मुझे मोटी बताकर नहीं दिया गया 'छैंया छैंया' गाने में काम: शिल्पा शिरोडकर
जबकि फराह खान ने मलाइका अरोड़ा को बताया कि पांच हीरोइनों ने ट्रेन पर चढ़ने से मना किया, इसलिए उन्हें मिला गाना.

'हम', 'खुदा गवाह' और 'मृत्युदंड' जैसी फिल्मों में काम कर चुकीं एक्टर Shilpa Shirodkar ने एक इंटरव्यू दिया है. इसमें उन्होंने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की कलई खोलकर रख दी है. फैटशेमिंग से लेकर अंधविश्वास जैसी रूढ़ियों में मानने वाली इस इंडस्ट्री ने उन्हें भी खारिज कर दिया था. बावजूद इसके शिल्पा ने अपने लिए एक मकाम बनाया. मगर उन्हें एक कसक रह गई. वो ये कि उन्हें Chaiyya Chaiyya गाने में नहीं लिया गया. क्यों? क्योंकि उनका वज़न 'ज़्यादा' था.
शिल्पा शिरोडकर ने ETimes को दिए हालिया इंटरव्यू में 'छैंया छैंया' समेत अपने फिल्म करियर पर बात की. जब उनसे पूछा गया कि उन्हें 'छैंया छैंया' में काम क्यों नहीं मिला, इस बाबत उन्होंने कहा-
''छैंया छैंया कौन छोड़ना चाहेगा! मगर हां फराह खान मेरे पास इस गाने के साथ आईं थीं. उन्होंने कहा कि वो लोग मुझे इसके लिए कंसिडर कर रहे हैं. फिर उन्हें लगा कि मैं इस गाने के लिए 'ज़्यादा मोटी' हूं. इसलिए उन लोगों ने मलाइका को चुन लिया.''
हालांकि शिल्पा को लगता है कि भले इंडस्ट्री ने उनके साथ भेद-भाव किया, मगर दर्शकों ने उन्हें कभी ऐसा महसूस नहीं होने दिया. वो कहती हैं-
''मुझे वाकई नहीं याद कि मेरा वजन या मेरा लुक कभी मेरी सफलता या फैंस से मिलने वाले प्यार में आड़े आया. 90 के दशक में इन चीज़ों से कोई फर्क नहीं पड़ता था. हम एक साथ कई प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे. हम दिनभर में कई शिफ्ट में काम करते थे.''
शिल्पा उन सभी लोगों का आभार जताती हैं, जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में बने रहने में उनकी मदद की. वैसे तो हर फिल्म के डायरेक्टर, प्रोड्यूसर, कास्ट और क्रू की वो शुक्रगुज़ार हैं. मगर वो दो लोगों का खास तौर पर ज़िक्र करती हैं. उन्होंने कहा कि जब इंडस्ट्री ने उन्हें खारिज कर दिया था. उन्हें बैड कल मान लिया गया था. तब मिथुन चक्रवर्ती उनकी मदद को आगे आए थे. वो कहती हैं-
''मिथुन दा की वजह से मैं इंडस्ट्री में काम करती रही. जब 'सौतन की बेटी' और बोनी कपूर की 'जंगल' नाम की फिल्म मुझसे छीन ली गई, तब इंडस्ट्री ने मुझे मनहूस मानकर खारिज कर दिया था. दादा की वजह से मुझे 'भ्रष्टाचार' में काम मिला और मेरी इंडस्ट्री में शानदार जर्नी शुरू हो गई.''
'भ्रष्टाचार' शिल्पा शिरोडकर की डेब्यू फिल्म थी. इसमें उन्होंने मिथुन चक्रवर्ती और रेखा के साथ काम किया था. इसके अलावा शिल्पा काम दिलाने का क्रेडिट अनिल कपूर को देती हैं. वो बताती हैं-
''मुझे याद है 1990 में एक तेलुगु फिल्म की कास्टिंग चल रही थी. उन दिनों अनिल कपूर हैदराबाद में शूटिंग कर रहे थे. वो असलियत में मेरा फोटो एल्बम लेकर गए और प्रोड्यूसर डायरेक्टर को दिखाया. जिसके बाद मुझे वो फिल्म मिल गई.''
शिल्पा शिरोडकर आखिरी बार दिग्गज पेंटर एम.एफ. हुसैन डायरेक्टेड फिल्म 'गजगामिनी' में दिखी थीं. इसके बाद वो फिल्मों से दूर ही रहीं. 2013 में उन्होंने 'एक मुट्ठी आसमान' नाम के शो से अपना टीवी डेब्यू किया. ये शो बड़ा हिट रहा है. इसके बाद से वो एक्टिंग से दूर ही चल रही हैं.
शिल्पा की बहन नम्रता भी एक्टर थीं. मगर तेलुगु फिल्मों के सुपरस्टार महेश बाबू से शादी के बाद उन्होंने भी फिल्मों से दूरी बना ली. शिल्पा को ऐसा लगता है कि अगर उन्होंने आज के वक्त में अपना करियर शुरू किया होता, तो उन्हें बिल्कुल काम नहीं मिलता. क्योंकि जिन लोगों ने उन्हें 90 के दशक में ही मोटी और पता नहीं क्या-क्या कह दिया था, वो आज तो पता नहीं क्या ही करते.
अब बात रही 'छैंया छैंया' में मलाइका अरोड़ा की कास्टिंग की. मलाइका इन दिनों डिज़्नी+हॉटस्टार के लिए 'मूविंग इन विद मलाइका' नाम का एक रियलिटी शो कर रही हैं. इसके एक एपिसोड में फराह खान नज़र आई थीं. इस एपिसोड में फराह, मलाइका से कहती सुनी गईं-
''आप छैंया छैंया गर्ल हैं. पांच हीरोइनों ने ट्रेन पर चढ़कर डांस करने से मना कर दिया था, तब जाकर आपको ये गाना मिला. क्योंकि शुरुआत में तो मलाइका का कहीं कोई ज़िक्र नहीं था. हमने शिल्पा शेट्टी, शिल्पा शिरोडकर के अलावा 2-3 और लोगों को अप्रोच किया था.''
'छैंया छैंया' 1998 में आई फिल्म 'दिल से' का गाना था. मणिरत्नम डायरेक्टेड इस फिल्म में शाहरुख खान और मनीषा कोईराला ने लीड रोल्स किए थे.

