सिद्धू मूसेवाला मर्डर का आरोपी अमेरिका में डांस करता मिला, वीडियो वायरल
आरोपी अनमोल बिश्नोई लॉरेन्स बिश्नोई का भाई है.

मशहूर पंजाबी सिंगर Siddhu Moose Wala की 29 मई, 2022 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस केस में आए दिन कुछ न कुछ डेवलपमेंट होता रहता है. तमाम ट्विस्ट एंड टर्न्स भरी खबरे आती रहती हैं. इसके मुख्य आरोपी हैं गोल्डी बराड़ और अनमोल बिश्नोई. अभी बात अनमोल बिश्नोई की करते हैं, जो गैंगस्टर लॉरेन्स बिश्नोई का भाई है. वो फेक पासपोर्ट के सहारे भारत से बाहर भाग गया था. अनमोल को अब अमेरिका में एक शादी के रिसेप्शन में पंजाबी सिंगर करण औजला के साथ डांस करते देखा गया. वीडियो वायरल हो रहा है.
ये वीडियो है इतवार यानी 16 अप्रैल का. कैलीफोर्निया से आया है. यहां सिंगर करण औजला और शैरी मान (Sharry Maan) एक जगह परफ़ॉर्म कर रहे हैं. इसमें अनमोल बिश्नोई कुछ लोगों के साथ खड़ा है. कई जगह तो वो औजला के एकदम बगल में खड़ा है. अब जब इस पर बवाल हुआ है, तो मान और औजला ने एक जॉइन्ट स्टेटमेंट जारी किया है. इसमें उन्होंने कहा है कि उन्हें नहीं पता होता कि ऑडियंस में कौन है? किसे-किसे शादी में इनवाइट किया गया है.
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा:
हाल ही में होम मिनिस्ट्री ने गैंगस्टरों की सूची तैयार की है. इसमें अनमोल बिश्नोई उर्फ भानु का नाम भी शामिल है. उसे एनआईए ने चार्जशीट किया है. ऐसा माना जा रहा है कि वो अमेरिका में छिपा हुआ है. क्राइम तक के मुताबिक अनमोल इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस पर है. मूसेवाला हत्याकांड की जांच कर रही पंजाब पुलिस की एसआईटी ने कहा कि अनमोल इस मामले में एक साजिशकर्ता है और हत्या से कुछ महीने पहले फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर भारत से भाग गया था. एसआईटी की चार्जशीट में कहा गया है कि वह शुरू से ही साजिश का हिस्सा था और देश छोड़ने से पहले उसने मदद का इंतजाम किया था.
पिछले साल 29 मई को, छह शूटरों ने मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इसके बाद से पंजाब म्यूजिक इंडस्ट्री में भूचाल आया हुआ है. मूसेवाला मर्डर केस अब भी चल रहा है. पुलिस इसकी जांच कर रही है. ये लॉरेन्स बिश्नोई गैंग का काम है. गैंग का मुखिया आए-दिन सलमान खान को भी मारने की धमकी देता रहता है. अनमोल बिश्नोई इसी का भाई है.
वीडियो: सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस के आरोपियों की जेल के अंदर आपस में भयंकर लड़ाई, दो की मौत

.webp?width=60)

