सुहाना की 'द आर्चीज़' में शाहरुख खान का कैमियो होगा?
The Archies में अगस्त्य नंदा, खुशी कपूर, सुहाना खान, वेदांग रैना, मिहिर आहूजा, युवराज और अदिती सैगन नज़र आने वाले हैं.

ज़ोया अख्तर के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'द आर्चीज़' का ट्रेलर आ गया है. जिसे मिला-जुला रिस्पॉन्स मिल रहा है. कुछ लोगों को ये पसंद आया तो कुछ लोगों को ओवरड्रमैटिक लग रहा है. अब खबर आ रही है कि स्टार किड्स से लैस इस फिल्म में शाहरुख खान का स्पेशल कैमियो होने वाला है.
'द आर्चीज़' कॉमिक्स पर बनी इस फिल्म में अगस्त्य नंदा, खुशी कपूर, सुहाना खान, वेदांग रैना, मिहिर आहूजा, युवराज और अदिती सैगन नज़र आने वाले हैं. इस फिल्म से सुहाना, अगस्त्य और खुशी अपना एक्टिंग डेब्यू करने जा रहे हैं. पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक मूवी में शाहरुख खान का कैमियो होगा.
पिंकविला के मुताबिक,
''शाहरुख खान खुद इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना चाहते थे. अभी तक ये तय नहीं है कि वो फिल्म में दिखाई देंगे या फिल्म को नरेट करेंगे. सुहाना खान की डेब्यू फिल्म की वजह से वो 'द आर्चीज़' का हिस्सा बनना चाहते हैं. फिलहाल फिल्म की पूरी टीम ने इस बात पर सस्पेंस बनाया हुआ है कि शाहरुख का रोल एक्ज़ैक्टली क्या होगा ?''
'द आर्चीज़' के ट्रेलर को शाहरुख ने शेयर भी किया. लिखा,
''एक कंटेम्प्ररी सब्जेक्ट और टाइमलेस कैरेक्टर्स से सजी 'द आर्चीज़', एक सुंदर कहानी. ज़ोया ने एक बहुत ही इनोसेंट दुनिया बनाई है. शायद इसे देखकर दुनिया पर्यावरण के लिए ज़िम्मेदार हो जाए. पूरी टीम को शुभकामनाएं.''
'द आर्चीज़' की कहानी 1960 के इंडिया में सेट है. एग्ज़ैक्ट लोकेशन की बात करें, तो ये कहानी गोवा के पास बसे रिवरडेल नाम के फिक्शनल शहर में घटती है. यहां एक स्कूल है, जिसमें पढ़ने वाले सात लोग आपस में दोस्त हैं. ये 16-17 साल के बच्चे हैं. दोस्ती, प्रेम, जीवन जैसी चीज़ों को समझने और एक्सप्लोर करने की कोशिश कर रहे हैं.
इस ग्रुप की एक लड़की है वेरॉनिका लॉज. जिसका रोल निभाया है सुहाना खान ने. वो एक बिज़नेस फैमिली से आती है. उसके पिता रिवरडेल को मॉर्डन शहर बनाना चाहते हैं. बच्चों के खेलने-कूदने और हैंगआउट करने के लिए बने ग्रीन पार्क को हटाकर होटल बनवाना चाहते हैं. ये सातों दोस्त इसके विरोध में उतर जाते हैं.
ये भी पढ़ें - सुहाना की फिल्म 'द आर्चीज़' का ट्रेलर आया, जिससे फुल इंग्लिश पिक्चर वाइब आ रही है
मूवी 07 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर प्रीमियर की जाएगी. 'गली बॉय' के बाद ये ज़ोया अख्तर के डायरेक्शन में बनी फुल फ्लेज्ड फिल्म है. इससे पहले उन्होंने 'घोस्ट स्टोरीज़' का एक सेगमेंट डायरेक्ट किया था.
वीडियो: शाहरुख खान की फिल्म जवान के कलेक्शन ने हिंदी सिनेमा के इतिहास के कई रिकॉर्ड्स बर्बाद कर डाले

