The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Shahrukh Khan Wankhede Stadium Fight: ACP Iqbal Shaikh shared details | MCA

"शाहरुख खान ने राड़ा कर दिया, मैंने सीधे उन्हें पकड़कर कहा..." वानखे़डे़ स्टेडियम विवाद पर बोले ACP

MCA ऑफिशियल्स से भिड़ते शाहरुख से तत्कालीन ACP ने कुछ ऐसा कहा, कि शाहरुख फ़ौरन स्टेडियम से बाहर निकल गए.

Advertisement
pic
1 मई 2026 (पब्लिश्ड: 09:41 PM IST)
ACP Iqbal Shaikh, Shahrukh Khan at Wankhede Stadium
साल 2012 में शाहरुख खान और वानखेड़े स्टेडियम के सुरक्षा गार्ड के बीच बहस हो गई थी.
Quick AI Highlights
Click here to view more

यूं तो IPL से जुड़ी कई कॉन्ट्रोवर्सीज़ चर्चित रहीं. मगर इन सबके बीच एक मामला Shahrukh Khan से जुड़ा भी है. साल 2012 में IPL के दौरान Mumbai के Wankhede Stadium में शाहरुख और MCA (Mumbai Cricket Association) ऑफिशियल्स के बीच हुई गर्मागर्मी सुर्खियों में रही. शाहरुख के साथ उनके कुछ दोस्त और उनकी बेटी Suhana Khan भी थी. उन्हें टोकने और बार-बार व्हिसल बजाने पर शाहरुख और सिक्योरिटी गार्ड के बीच तनातनी हो गई. बात इतनी बढ़ गई, कि MCA ने शाहरुख पर वानखेड़े स्टेडियम में आने पर पांच साल का बैन तक लगा दिया. ये तो इस मामले का वो पक्ष है जो पूरी दुनिया के सामने आया. मगर इस इसका एक और पहलू है. और मुंबई के उस क्षेत्र के तत्कालीन डिविज़नल ACP Iqbal Shaikh ने अपने ताज़ा इंटरव्यू में उस पर रोशनी डाली. 

शुभोजीत घोष के पॉडकास्ट पर इस बारे में उन्होंने कहा,

“असल में शाहरुख खान और MCA ऑफिशियल्स के बीच मिस-कम्युनिकेशन हो गया था. वानखेड़े स्टेडियम जिस एरिया में आता है, मैं वहां का डिविजनल ACP था उस वक्त. और 1986 से क्रिकेट के जितने भी बड़े मैच होते थे, बंदोबस्त मेरी निगरानी में होता था. वहां का ACP होने की वजह से उस मैच में भी मैं वेन्यू पर ही था. और जब मैं मेन गेट पर था, तब हमारे MCA के कलीग ने मुझे इस घटना के बारे में बताया. उसने कहा कि ‘शाहरुख इथे राड़ा करतोय’. यानी शाहरुख यहां राड़ा कर रहे हैं.”

जैसे ही ACP इक़बाल को ये सूचना मिली, वो ग्राउंड की तरफ़ दौड़े. इस बारे में उन्होंने कहा,

“मेरे साथ में मेरा ऑपरेटर ही था. और तब तक मैच ख़त्म हो गया था. लगभग सब लोग जा चुके थे. लाइट्स भी बंद हो गई थीं. तो वहां पर शाहरुख खान और उनके फ्रेंड्स के साथ जो बच्चे थे, वो लोग खेल रहे थे. एक साइड में खेल रहे थे, तो वहां का जो सिक्योरिटी वाला था, उसने ऑब्जेक्शन लिया. सीटी-वीटी बजाई, तो शाहरुख खान को अच्छा नहीं लगा. इस कारण कुछ बातचीत हो गई. सिक्योरिटी की तरफ़ से हमारे MCA के लोगों ने कुछ बोला. फिर आपस में गर्मागर्मी हो गई. हीटेड आर्ग्यूमेंट हो गए. माहौल और ज़्यादा ख़राब होता, तब तक मैं पहुंच गया. फिर मैंने शाहरुख खान को बोला कि बात जबरन और बढ़ जाएगी. और उनके वानखेड़े स्टेडियम से लेकर निकल गया.”

