबस्टर साबित हुई. ये दो हीरो वाली फिल्म थी. इसके लिए रामचरण और NTR जूनियर जैसे सुपरस्टार्स साथ आए. रोहित शेट्टी की खुद की फिल्म 'सूर्यवंशी' में तीन सुपरस्टार्स साथ आए. फिल्म खूब चली. 'पठान' भी इसी तरह की फिल्म होने वाली है. क्योंकि उसमें शाहरुख खान के साथ सलमान और जॉन अब्राहम जैसे स्टार्स नज़र आने वाले हैं.

कॉप यूनिवर्स में फीमेल कॉप की एंट्री कब? रोहित शेट्टी ने पिंकविला के साथ इस खबर को भी कंफर्म किया है. उन्होंने कहा कि वो जल्द ही एक फीमेल कॉप वाली फिल्म बनाएंगे. रोहित की आगामी सीरीज़ 'इंडियन पुलिस फोर्स' में शिल्पा शेट्टी एक अहम रोल निभा रही हैं. हम कुछ सजेस्ट नहीं कर रहे, बस इन्फॉर्म कर रहे हैं.  

Advertisement

Advertisement

()