शाहरुख का फैसला: 'पठान' प्रमोट करने न सलमान के 'बिग बॉस' में जाएंगे, न 'दी कपिल शर्मा शो' पर
'पठान' बिना प्रमोट किए खबरों में बनी हुई है. यहां तक कि पिक्चर को प्रमोट न करना भी एक खबर है.
.webp?width=210)
Shahrukh Khan की Pathaan की प्रमोशनल स्ट्रैटेजी चर्चा का विषय बनी हुई है. क्योंकि फिल्म को प्रमोट नहीं किया जा रहा है. हालांकि इस पर फिल्म के डायरेक्टर Siddharth Anand बात कर चुके हैं. फिर भी लोगों को ये उम्मीद थी कि शाहरुख टीवी के दो सबसे बड़े शोज़ पर तो 'पठान' प्रमोट करेंगे ही. ये शोज़ थे Bigg Boss, जिसे Salman Khan होस्ट करते हैं. दूसरा शो था, The Kapil Sharma Show. मगर शाहरुख ने इन दोनों शोज़ पर 'पठान' प्रमोट करने का ऑफर भी ठुकरा दिया.
शाहरुख खान मार्केटिंग जीनियस माने जाते हैं. उन्हें पता है कि अपनी पिक्चर कैसे प्रमोट करनी है. 'पठान' को प्रमोट न करना भी एक स्ट्रैटेजी का हिस्सा है. शाहरुख लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं. ऐसे में उनकी वापसी को लेकर बढ़िया माहौल बना हुआ है. 'पठान' बिना प्रमोट किए खबरों में बनी हुई है. यहां तक कि पिक्चर को प्रमोट न करना, खुद एक खबर है. इससे बेहतर प्रमोशनल स्ट्रैटेजी क्या हो सकती है. प्लस फिल्म के गानों को लेकर जो विवाद हुआ, उससे भी फिल्म को मजबूत माइलेज मिली है. इतिहास गवाह रहा है कि जिन फिल्मों को लेकर विवाद हुआ, उन्होंने टिकट खिड़की पर बवाल काटा है. 'लाल सिंह चड्ढा' अपवाद है.
कोईमोई में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक शाहरुख ने 'बिग बॉस' और 'द कपिल शर्मा शो' में जाने से इन्कार कर दिया है. क्योंकि वो जनता से डायरेक्ट बात करना चाहते हैं. शाहरुख चार साल के बाद कोई फिल्म कर रहे हैं. इसे उन्होंने अलग तरह से प्रमोट करने का प्लान बनाया है. जब मीडिया से बात किए बिना फिल्म को इतना मोमेंटम मिल गया, तो बात करने की क्या ही ज़रूरत है. बीते दिनों 'पठान' के डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद ने इस बारे में बात की थी. उन्होंने कहा था कि 'पठान' का प्रमोशनल कैंपेन फिल्म की रिलीज़ के बाद शुरू होगा. उन्होंने कहा था-
'''पठान' से शाहरुख खान 4 साल के बाद वापसी कर रहे हैं. उन्होंने पिछले चार सालों में बहुत कम मौकों पर मीडिया और लोगों से मुलाकात की है. इसलिए लोगों में उन्हें देखने की भूख इससे ज़्यादा पहले कभी नहीं रही. 'पठान' को लेकर मार्केट में भयंकर बज़ बना है, उसमें इस चीज़ ने बहुत बड़ी भूमिका अदा की है.''
सिद्धार्थ ने अपनी बातचीत में ये भी जोड़ा-
''SRK. इन तीन अक्षरों में जितना स्टारडम और जितने लोगों का प्यार सिमटा हुआ है, वो अद्भुत है. पूरे देश ने उन्हें इतने समय तक प्यार दिया है. और हम उम्मीद कर रहे हैं कि हमारी फिल्म शाहरुख को एक ऐसे अंदाज़ में पेश करेगी, जो लोगों ने पहले कभी नहीं देखा. हम चाहते हैं कि जनता में शाहरुख की वापसी को लेकर जो उत्साह है, वो 25 जनवरी को अपने चरम पर हो. जिस दिन 'पठान' रिलीज़ होगी. इसलिए हम अपनी सारी प्रमोशनल एक्टिविटी फिल्म की रिलीज़ के बाद शुरू करेंगे.''
'पठान' में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम ने लीड रोल्स किए हैं. इसके अलावा फिल्म में सलमान खान भी कैमियो करते नज़र आएंगे. सलमान को फिल्म के ट्रेलर से बाहर रखना भी फिल्म के प्रमोशन का ही हिस्सा था. सिद्धार्थ आनंद डायरेक्टेड ये फिल्म 25 जनवरी सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है.
वीडियो: शाहरुख खान ने किस वजह से 'पठान' के प्रमोशन में एक भी इंटरव्यू नहीं दिया

