एडवांस बुकिंग से 'पठान' की कमाई देख शाहरुख खान खुश हो जाएंगे
36 घंटे के अंदर ही बिक गए थे 'पठान' के 4 लाख टिकट, कमा डाले इतने करोड़ रुपए.

'पठान' को आप साल की सबसे ज़्यादा इंतज़ार की जाने वाली फ़िल्म कह सकते हैं. कारण है इससे शाहरुख खान चार साल के बाद वापसी कर रहे हैं. माना जा रहा है फ़िल्म पहले ही दिन टिकट खिड़की पर फोड़ने वाली है. एडवांस टिकट बुकिंग भी इसी ओर इशारा कर रही है. ऐसा लग रहा है कि 'पठान' के इर्दगिर्द जारी विवादों का उसे लाभ हो रहा है. बॉयकॉट पठान का फिलहाल कोई नुकसान होता नज़र नहीं आ रहा है. अब तक फ़िल्म बिना रिलीज़ हुए ही क़रीब 15 करोड़ कमा चुकी है.
'पठान' के तेलुगु और हिंदी वर्जन के सबसे ज़्यादा टिकट बिके हैं. इसके सहारे फ़िल्म ने अभी ही 14.66 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. Sacnilk के मुताबिक इसमें से 1.77 करोड़ तो सिर्फ़ दिल्ली और एनसीआर रीज़न का ही शेयर है. बाक़ी फ़िल्म ने मुंबई रीज़न से भी 1.74 करोड़ कमाए हैं. कोलकाता से भी 1.7 करोड़ रुपए जुटाए हैं. बेंगलुरु और हैदराबाद में भी एक करोड़ के ऊपर की एडवांस बुकिंग हुई है. पूरे भारत में 20 तारीख को 'पठान' के 4 लाख 75 हजार के ऊपर टिकट बुक हुए हैं.
2022 में रणबीर कपूर की 'ब्रह्मास्त्र' ने एडवांस बुकिंग से 19.66 करोड़ कमाए थे. साल की तीसरी सबसे बड़ी हिट 'भूल भुलैया 2' की 6.55 करोड़ की एडवांस बुकिंग हुई थी. आमिर खान की 'लाल सिंह चड्ढा' का एडवांस बिजनेस 5.52 करोड़ था. चूंकि हमने 'पठान' के जो आंकड़े आपको बताए वो 20 तारीख तक के हैं, यानी अभी इसके पास 4 दिन और हैं. कहने का मतलब है ‘पठान’ अयान मुखर्जी की 'ब्रह्मास्त्र' को पीछे छोड़ सकती है.
बॉलीवुड हंगामा में छपी रिपोर्ट के मुताबिक फ़िल्म को 40 करोड़ के आसपास की ओपनिंग मिलेगी. ये शाहरुख की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग पाने वाली फ़िल्म 'हैप्पी न्यू इयर' से बस 5 करोड़ कम है. बाक़ी असली मामला तो फ़िल्म रिलीज़ होने के बाद पता चलेगा.
शुक्रवार को खबर आई थी कि 36 घंटे के अंदर ही 'पठान' के चार लाख से ज़्यादा टिकट बिक गए थे. इसमें बड़ी बात ये है कि एडवांस बुकिंग का 26 प्रतिशत हैदराबाद, बेगलुरु और चेन्नई से आया था. इंडिया में 18 तारीख से 'पठान' की छिटपुट एडवांस बुकिंग शुरू हुई थी. 20 जनवरी से मामला फुल फ्लेज़्ड तरीके से चालू हो गया था.
'पठान' में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम जैसे एक्टर्स भी काम कर रहे हैं. बताया ये भी जा रहा है कि 'पठान' में सलमान सिर्फ ब्लिंक एंड मिस रोल में नहीं दिखेंगे. बकायादा उनका 15-20 मिनट का स्क्रीनटाइम होगा. YRF ने उनके करियर का सबसे धांसू एंट्री सीक्वेंस प्लान किया है. क्योंकि उन्हीं की वजह से YRF का स्पाई यूनिवर्स शुरू हुआ है. पिक्चर को डायरेक्ट किया है सिद्धार्थ आनंद ने. रिलीज़ डेट है 25 जनवरी.
वीडियो: शाहरुख की 'पठान' के खिलाफ तोड़फोड़ के बाद गुजरात सरकार का ऐलान, सिनेमाघरों को सुरक्षा देगी पुलिस