ACP इक़बाल ने शाहरुख से क्या कहा कि वो शांत हो गए और स्टेडियम से बाहर निकल आए? इस बारे में उन्होंने बताया,

“मैंने उनसे सीधा बोला कि ये जो चल रहा था ना, ये हीटेड आर्ग्यूमेंट्स... कि तुम ऐसे हो, तुम वैसे हो. मैंने सीधा उन्हें पकड़ कर बोला, ‘शाहरुख साब आप बाहर चलिए’. और उन्होंने मेरी बात मानी... ( एक पॉज़ लेकर मुस्कराते हुए ACP ने कहा) मैं यूनिफॉर्म में था... और ऐसा नहीं करता तो नाहक ही बात और बढ़ जाती.”

# क्या हुआ था वानखेड़े स्टेडियम में?   

साल 2012 में शाहरुख की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को हराया था. मैच खत्म होने के ठीक बाद, स्क्रीन पर कुछ विजुअल्स आए. इनमें स्टेडियम के बीच शाहरुख और एक सिक्योरिटी गार्ड बहस करते दिख रहे थे. फिर MCA ऑफिशियल्स भी वहां जा पहुंचे. बहस तो जल्द ही ख़त्म हो गई, मगर विवाद लंबा चला. MCA ने शाहरुख पर मैच के बाद फील्ड में जाने की कोशिश करने का आरोप लगाया. ये भी कहा कि शाहरुख ने स्टाफ के साथ बदसलूकी की. और उनके लिए अपशब्दों का प्रयोग किया. शाहरुख के खिलाफ़ मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई गई. MCA ने शाहरुख को पांच साल तक स्टेडियम में आने से बैन कर दिया था. हालांकि ये बैन तीन साल बाद ही हटा दिया गया था. वहीं PTI की रिपोर्ट के मुताबिक शाहरुख ने बदसलूकी की बात खारिज की थी. वो सिर्फ बेटी सुहाना और साथ में मौजूद बाकी बच्चों के लिए सुरक्षात्मक थे.

# ‘आपकी अदालत’ में शाहरुख ने बताया सच

इस घटना के कुछ समय बाद शाहरुख टीवी शो ‘आपकी अदालत’ में गए थे. यहां शाहरुख ने खुलकर अपना पक्ष रखा. उन्होंने कहा, 

"हां मैं बहुत ग़ुस्से में था. और दु:खी था. मेरे बच्चे वहां थे. शायद उनका कोई नियम होगा. मगर वो बहुत सख़्त लहजे में बोले- ‘इन्हें हटाओ यहां से’. मैंने उनसे कहा कि ये हमारे साथ हैं. हमारे बच्चे हैं. हम उन्हें बाहर ही ले ही जा रहे हैं. वहां मौजूद एक शख्स ने एक ऐसा शब्द इस्तेमाल किया जो दिल्ली का होने के नाते मुझे ठीक नहीं लगा. गाली जैसा लगा. बल्कि मराठी में भी उस शब्द को सभ्य नहीं माना जाता. थोड़ा सा रिलीजियस और ग़लत शब्द था वो. मैं अपना आपा खो बैठा. मैं पागल हो गया और पहुंच गया उसके पास."

शाहरुख खान ज्यादातर संतुलित और मृदुभाषी ही पाए गए हैं. मगर बच्चों के लिए सख़्त लहजा उन्हें नागवार गुज़र गया. उनके वर्कफ्रंट की बात करें, तो इन दिनों वो अपनी फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग कर रहे हैं. इसमें उनके बेटी सुहाना भी काम कर रही है. ये फिल्म 24 दिसंबर, 2026 को रिलीज़ होगी. 

वीडियो: शाहरुख़ खान ने IPL के लिए बांग्लादेशी खिलाड़ी को खरीदा, भाजपा नेता ने 'देशद्रोही' के आरोप लगाए

Advertisement

Advertisement

()