सलमान की 'टाइगर 3' के साथ आएगा शाहरुख की 'डंकी' का टीज़र!
'जवान' के लहर में 'डंकी' की बात ही बंद हो गई थी. ऐसे में ये कहा जाने लगा कि फिल्म पोस्टपोन हो सकती है. अब टीज़र रिलीज़ की खबर आई है.
.webp?width=210)
Jawan की लहर में Shahrukh Khan की अगली फिल्म Dunki थोड़ी दब गई थी. फिल्म की कोई खोज-खबर नहीं चल रही थी. फिर अचानक फैन्स का ध्यान उस फिल्म पर गया. अटकलें लगने लगीं कि कहीं ये फिल्म पोस्टपोन तो नहीं हो रही. मगर मेकर्स अपने बयान पर अड़े रहे कि फिल्म 22 दिसंबर को ही रिलीज़ होगी. अब 'डंकी' का टीज़र रिलीज़ किए जाने की बात कही जा रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक मेकर्स दीवाली के आसपास फिल्म का टीज़र लॉन्च करना चाहते हैं.
बॉलीवुड हंगामा में सूत्रों के हवाले से एक रिपोर्ट छपी. इसमें बताया गया कि राजकुमार हिरानी दीवाली वाले सीज़न में 'डंकी' का टीज़र रिलीज़ करने पर विचार कर रहे हैं. इसलिए वो चाहते हैं कि फिल्म पर उसी टाइमलाइन के हिसाब से काम हो. ताकि तय समय पर रिलीज़ के लिए फिल्म को रेडी किया जा सके.
इंट्रेस्टिंग बात ये कि दीवाली के मौके पर ही सलमान खान की 'टाइगर 3' थिएटर्स में लगनी है. ऐसे में ये चर्चा भी चल रही है कि 'डंकी' का टीज़र डिजिटली पहले रिलीज़ किया जा सकता है. थिएटर्स में दिखाने के लिए उस टीज़र को 'टाइगर 3' के साथ अटैच किया जा सकता है.
जहां तक 'टाइगर 3' का सवाल है, तो खबरें हैं कि सलमान की इस फिल्म का टीज़र 'जवान' की प्रिंट के साथ अटैच किया जा सकता है. 'टाइगर 3' से अब तक कोई प्रमोशनल मटीरियल बाहर नहीं आया. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि 26 अगस्त के आसपास फिल्म के पोस्टर्स आ सकते हैं. और सितंबर के पहले हफ्ते में 'टाइगर 3' का टीज़र डिजिटली रिलीज़ किया जाएगा. 7 सितंबर को 'जवान' रिलीज़ हो रही है. ऐसे में 'टाइगर 3' का टीज़र शाहरुख खान की 'जवान' के साथ सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा.
वापस 'डंकी' पर आते हैं. ये वो पहली फिल्म होगी, जिस पर शाहरुख खान और राजकुमार हिरानी साथ काम कर रहे हैं. शाहरुख के साथ इस फिल्म में तापसी पन्नू, विकी कौशल, बोमन ईरानी और सतीष शाह जैसे एक्टर्स के नज़र आने की खबरें हैं. 'डंकी' 22 दिसंबर को सिनेमाघरों में लगने वाली है.
वीडियो: शाहरुख खान की कुछ फोटो वायरल हैं, जो डंकी के सेट से लीक हुई बताई जा रही हैं

