The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Shahrukh Khan starrer Jawan leaked dialogue is not genuine, here is the original video

'जवान' से लीक हुए शाहरुख खान के डायलॉग की कहानी कुछ और ही निकली

पहले फोटो, फिर वीडियो, उसके बाद गाना और अब डायलॉग लीक! पब्लिक का कहना है कि ये 'जवान' के मेकर्स का ही खेल है.

Advertisement
pic
26 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 3 मई 2023, 12:33 PM IST)
jawan, shahrukh khan, jawan leaked,
'जवान' पोस्टर पर शाहरुख खान. दूसरी तरफ 2011 वाले ऐड में शाहरुख.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Shahrukh Khan की Jawan से फोटोज-वीडियोज़ और गाने के बाद अब डायलॉग लीक होने की बात कही जा रही है. शाहरुख के कुछ फैन अकाउंट्स एक ऑडियो क्लिप शेयर कर रहे हैं. इसमें शाहरुख कुटिल हंसी हंसते हुए कहते हैं-

''घोड़े मार दिए सभी, हाथी को भी ढेर किया. गिरा दिए वज़ीर सारे, पैदल को भी नहीं छोड़ा. सबको मात देगा. सारे राजा पहुंचे हैं जहां, बाज़ी तो वहां से शुरू होती है. राजाओं के बीच मुक़ाबला अभी बाकी है.'' 

पहले तो शाहरुख के फैन्सइस शख्स पर खिसियाए कि फैन होकर खुद के स्टार की फिल्म का मटीरियल लीक करता है. फिर पता चला कि वो 'जवान' का डायलॉग है ही नहीं. वो 12 साल पुराने ऐड का ऑडियो है. शाहरुख खान ने 2011 में नोकिया चैंपियंस लीग 20-20 के लिए एक प्रमोशनल ऐड शूट किया था. ये डायलॉग वहीं का है. यहां देखिए वो ऐड-

मसला ये है कि शाहरुख के फैन्स कब से 'जवान' के अपडेट्स मांग रहे हैं. उनका कहना है कि फिल्म की रिलीज़ में एक महीने से कुछ ज़्यादा दिन बाकी हैं. और अब तक मेकर्स ने फिल्म का टीज़र तक रिलीज़ नहीं किया है. फैन्स को जो कुछ भी पता चला है लीक्ड वीडियोज़ और फोटोज़ से पता चला है. इसलिए वो उकता गए हैं. शाहरुख से जुड़ी कोई भी चीज़ आ रही है, उसे 'जवान' से जोड़ दिया जा रहा है.

दूसरी तरफ रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट 'जवान' से लीक होतीं तस्वीरें, वीडियोज़ और गानों पर रोक लगाने के लिए कोर्ट पहुंच गई. दिल्ली हाई कोर्ट ने आदेश दिया कि सभी सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स से 'जवान' से लीक हुईं चीज़ें डिलीट की जाएं. हालांकि ये भी एक किस्म की प्रमोशनल स्ट्रैटेजी ही लग रही है. पब्लिक का कहना है कि 'जवान' के मेकर्स खुद ही फिल्म से जुड़ी चीज़ें लीक कर रहे हैं, मगर उसका ठीकरा फैन्स के मत्थे फोड़ रहे हैं. फिर मना कर दे रहे हैं कि वो हिस्सा 'जवान' का है ही नहीं.

अच्छा आप उदाहरण से समझिए. यशराज फिल्म्स 'पठान' बना रही थी. लीक्स को लेकर उनकी बड़ी सख्त पॉलिसी है. वो उसके खिलाफ हैं. 'पठान' की दो-तीन सालों की मेकिंग में फिल्म के सीन्स छोड़िए, शाहरुख की सिर्फ एक फोटो बाहर आ पाई थी. उस धुंधली फोटो से लोगों को पता चला कि वो फिल्म में लंबे बालों वाला लुक कैरी करने वाले हैं. इसके अलावा 'पठान' से कुछ भी बाहर नहीं आया था. प्लानिंग ऐसी कि उस लुक में शाहरुख तीन सालों में एक भी बार मीडिया के सामने नहीं आए.  

मगर 'जवान' से हर हफ्ते कुछ न कुछ लीक हो जा रहा है. मेकर्स शायद इन्हीं इन-डायरेक्ट तरीकों से फिल्म को खबरों में बनाए रखना चाहते हैं. इन चीज़ों के फेर में 'जवान' की लगातार बात हो रही है. यही तो प्रमोशन है. 'जवान' 2 जून को रिलीज़ होने वाली है.

वीडियो: शाहरुख खान की 'जवान' के मेकर्स का कॉन्फिडेंस, फिल्म कंप्लीट हो जाएगी, फिर भी 20 दिन बचेंगे

Advertisement

Advertisement

()