The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Shahrukh Khan Suhana film to be directed by Kahani fame Sujoy Ghosh

शाहरुख-सुहाना खान की फिल्म को वो डायरेक्टर बनाएंगे, जिन्होंने कमाल की थ्रिलर फ़िल्में दी हैं

इसे एक एक्शन थ्रिलर फिल्म बताया जा रहा है, जिसे 2024 में रिलीज़ किया जाएगा.

Advertisement
pic
27 जून 2023 (अपडेटेड: 27 जून 2023, 02:29 PM IST)
shahrukh khan suhana movie sujoy ghosh
शाहरुख अपने बेटे आर्यन की वेब सीरीज़ में भी कैमियो करने वाले हैं.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Shah Rukh Khan और उनकी बेटी Suhana एक फिल्म में साथ काम करने वाले हैं. ये सुहाना की दूसरी फिल्म होगी. हालांकि सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली ये उनकी पहली फिल्म है. वो अपना डिजिटल डेब्यू Zoya Akhtar की फिल्म The Archies से करने जा रही हैं. ये फिल्म इसी साल नेटफ्लिक्स पर आने वाली है. शाहरुख और सुहाना वाली फिल्म को लेकर ज़्यादा अपडेट बाहर नहीं आए थे. हालांकि अब फिल्म के डायरेक्टर का नाम बाहर आया है. पिंकविला में छपी रिपोर्ट के मुताबिक इस फिल्म को सुजॉय घोष बनाएंगे. वो इससे पहले ‘कहानी’ और ‘बदला’ जैसी फिल्में भी बना चुके हैं. 

‘बदला’ को शाहरुख और गौरी की कंपनी रेड चिलीज़ ने ही प्रोड्यूस किया था. रेड चिलीज़ वाले ही सुहाना की फिल्म भी बना रहे हैं. लेकिन वो अकेले इसके प्रोड्यूसर नहीं. सिद्धार्थ आनंद की कंपनी मारफ्लिक्स भी फिल्म की को-प्रोड्यूसर है. ये एक बड़े लेवल की एक्शन थ्रिलर फिल्म होने वाली है. रिपोर्ट के अनुसार शाहरुख ने सिद्धार्थ आनंद को प्रोजेक्ट से जोड़ने का फैसला किया. वो चाहते हैं कि सिद्धार्थ फिल्म के लिए धांसू किस्म का एक्शन प्लान करें. फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू हो गया है. राइटिंग में आखिरी स्टेज के बदलाव किए जा रहे हैं. सब कुछ ठीक रहा तो 2023 के अंत में फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी. मेकर्स चाहते हैं कि 2024 में फिल्म को सिनेमाघरों में उतारा जाए. 

फिल्म में शाहरुख का रोल क्या होगा, इसे लेकर कोई डिटेल बाहर नहीं आई है. बताया जा रहा है कि स्क्रीनटाइम के लिहाज़ से उनका रोल ‘डियर ज़िंदगी’ जैसा होगा. उस फिल्म में शाहरुख ने एक्स्टेंडेड कैमियो किया था. रिपोर्ट के मुताबिक रेड चिलीज़ और सुजॉय घोष लंबे समय से कॉन्टैक्ट में हैं. सुजॉय ने उनके लिए ‘बदला’ बनाई. उसके बाद सुजॉय की बेटी दिया अन्नपूर्णा घोष ने ‘कहानी’ की स्पिन ऑफ ‘बॉब बिस्वास’ बनाई. रेड चिलीज़ ने ही इस फिल्म को भी प्रोड्यूस किया था. ‘बॉब बिस्वास’ सीधा ज़ी5 पर रिलीज़ हुई थी. 

शाहरुख की बात करें तो 2023 में उनकी तीन फिल्में प्लान की गई थीं. ‘पठान’ आ चुकी है. ‘जवान’ का काम पूरा हो चुका है. वो 07 सितंबर को रिलीज़ होने को तैयार है. उसके बाद उनकी अगली रिलीज़ है ‘डंकी’. बताया जा रहा है कि शाहरुख का फिल्म पर 15 दिनों का काम बाकी है. 2024 में वो ‘टाइगर वर्सेज़ पठान’ की शूटिंग शुरू करने वाले हैं. उसे सिद्धार्थ आनंद ही बनाएंगे. वो फिल्म 2025 तक रिलीज़ हो पाएगी. अभी तक के शेड्यूल के हिसाब से शाहरुख अगले साल सिर्फ सुहाना वाली फिल्म में नज़र आएंगे. शाहरुख सिर्फ अपनी बेटी के प्रोजेक्ट में ही काम नहीं करने वाले. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वो अपने बेटे आर्यन की डेब्यू वेब सीरीज़ में भी कैमियो करने वाले हैं. छह एपिसोड की इस सीरीज़ को ‘स्टारडम’ ने नाम से बनाया जा रहा है. आर्यन ने इसकी स्क्रिप्ट लिखी है और वो ही इसे डायरेक्ट भी करने वाले हैं. बताया जा रहा है कि शाहरुख के अलावा इस सीरीज़ में रणवीर सिंह का भी कैमियो होगा.

वीडियो: दी सिनेमा शो: शाहरुख खान और सुहाना खान, सिद्धार्थ आनंद की फिल्म में साथ नज़र आ सकते हैं

Advertisement

Advertisement

()