'धुरंधर 2' के बाद आदित्य धर के साथ काम करने के लिए तड़प रहे हैं शाहरुख खान?
शाहरुख खान के हवाले से 'धुरंधर 2' का एक रिव्यू इंटरनेट पर वायरल हो रहा है. इसके मुताबिक शाहरुख ने कहा, "उम्मीद है आदित्य धर किसी दिन मुझे भी कोई फिल्म देंगे."

Ranveer Singh की Dhurandhar 2 की तारीफ़ पब्लिक ही नहीं, सुपरस्टार्स भी कर रहे हैं. इनमें Rajinikanth, Akshay Kumar, Allu Arjun, Hrithik Roshan और Alia Bhatt जैसे नाम शामिल हैं. सभी ‘धुरंधर 2’ की शान में कसीदे पढ़ रहे हैं. मगर Shahrukh Khan की तरफ़ से कोई फीडबैक नहीं आया. लेकिन इसी बीच एक स्क्रीनशॉट इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहा है. ये iamsrk नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी का स्क्रीनशॉट है. इसके मुताबिक शाहरुख खान Aditya Dhar के साथ फिल्म करने के लिए तड़प रहे हैं.
इस वायरल इंस्टा स्टोरी में लिखा है,
"अभी धुरंधर 2 देखी. और ईमानदारी से कहूं, तो ये फिल्म आपके साथ ठहर जाती है. ये गर्व और ताक़त से भरी फिल्म है. इसका हर पल सीधे दिल तक पहुंचता है. बेहतरीन परफॉर्मेंस, लाजवाब स्केल और कमाल की स्टोरीटेलिंग. पूरी टीम को ढेर सारा प्यार. उम्मीद है कि आदित्य धर किसी दिन मुझे भी कोई फिल्म देंगे. मैं उनके साथ काम करने के लिए तड़प रहा हूं."

अब पब्लिक के बीच तो ये स्क्रीनशॉट चर्चा का विषय बना हुआ है. शाहरुख के फैन्स ये मैनिफेस्ट भी कर रहे हैं कि शाहरुख, आदित्य धर की इंटेंस फिल्म करेंगे. मगर ये स्क्रीनशॉट फेक है. हालांकि अकाउंट आईडी और शाहरुख की तस्वीर वही है, जो उनकी रियल आईडी पर भी है. मगर शाहरुख ने इंस्टाग्राम पर ऐसी कोई स्टोरी पोस्ट नहीं की. इसलिए ज़ाहिर है कि ये स्क्रीनशॉट फैन मेड यानी फेक है. वहीं शाहरुख का शेड्यूल देखें, तो वो अभी 'किंग' की शूटिंग में व्यस्त हैं. और अब तक उन्होंने 'धुरंधर 2' को लेकर पब्लिकली कोई बयान नहीं दिया है. हालांकि शाहरुख वो इकलौती एक्टर नहीं हैं, जिनके नाम से फर्जी स्क्रीनशॉट्स इंटरनेट पर चल रहे हैं. सुपरस्टार्स के नाम से फर्जी बातें लिखकर उसे इंटरनेट पर वायरल कर देने का इन दिनों चलन सा शुरू हो गया है. जो कि खतरनाक है. और उससे भी बड़ी समस्या ये है कि एक्टर्स खुद आगे आकर उनके हवाले से चल रही पोस्ट्स और खबरों का खंडन भी नहीं करते.
ख़ैर, ये सब बातें अपनी जगह हैं. मगर सोशल मीडिया पर जैसे जंग सी छिड़ गई है. ‘धुरंधर’ फैन्स आदित्य धर को शाहरुख सहित YRF स्पाय यूनिवर्स के एक्टर्स से दूर रहने को कह रहे हैं. जबकि शाहरुख फैन्स का कहना है कि शाहरुख के साथ काम करके उनकी फिल्म और बड़े लीग में आ जाएगी.
हम याद दिला दें, कि ‘धुरंधर 2’ के कारण शाहरुख की DDLJ की पोजिशन उस सिनेमाघर में भी बदल गई, जहां ये पिछले 30 साल से चल रही थी. ये है मुंबई का मराठा मंदिर सिनेमाघर. तीन दशक से हर रोज़ सुबह 11.30 बजे का शो ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ का होता है. मगर बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक DDLJ की जगह वहां 'धुरंधर 2' ने ले ली है. DDLJ को अब मराठा मंदिर में सुबह 10 बजे का स्लॉट अलॉट किया गया है. वहां 'धुरंधर 2' के तीन शो हो रहे हैं. ये दोपहर 1.30 बजे, शाम 5.30 बजे और रात 9.45 बजे के शो हैं. 'धुरंधर 2' का उत्साह देखते हुए उसे मैटिनी और प्राइम टाइम शोज़ दिए गए हैं.
बहरहाल, ‘धुरंधर 2’ के कलेक्शन की बात करें, तो रिलीज़ के बाद पहले सोमवार को इसने 65 करोड़ रुपये का इंडिया नेट कलेक्शन किया. हिंदी सिनेमा के इतिहास में आज तक किसी फिल्म ने रिलीज़ के बाद पहले सोमवार को ये कमाई नहीं की. हिंदी फिल्मों की कमाई देखें, तो अब तक 59.25 करोड़ रुपये की इंडिया नेट कमाई के साथ सलमान की 'टाइगर 3' अव्वल नंबर पर थी. मगर 'धुरंधर 2' ने उसे दूसरे पायदान पर धकेल दिया है. 'पुष्पा 2' हिंदी ने पहले सोमवार को 48 करोड़ रुपये कमाए थे. इसका ओवरऑल फर्स्ट मंडे कलेक्शन 64.45 करोड़ रहा था. मगर ये भी 'धुरंधर 2' से कम है. वहीं 'एनिमल' ने 43.96 करोड़ और 'बाहुबली 2' ने हिंदी बेल्ट में 40.25 करोड़ रुपये का इंडिया नेट कलेक्शन किया था. ये इंडियन सिनेमा की महाकमाऊ फिल्में हैं. और 'धुरंधर 2' ने इन सबके रिकॉर्ड तबाह कर दिए हैं. फिल्म की अब तक की कमाई की बात करें, तो ये ख़बर लिखे जाने तक 'धुरंधर 2' 541.53 करोड़ का इंडिया नेट कलेक्शन कर चुकी थी. ओवरसीज़ कमाई को जोड़ें तो अब तक ये 850 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है.
वीडियो: रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' ने पहले ही वीकेंड पर कौन-कौन से रिकॉर्ड बना डाले?

