The Lallantop
Advertisement

शाहरुख खान की 'जवान' के खिलाफ ट्वीट करने के लिए लोगों को लाखों रुपए दिए जा रहे हैं?

शाहरुख खान के फैन्स का दावा है कि 'जवान' के खिलाफ एक गैंग काम कर रही है, जो बोल रही है कि फिल्म के गाने अच्छे नहीं हैं.

Advertisement
pic
16 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 16 अगस्त 2023, 05:26 PM IST)
shahrukh khan, jawan,
'जवान' के गाने 'चलेया' में शाहरुख खान और नयनतारा.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Shahrukh Khan की फिल्म आ रही है Jawan. पहले Prevue आया. उसके बाद से दो गाने Zinda Banda और Chaleya रिलीज़ किए जा चुके हैं. 'ज़िंदा बंदा' को कुछ खास पसंद नहीं किया गया. कहा गया कि ये गाना शाहरुख खान पर फिट नहीं हो रहा है. जब 'चलेया' आया, उसे 'ज़िंदा बंदा' से बेहतर बताया गया. मगर कहा गया कि शाहरुख खान के गाने वाली वाइब नहीं आ रही है. उसके बाद अचानक से ये खबरें चल निकलीं कि 'जवान' का जो बज़ प्रीव्यू ने सेट किया था, वो गानों की वजह से गड़बड़ा रहा है. इस पर शाहरुख खान फैन्स फायर हो गए हैं. उनका कहना है कि 'जवान' के खिलाफ कोई गैंग काम कर रहा है. वो लोग फिल्म के इर्द-गिर्द नेगेटिविटी फैला रहे हैं. कुछ फैन्स ने तो ये भी बोल दिया कि 'जवान' के खिलाफ ट्वीट करने के लिए सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स को लाखों रुपए दिए जा रहे हैं.

S नाम के सोशल मीडिया यूज़र हैं. उन्होंने कुछ सोशल मीडिया वाले ट्रेड एनलिस्ट लोगों के ट्वीट्स के स्क्रीनशॉट किए. इन सभी ट्वीट्स में कमोबेश एक ही बात लिखी थी. वो ये कि 'जवान' के गानों में मज़ा नहीं आ रहा है. उनका ये भी कहना है कि इन गानों की वजह से फिल्म का बज़ खराब हो गया. शाहरुख को 'जवान' के प्रमोशन कैंपेन को दोबारा से दुरुस्त करना होगा, वरना मामला खराब हो जाएगा. 

Hipster नाम के यूज़र हैं. शाहरुख खान फैन हैं. क्योंकि इनकी डिसप्ले पिक्चर पर शाहरुख की तस्वीर लगी हुई है. इन्होंने ट्वीट कर बताया कि विरोधी धुरे ने बॉक्स ऑफिस से जुड़े लोगों को 'जवान' के खिलाफ नेगेटिविटी फैलाने को कहा है. उन्हें ये नैरेटिव सेट करने को कहा गया है कि 'जवान' के गाने सही नहीं हैं. उन्होंने ये भी बताया कि 'जवान' का बज़ अभी कम इसलिए हो गया है क्योंकि अभी नॉर्थ में 'गदर 2' और OMG 2 चल रही हैं. वहीं साउथ में 'जेलर' का रौला है. 'जवान' के मेकर्स प्रमोशन के लिए कमर कसके बैठे हैं.

हिपस्टर ने एक अन्य ट्वीट में ये भी बताया कि उनकी एक फेमस यूट्यूबर से बात हुई है. जिन्होंने कहा कि 'जवान' के खिलाफ ट्वीट करने के लिए उन्हें 1 से 1.5 लाख रुपए ऑफर किए गए हैं. मगर ये ऑफर उन्हें किसी शख्स की ओर से नहीं, बल्कि एक एजेंसी की तरफ से आया है.

ये तो हो गई फैन्स की बात. जो अपने पसंदीदा स्टार के खिलाफ कुछ भी बुरा नहीं सकते. मगर 'जवान' का प्रीव्यू भयंकर था. उसकी तुलना में गाने कमज़ोर हैं, ये शाहरुख फैन्स को भी स्वीकार करना चाहिए. अनिरुद्ध रविचंदर साउथ इंडियन कंपोज़र हैं. उन्हें पता है कि साउथ में क्या चलता है. हिंदी फिल्मों में शाहरुख खान के लिए कैसे गाने बनाए जाते हैं, शायद इसकी उन्हें उतनी समझ नहीं है. उन्होंने अपनी तरफ से भरपूर कोशिश की. 'ज़िंदा बंदा' को थिएटर्स के लिए बनाया गया है. 'चलेया' समय के साथ ग्रो होगा. ये सब कमज़ोर डिफेंस है.

'जवान' बड़ी ओपनिंग लेगी, इसमें कोई संदेह नहीं है. ये बात फिल्म के प्रीव्यू के बाद साफ हो गई थी. आगे आने वाले गानों पर बहुत कुछ निर्भर करेगा. प्लस फिल्म का दूसरा ट्रेलर तय करेगा कि 'जवान' का भविष्य क्या होता है.

'जवान' में शाहरुख के साथ नयनतारा, विजय सेतुपति, दीपिका पादुकोण और सान्या मल्होत्रा ने काम किया है. इस फिल्म को एटली ने डायरेक्ट किया है. पिक्चर 7 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो रही है. 

वीडियो: जवान ट्रेलर प्रीव्यू में शाहरुख खान ने 'पठान' से भी तगड़ा ऐक्शन किया है!

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()