Ra-one के समय किस घोटाले को लेकर केस हुआ था, जिसे शाहरुख ने अब जाकर जीता?
Shahrukh Khan की साल 2011 में आई फिल्म Ra. One से जुड़ा है पूरा मामला.
.webp?width=210)
Shahrukh Khan को इनकम टैक्स मामले में बड़ी जीत मिली है. उन पर सालों पहले टैक्स घोटाले का आरोप लगा था. जिसमें ITAT यानी Income Tax Appellate Tribunal ने शाहरुख के पक्ष में फैसला सुनाया है. आयकर विभाग ने इस केस में शाहरुख के दिए टैक्स पर दोबारा जांच की थी. जिसे ट्रिब्यूनल ने गलत बताया. ये मामला साल 2011 में आई उनकी फिल्म 'रा.वन' से जुड़ा हुआ है.
दरअसल, 'रा. वन' फिल्म शाहरुख खान की ही कंपनी रेड चिलीज़ के बैनर तले बनी. यानी शाहरुख फिल्म के प्रोड्यूसर थे. फिल्म की कमाई के बाद इसके टैक्स को लेकर विवाद शुरू हुआ. शाहरुख और रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट की इस फिल्म की 70 प्रतिशत शूटिंग यूके में होनी थी. इसलिए 70 प्रतिशत आय पर लगने वाले टैक्स को विदेश में ही देना था. बाकी भारत में.
इनकम टैक्स फाइल करते वक्त शाहरुख ने बताया कि उन्होंने इस फिल्म से 83.42 करोड़ रुपये कमाए. मगर आयकर विभाग को संदेह था कि शाहरुख ने इस इनकम की पूरी जानकारी नहीं दी है. इसके बाद इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने इस फिल्म से हुई शाहरुख की कमाई 84.17 करोड़ रुपये मानकर कैल्कुलेट की. जिसे लेकर लंबे समय तक कोर्ट में केस चलता रहा. अब ITAT ने फैसला सुनाया है कि आयकर विभाग द्वारा मामले की दोबारा जांच कानूनी रूप से सही नहीं थी. साथ ही ये भी कहा कि 4 साल की अवधि के बाद दोबारा जांच करना कानूनी रूप से सही नहीं था.
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक ITAT की संदीप सिंह और गिरीश अग्रवाल की बेंच ने अपने आदेश में री-असेसमेंट प्रोसेस को अमान्य बताया. ट्रिब्यूनल ने कहा कि 4 साल के नियम के बाद दोबारा जांच में इनकम टैक्स अधिकारी कोई नया और ठोस सबूत नहीं ला सके. उन्होंने कहा कि दोबारा जांच की कार्यवाही एक से ज़्यादा आधारों पर कानूनन गलत थी. ये धारा 147 के प्रावधानों के अनुरूप नहीं थी. इसलिए इसे रद्द किया गया. उन्हें शाहरुख के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला.
शाहरुख खान ने 'रा. वन' के वक्त यूके की कंपनी विनफोर्ड प्रोडक्शन के ज़रिए टैक्स का भुगतान किया था. उस वक्त टैक्स अधिकारियों ने तर्क दिया कि इस भुगतान व्यवस्था से भारत के रेवेन्यू को नुकसान हुआ. अधिकारियों ने शाहरुख के विदेशी टैक्स क्रेडिट के दावे को खारिज कर दिया था.
वैश्विक आय पर देना पड़ता है टैक्स
इसे समझिए, भारत में भारतीय नागरिक को अपनी वैश्विक आय के हिसाब से टैक्स देना पड़ता है. टैक्स संधियों में विदेशी टैक्स क्रेडिट का प्रावधान है. यानी अगर कोई भारतीय विदेश में टैक्स देता है तो वो भारत में देने वाले टैक्स से उस देनदारी को घटा सकता है. इससे एक ही आय पर दो बार टैक्स देने से बचा जा सकता है.
ख़ैर, 'रा.वन' फिल्म की बात करें तो इसे अनुभव सिन्हा ने बनाया था. पिक्चर में करीना कपूर खान और अर्जुन रामपाल थे. जिस वक्त ये रिलीज़ हुई बुरी तरह पिटी थी. मगर वक्त के साथ फिल्म को खूब पसंद किया गया. इस फिल्म को समय से आगे की फिल्म कहा जाने लगा. 'रा.वन' मीम कल्चर का भी हिस्सा बनी. जिसके बाद इसकी पॉपुलैरिटी और ज़्यादा बढ़ गई.
शाहरुख के वर्कफ्रंट की बात करें तो वो जल्द ही 'किंग' नाम की फिल्म में नज़र आने वाले हैं. जिसकी शूटिंग जल्द शुरू होगी. मूवी में सुहाना खान और अभिषेक बच्चन होंगे. इसे 'पठान' वाले सिद्धार्थ आनंद डायरेक्ट करेंगे.
वीडियो: पान मसाला के ऐड के लिए शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को नोटिस

.webp?width=60)

