The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Shahrukh Khan is speculated to do Prashanth Neel film Ravanam post King

'सलार' वाले डायरेक्टर की ड्रीम फिल्म में शाहरुख खान? बनेंगे रावण!

'रावणम्' प्रशांत नील की ड्रीम फिल्म है. प्रभास और अल्लू अर्जुन के बाद अब इससे शाहरुख का नाम जुड़ा है.

Advertisement
pic
13 मई 2026 (अपडेटेड: 13 मई 2026, 01:02 PM IST)
Shahrukh Khan in Ravanam, Prashanth Neel and Prabhas
शाहरुख खान से पहले प्रभास और फिर अल्लू अर्जुन का नाम प्रशांत नील की 'रावणम्' से जुड़ा था.
Quick AI Highlights
Click here to view more

डायरेक्टर Prashanth Neel के ज़ेहन में सालों से एक फिल्म है. टाइटल है Ravanam. ये उनकी ड्रीम फिल्म है. और इसे वो बड़े स्केल पर बनाना चाहते हैं. पहले ख़बरें आईं कि प्रशांत नील इसे Prabhas के साथ बनाएंगे. फिर बीते साल तेलुगु न्यूज़ पोर्टल वेदी वेदिगा ने लिखा कि अब प्रशांत नील की इस फिल्म में लीड रोल अल्लू अर्जुन करेंगे. मगर अल्लू अर्जुन फिलहाल Atlee की Raaka की शूटिंग में व्यस्त हैं. और इसके बाद Lokesh Kanagaraj की AA23 कतार में है. ऐसे में प्रशांत नील की इस फिल्म को अल्लू अर्जुन कब कर सकेंगे, ये कह पाना मुश्किल है. इन सब चर्चाओं के बीच एक बड़ा नाम सामने आ रहा है. और वो नाम है Shahrukh Khan. सोशल मीडिया पर पढ़ने में आ रहा है कि प्रशांत नील और शाहरुख के बीच इस फिल्म को लेकर चर्चा शुरू हुई है. और शाहरुख ने फिल्म के कॉन्सेप्ट में रुचि भी दिखाई है. अभी किसी पक्ष की तरफ़ से कोई स्टेटमेंट या हिंट नहीं मिला है. इसलिए लल्लनटॉप इसे पुष्ट ख़बर नहीं मानता है. मगर इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों से चर्चा के आधार पर कहा जा रहा है कि शाहरुख और प्रशांत नील इस फिल्म को लेकर लगातार संपर्क में हैं.

# ऐसी है रावणम् की कहानी 

IMDb के मुताबिक फिल्म की कहानी एक ऐसे इंसान की है जो मौत के बाद एक पैरलल यूनिवर्स में फंस जाता है. वो वहां का राजा नहीं बल्कि एक गैंगस्टर होता है. खबर ये भी है कि फिल्म को दिल राजू प्रोड्यूस करेंगे. वही प्रोड्यूसर जो सलमान खान और वामसी पैडिपली की SVC63 के प्रोड्यूसर हैं. रावणम् KGF फ्रैंचाइज़ और 'सलार' की ही तरह एक लार्जर दैन लाइफ कैरेक्टर फिल्म बताई जा रही है.

यूं तो शाहरुख खान नेगेटिव और ग्रे कैरेक्टर पहले भी कर चुके हैं. और दर्शकों ने उन्हें डार्क शेड के रोल्स में पसंद भी किया. मगर ‘रावणम्’ अलग ही ज़ोन की फिल्म है. और ‘सलार’ से प्रशांत नील के क्राफ्ट का अंदाज़ा भी लगता है. ऐसे में यदि ये कॉम्बिनेशन स्क्रीन पर आता है, तो धमाकेदार फिल्म की उम्मीद की जा सकती है. पब्लिक इसकी स्टोरीलाइन सुनकर ही उत्साहित है. हालांकि यदि शाहरुख इस फिल्म के लिए हामी भरते भी हैं, तो भी इसकी शूटिंग इस साल तो शुरू होना मुश्किल है. फिलहाल तो शाहरुख की ‘किंग’ की शूटिंग में बिज़ी हैं. 24 दिसंबर को ये रिलीज़ होगी. संभवत: इसके बाद ही शाहरुख नया प्रोजेक्ट शुरू करेंगे. कुछ रिपोर्ट्स में ये भी कहा गया था कि ‘किंग’ के बाद शाहरुख एक ब्रेक लेंगे. इस तरह इसकी शूटिंग 2027 में ही शुरू हो सकेगी. 

अप्रैल में ख़बर आई थी कि शाहरुख संजय लीला भंसाली के साथ एक बडे़ बजट की रोमैंटिक ड्रामा फिल्म कर सकते हैं. ‘मैं हूं ना 2’ की भी चर्चाएं हैं. अब इन प्रोजेक्ट्स में से वो किसे तरजीह देंगे, ये तो वक्त ही बताएगा. रही प्रशांत नील की बात, तो 11 जून को उनकी ‘ड्रैगन’ रिलीज़ होगी. इसमें Jr NTR लीड हैं. फिर ‘सलार 2’ की भी ख़बरें हैं. मगर प्रभास के मौजूदा लाइनअप को देखते हुए अगले दो-तीन साल तो ‘सलार 2’ धरातल पर आती नहीं दिखती. मुमकिन है कि इसी विंडो में प्रशांत नील अपनी ‘रावणम’ को आकार देंगे. 

वीडियो: 'मैं हूं ना 2' में नज़र आएंगे शाहरुख़ खान, क्या-क्या प्लान किया है फराह खान ने?

Advertisement

Advertisement

()