अगली फिल्म में पुलिस वाले बनेंगे शाहरुख खान!, धांसू लुक वायरल
Shahrukh Khan ने साल 2001 में आई फिल्म One 2 Ka 4 और 2023 में आई Jawan में पुलिस ऑफिसर का रोल प्ले किया है.

Shahrukh Khan ने Pathaan, Jawan और Dunki के बाद ब्रेक लिया. 2024 में उनकी एक भी फिल्म रिलीज़ नहीं हुई. मगर उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स की चर्चा ज़रूर हुई. कहा गया कि वो जल्द ही King नाम की फिल्म में दिखाई देंगे. मगर धीरे-धीरे इस पिक्चर को लेकर भी अपडेट्स आने कम हो गए. अब इंटरनेट पर शाहरुख की एक तस्वीर वायरल हो रही है. इसमें वो पुलिस की वर्दी में, बाइक पर सवार हैं. लोग इस फोटो को उनकी अगली फिल्म से जोड़ रहे हैं.
शाहरुख खान के कई फैन पेज ने उनकी ये तस्वीर शेयर की है. जिसमें लिखा है - कमिंग सून. फोटो को लेकर कई तरह की बातें चल रही हैं. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स से में कहा जा रहा है कि ये उनकी अगली फिल्म का पोस्टर होने वाला है. जिसमें वो एक दबंग पुलिस ऑफिस के रोल में होंगे. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि ये फोटो शाहरुख के किसी नए ऐड की है. जिसे जल्द लॉन्च किया जाएगा. ये ऐड या तो किसी मोटरबाइक की कंपनी का होगा या किसी इंजन ऑयल का.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोग इस पोस्टर को शेयर करके तरह-तरह के अटकले लगा रहे हैं. किसी का कहना है कि शाहरुख राजस्थानी किरदार में दिखाई देंगे. किसी का कहना है कि वो कैस्ट्रॉल ड्राइव इंडिया के ऐड में होंगे. ये इसलिए भी सच हो सकता है क्योंकि शाहरुख कैस्ट्रॉल के ब्रैंड एम्बैस्डर हैं. आठ महीने पहले उन्होंने कंपनी के लिए ऐड शूट किया था. जिसमें वो अपने 'पठान' वाले लुक में दिखाई दे रहे थे.
वैसे कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि शाहरुख ने शूजीत सरकार के साथ एक ऐड शूट किया है. जिसे मुंबई के महबूब स्टूडियो में शूट किया गया था. सेट से शाहरुख की तस्वीर भी सामने आई थी. जिसमे वो एप्रन पहने किसी शेफ के रोल में दिख रहे थे. बताया गया कि वो एक बिस्कुट का ऐड है. शाहरुख के लुक की वायरल तस्वीर तो फिलहाल इंटरनेट से हटवा दी गई है. मगर उस तस्वीर और ये पुलिस वाली तस्वीर में कोई भी समानता नहीं है. इसलिए संभव है कि शूजीत वाला ऐड अलग हो और ये पुलिस की वर्दी वाला ऐड अलग.

अगर उनकी इस तस्वीर को शाहरुख की अगली फिल्म से जोड़ें तो भी उनका पुलिस वाले लुक में होना संभव नहीं.क्योंकि बताया जा रहा है कि 'किंग', हॉलीवुड फिल्म Leon: The Professional पर बेस्ड होगी. ये इंग्लिश-फ्रेंच भाषा की फिल्म है. 1994 में आई थी. एक हिटमैन यानी सुपारी किलर की कहानी है. जिसके साथ अचानक से एक 12 साल की बच्ची आकर रहने लगती है. किसी ने उसके माता-पिता का कत्ल कर दिया है. वो किलर उस बच्ची को तमाम तरह के हथियारों और बंदूकों के बारे में बताता है. बच्ची को भी ट्रेन कर देता है. बाद में वो बच्ची उसी ट्रेनिंग की बदौलत अपने माता-पिता का बदला लेती है.
इस फिल्म में सुहाना खान ही वो बच्ची बनी हैं. जिन्हें शाहरुख का किरदार ट्रेनिंग देता है. कुछ रोज़ पहले ये भी खबर आई कि 'किंग', सिर्फ लियोन से इंस्पायर्ड होगी. 'किंग' में पहले शाहरुख का कैमियो जैसा रोल होने वाला था. मगर स्क्रिप्ट को इतना मॉडिफाई किया गया कि मेन हीरो शाहरुख खान ही बन चुके हैं. ये भी रिपोर्ट्स हैं कि पहले इस पिक्चर को सुजॉय घोष बनाने वाले थे. मगर अब 'पठान' वाले सिद्धार्थ आनंद इसे बनाएंगे.
बाकी, शाहरुख के इस पुलिस वाले लुक को लेकर अभी तक कोई ऑफिशियल कंफर्मेशन या घोषणा नहीं हुई है. रही बात उनकी अगली फिल्म की तो 'किंग' से फारिग होने के बाद वो 'पठान 2' पर काम करेंगे. जिसकी स्क्रिप्टिंग चालू हो चुकी है.
वीडियो: मीका सिंह ने बताया शाहरुख खान ने उनके दिए गिफ्ट को क्यों कहा वापस ले जाओ?

.webp?width=60)

