The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Shahrukh Khan starrer Dunki makers to release four more teasers before release

शाहरुख खान की 'डंकी' के 4 और टीज़र आने हैं!

Shahrukh Khan की Dunki के मेकर्स ने टीज़र्स के माध्यम से ही फिल्म को प्रमोट करने का फैसला लिया है.

Advertisement
pic
4 नवंबर 2023 (पब्लिश्ड: 02:35 PM IST)
dunki teaser, shahrukh khan,
'डंकी' टीज़र में शाहरुख खान.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Shahrukh Khan की Dunki का पहला टीज़र आया. उसके लेकर तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. मगर मेकर्स आश्वस्त हैं. क्योंकि उन्हें पता है उनका कॉन्टेंट तगड़ा है. प्लस उन्होंने दर्शकों के लिए कई सरप्राइज़ प्लान कर रखे हैं. 'डंकी' के पहले टीज़र को Drop 1 नाम दिया गया. इससे ये तो साफ हो गया कि 'डंकी' के एक से ज़्यादा टीज़र्स आने हैं. अब पता चला है कि इस फिल्म के कुल पांच टीज़र्स रिलीज़ किए जाने हैं. इन्हें नियमित अंतराल पर रिलीज़ किया जाना है. बताया जा रहा है कि मेकर्स इन टीज़र्स के माध्यम से ही पूरे प्रमोशन प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहते हैं.

शाहरुख खान के बर्थडे पर 2 नवंबर को 'डंकी' का टीज़र रिलीज़ किया गया. अब फिल्म से दो नए पोस्टर्स आए हैं. पहले टीज़र को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया पर शाहरुख ने खुद बात की थी. उन्होंने एक फैन इवेंट में कहा था कि इस टीज़र का मक़सद ये था 'डंकी' की दुनिया से दर्शकों को अवगत कराना. उन्हें ये बताना कि ये फिल्म किस बारे में है? किन लोगों के बारे में है? वो कहां से आते हैं? क्या करते हैं? पहले टीज़र ने तकरीबन इन सभी सवालों के जवाब दे दिए हैं. उन्होंने ये भी कहा था कि आगे और भी काफी कुछ आने वाला है.

एंटरटेनमेंट और ट्रेड पोर्टल Sacnilk.com के मुताबिक हिरानी एंड कंपनी ने 'डंकी' के चार नए टीज़र्स तैयार किए हैं. इनमें से तीन टीज़र को सेंसर बोर्ड ने U/A सर्टिफिकेट देकर पास कर दिया है. यानी इसे हर उम्र के लोग देख सकते हैं. मगर 12 साल से कम उम्र के बच्चे इसे अपने माता-पिता के गाइडेंस में देख सकते हैं. हालांकि 'डंकी' के चौथे (ओवरऑल पांचवें) टीज़र को लेकर कंफ्यूज़न बना हुआ है. ऐसा इसलिए है क्योंकि 'डंकी' से अब तक जो कुछ भी मटीरियल बाहर आया है, वो हंसता-खेलता सा है. जबकि ये फिल्म 'डंकी फ्लाइट' जैसे बेहद सीरियस मसले पर बेस्ड है. बताया जाता है कि इल्लीगल इमिग्रेशन के चक्कर में हर साल न जाने की कितने लोगों की जाने जाती हैं. इसलिए ऐसी उम्मीद की जा रही है कि 'डंकी' का चौथा टीज़र इन हत्याओं के बारे में बात कर सकता है. साथ ही इस टीज़र में फिल्म के इमोशनल पक्ष पर जोर रखा जाना है.

'डंकी' के पहले टीज़र को देखने के बाद कई तरह की बातें हो रही हैं. कोई कह रहा है कि इस फिल्म से 'ज़ीरो' वाली फीलिंग आ रही है. वहीं कुछ लोग ये कह रहे हैं कि 'डंकी', मलयालम भाषा की फिल्म CIA (कॉमरेड इन अमेरिका) की रीमेक है. हालांकि 'डंकी' का इन दोनों फिल्मों से कुछ लेना-देना हो. इसकी संभावना बहुत कम है. CIA इल्लीगल तरीके से अमेरिका जाने की कहानी थी. 'डंकी' ग़ैर-कानूनी तरीके से लंदन पहुंचने की कहानी है. इन दोनों कहानियों में बुनियादी समानताओं के बावजूद हमें राजकुमार हिरानी के क्राफ्ट और विवेक पर भरोसा रखना चाहिए. हिरानी कभी फिल्मों को रीमेक करने के पक्षधर नहीं रहे हैं. और जब वो शाहरुख के करियर के पीक पर उनके साथ फिल्म बना रहे हैं, तो उसके रीमेक होने की संभावनाएं और कम हो जाती हैं. हालांकि जब तक फिल्म देख नहीं ली जाए, तब तक पक्के तौर पर इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाज़ी होगी.

'डंकी' में शाहरुख खान के साथ तापसी पन्नू, विकी कौशल, बोमन ईरानी, विक्रम कोचर और अनिल ग्रोवर जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. पिक्चर को डायरेक्ट किया है राजकुमार हिरानी ने. 'डंकी' क्रिसमस 2023 के मौके पर सिनेमाघरों में लगनी है. ऑफिशियल रिलीज़ डेट अब तक नहीं बताई गई है. 

वीडियो: डंकी के राइटर अभिजात जोशी बोले, हिरानी की फिल्मों में तीन चीज़ें होती हैं, शाहरुख खान जादू लेकर आए

Advertisement

Advertisement

()