शाहरुख खान ने 'नाटू-नाटू' गाने और राजामौली की तारीफ में क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी मेकर्स को बधाई दी.

नेशनल, इंटरनेशनल और रीजनल सिनेमा से जुड़ी खबरों को एक साथ एक जगह पढ़ना चाहते हैं तो सही जगह लैंड हुए हैं. नीचे पढ़िए आज की फिल्मी दुनिया से जुड़ी बड़ी खबर.
# RRR के गाने 'नाटु-नाटु' को मिला गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड
राजामौली की फिल्म RRR के गाने 'नाटु-नाटु' को गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड मिला है. ये पहला ऐसा एशियाई गाना है, जिसने गोल्डन ग्लोब्स जीता है. इसे बेस्ट ओरिजनल सॉन्ग्स की कैटेगरी में ये अवॉर्ड दिया गया है.
RRR को बेस्ट पिक्चर इन नॉन इंग्लिश लैंग्वेज कैटेगरी के अवॉर्ड में भी नॉमिनेट किया गया था.
#'हाउस ऑफ द ड्रैगन' को मिला गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स
'गेम ऑफ थ्रोन्स' की प्रीक्वल सीरीज़ 'हाउस ऑफ द ड्रैगन' को गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड मिला. इसे बेस्ट ड्रामा सीरीज़ की कैटेगरी में अवॉर्ड दिया गया है. इसके अलावा 'द व्हाइट लोटस' को बेस्ट लिमिटेड सीरीज़ और 'अर्जेंटीना 1985' को बेस्ट मोशन पिक्चर नॉन इंग्लिश लैंग्वेज की कैटेगरी में अवॉर्ड दिया गया.
# 25 साल बाद थिएटर्स में फिर से रिलीज़ होगी 'टाइटैनिक'
जेम्स कैमरन की कल्ट क्लासिक फिल्म 'टाइटैनिक' को 25 साल पूरे होने वाले हैं. इसी मौके पर फिल्म को फिर से थिएटर्स में रिलीज़ किया जाना है.
पैरामाउंट पिक्चर्स ने फिल्म के ट्रेलर को शेयर करते हुए बताया कि 10 फरवरी को 'टाइटैनिक' को 3डी में री-रिलीज़ किया जाएगा.
# सी. शंकर नायर की बायोपिक में अक्षय के साथ आर. माधवन
अक्षय कुमार जल्द ही धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही सी. शंकर नायर की बायोपिक में नज़र आने वाले हैं. इस फिल्म में अक्षय के साथ आर. माधवन भी होंगे. दोनों ही फिल्म में वकील बनेंगे. मूवी में अनन्या पांडे भी नज़र आएंगी. उनका रोल क्या होगा अभी इसकी जानकारी नहीं मिली है.
# राजकुमार संतोषी की 'गांधी गोडसे-एक युद्ध' का ट्रेलर आ गया
राजकुमार संतोषी की फिल्म 'गांधी गोडसे-एक युद्ध' का ट्रेलर आ गया है. ये आज़ाद भारत की एक फिक्शन स्टोरी होगी. जिसमें गांधी को गोली लगने के बाद वो बच जाते हैं. बाद में वो अपने हत्यारे गोडसे से मिलने जाते हैं.
जहां उनके और गोडसे के बीच देश और बंटवारे को लेकर लंबी बहस चलती है. तर्क-वितर्क होता है. संतोषी प्रोडक्शन के बैनर तले बनी ये फिल्म 26 जनवरी को थिएटर्स में रिलीज़ होगी.
# गोल्डन ग्लोब्स जीतने पर शाहरुख खान ने राजामौली से क्या कहा
RRR की इतनी बड़ी जीत पर शाहरुख खान ने भी राजामौली को बधाई दी. शाहरुख ने ट्वीट किया. राजामौली के ट्वीट को री-ट्वीट करते हुए लिखा, ''सर जस्ट अभी उठा और 'नाटु-नाटु' को गोल्डन ग्लोब्स मिला ये खबर सुनकर इसी गाने पर नाचने लगा. अभी तो बहुत से अवॉर्ड्स बचे हुए हैं. ऐसे ही भारत को गौरवान्वित करते रहिए.'' कल 'पठान' के ट्रेलर को RRR वाले रामचरण ने भी लॉन्च किया था. जिसका धन्यवाद करते हुए शाहरुख ने उनकी फिल्म RRR को ऑस्कर के लिए शुभकामनाएं दी थीं. शाहरुख ने ट्वीट किया था, ''जब आपकी RRR की टीम ऑस्कर को इंडिया लाएगी तो प्लीज़ मुझे उस ट्रॉफी को छू लेने दीजिएगा. लव यू.''
# 'नाटु-नाटु' के गोल्डन ग्लोब जीतने पर दिग्गजों का रिएक्शन आया
RRR ने के गाने 'नाटु-नाटु' ने बेस्ट ओरिजनल सॉन्ग की कैटेगरी में गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड जीत लिया है. जिसके बाद लोग राजामौली और फिल्म के मेकर्स को भर-भर के बधाइयां दे रहे हैं. स्टार्स भी मेकर्स की पीठ थपथपा रहे हैं. मेगास्टार चिरंजीवी ने ट्वीट करके टीम को बधाई दी. आलिया भट्ट ने भी इंस्टा पोस्ट करके पूरी टीम को बधाई दी. कम्पोज़र ए. आर. रहमान ने ट्वीट किया, ''इंक्रेडिबल, आदरणीय कीरावानी और राजामौली को पूरे इंडिया और फैन्स की तरफ से बधाई.'' अमिताभ बच्चन ने भी पोस्ट करके RRR को डिज़र्विंग फिल्म बताया. साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी मेकर्स को बधाई दी.
दी सिनेमा शो: शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण की 'पठान' का ट्रेलर आया, लोगों ने तारीफ में क्या कहा?

