The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Sikandar Director AR Murugadoss Faces 10 Crore Compensation Demand from Madharaasi Producer

सलमान की 'सिकंदर' की वजह से मुरुगादास की दूसरी फिल्म पिटी, प्रोड्यूसर्स ने हंगामा कर दिया

एआर मुरुगादास अब 'मद्रासी' के मेकर्स के लिए फ्री में काम करेंगे. वरना करोड़ों का हर्जाना पड़ेगा.

Advertisement
pic
30 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 07:30 PM IST)
Sivakarthikeyan, madharaasi, sikandar, salman khan, ar murugadoss,
एआर मुरुगादोस एक वक्त पर 'मद्रासी' में शाहरुख खान को कास्ट करना चाहते थे.
Quick AI Highlights
Click here to view more

AR Murugadoss ने Ghajini और Holiday: A Solider Is Never Off Duty जैसी बेहतरीन फिल्में डायरेक्ट की हैं. मगर पिछले कुछ समय से वो केवल नेगेटिव वजहों से खबरों में हैं. पहले Salman Khan और Sikandar पर दिए उनके बयान ने तूल पकड़ा था. अब, वो Sivakarthikeyan स्टारर Madharaasi से जुड़े एक महंगे पचड़े में फंस गए हैं. फिल्म के फ्लॉप होने पर मेकर्स ने उनसे 10 करोड़ रुपये का हर्जाना मांग लिया है.

अगर आपको ध्यान हो, मुरुगादास की ‘सिकंदर’ के कुछ ही समय बाद उनकी अगली फिल्म 'मद्रासी' भी रिलीज़ हो गई थी. इतने कम समय में वो ऐसा इसलिए कर पाए क्योंकि वो लगभग एक ही समय पर दोनों फिल्मों की शूटिंग कर रहे थे. ये अलग बात है कि दोनों ही मूवीज़ बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गईं. 'सिकंदर' के केस में तो बस मुखम-मुखम हुआ था. लेकिन 'मद्रासी' वालों ने मामला आसानी से जाने नहीं दिया. 

हुआ कुछ यूं कि 'मद्रासी' के लिए टोटल 115 करोड़ रुपये का बजट फाइनल हुआ था. मगर 'सिकंदर' के साथ शूटिंग करने की वजह से फिल्म किसी फिक्स शेड्यूल के साथ आगे नहीं बढ़ पा रही थी. कभी ये डिले हो जाती, तो कभी इसका शूट कैंसिल हो जाता. इस वजह से फिल्म का बजट बढ़ने लग गया. 123 तेलुगु की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मद्रासी’ का बजट 115 करोड़ से बढ़कर 170-180 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था. इस बात ने प्रोजेक्ट का रिस्क काफी बढ़ा दिया था. दूसरी तरफ़ प्रोड्यूसर एन श्रीलक्ष्मी प्रसाद उम्मीद कर रहे थे कि मूवी कम-से-कम बॉक्स ऑफिस पर तो हिट हो ही जाएगी. तो उनके पैसे रिकवर हो जाएंगे.

मगर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ. फिल्म सिनेमाघरों में न केवल औंधे मुंह गिरी, बल्कि अपना बजट भी नहीं वसूल पाई. थिएटर्स से इसने केवल 100 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. इससे प्रोड्यूसर को भयंकर नुकसान हो गया. अब 10-15 करोड़ का नुकसान होता तो एक बारगी मसला संभल भी जाता. लेकिन 70-80 करोड़ का नुकसान किसी के भी पसीने छुड़ा सकता है. इस वजह से 'मद्रासी' के प्रोड्यूसर ने मुरुगादास से 10 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा है. मुरुगादास इसके लिए तैयार नहीं हुए. तंग आकर प्रोड्यूसर ने उनके खिलाफ डायरेक्टर्स एंड प्रोड्यूसर्स काउंसिल में शिकायत कर डाली.

काउंसिल ने दोनों पक्षों की बात सुनी. मगर वो हर्जाना देने की बात पर सहमत नहीं हुए. उनका मानना है कि अगर किसी फिल्म के न चलने पर डायरेक्टर्स से पैसे मांगने लगें, तो आगे इसका बहुत बुरा असर पड़ेगा. फ्यूचर में कोई भी डायरेक्टर रिस्क लेने को तैयार ही नहीं होगा. इस वजह से काउंसिल ने एक मध्य मार्ग ढूंढा. उन्होंने मुरुगादास से कहा कि वो प्रोड्यूसर को अपनी सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक 'रमणा' (2002) के सीक्वल की स्क्रिप्ट लिखकर दें.

तमिल फिल्म 'रमणा' काफी बड़ी हिट रही थी. इसके लिए मुरुगादास को कई अवॉर्ड्स मिले थे. मगर इसके सीक्वल की कहानी लिखने और उसे डायरेक्ट करने से नुकसान की भरपाई कैसे होगी? दरअसल, काउंसिल ने मुरुगादास के सामने ये शर्त रखी है कि वो ‘मद्रासी’ के प्रोड्यूसर को 'रमणा 2' की कहानी फ्री ऑफ कॉस्ट देंगे. यानी इसे लिखने और डायरेक्ट करने के लिए उन्हें कोई पैसे नहीं दिए जाएंगे. इस तरह उन्हें अपनी जेब से पैसे नहीं देने पड़ेंगे. साथ ही 'रमणा' की रिलीज़ से 'मद्रासी' के प्रोड्यूसर को भी फायदा हो जाएगा. रिपोर्ट है कि मुरुगादास ने इस शर्त पर अपनी हामी भर दी है. मगर उन्होंने मेकर्स से रिक्वेस्ट की है वो शूट के दौरान उनके असिस्टेंट और उनके रहने का खर्च मैनेज करें. बताया जा रहा है कि प्रोड्यूसर उनकी ये शर्त मान गए हैं. 

वीडियो: डायरेक्टर AR Murugadoss ने बताया, रात को 2 बजे शूट करने पड़ते थे सिकंदर के सीन

Advertisement

Advertisement

()