The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Shah Rukh Khan Was Rude and Distant During the Making of Baazigar, Reveals Kajol

'बाज़ीगर' की शूटिंग के दौरान शाहरुख खान काफी रूड और खडूस थे- काजोल

काजोल से पहली मुलाकात में शाहरुख ने उन्हें चुप रहने की सलाह दे डाली थी.

Advertisement
pic
20 जून 2025 (पब्लिश्ड: 08:30 PM IST)
kajol, shah rukh khan, baazigar,
'बाज़ीगर' को शाहरुख की सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक माना जाता है.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Shah Rukh Khan और Kajol बॉलीवुड की सबसे हिट ऑनस्क्रीन जोड़ी मानी जाती है. मगर उनकी पहली मुलाकात बड़े अटपटे ढंग से हुई थी. दोनों ने पहली दफ़ा 1992 में आई Baazigar में काम किया था. काजोल बताती हैं कि इस फिल्म के दौरान शाहरुख उन्हें काफी रूड और खडूस लगते थे. जबकि शाहरुख को वो बहुत बातूनी लगती थीं.

रेडियो नशा से हुई बातचीत में काजोल ने 'बाज़ीगर' की शूटिंग से जुड़ा एक किस्सा सुनाया. उन्होंने कहा कि शाहरुख न्यू ईयर पर भी काम करते हैं. इसलिए रात भर पार्टी करने के बावजूद वो लोग 01 जनवरी की सुबह शूटिंग कर रहे थे. इस दौरान शाहरुख वहीं थोड़ी दूर बैठे चुपचाप अपने डायलॉग पढ़ रहे थे. काजोल कहती हैं,

"मैं अपने कैमरामैन, मेकअप मैन और हेयरड्रेसर से बात कर रही थी. मैं लगातार बक-बक किए जा रही थी. मेरी आवाज बिना माइक के ही पता नहीं कहां-कहां तक पहुंच जाती है. कुछ देर बाद मैंने कहा- ‘रवि दादा, ये क्या खडूस एक्टर है आपका’."

शाहरुख ने ये सुना ज़रूर, मगर कुछ बोले नहीं. वो चुपचाप अपने डायलॉग याद करने लगे. काजोल बताती हैं,

"मैं उसके पास बैठी और कहा-'हाय! तुम बात क्यों नहीं कर रहे? क्या तुम हमेशा ही इतने खडूस रहते हो? तुम इस तरह तो नहीं रह सकते!' इस पर शाहरुख ने कहा- ‘क्या तुम एक मिनट के लिए चुप रह सकती हो? भगवान के लिए कोई इसे चुप करवाओ'. ये बहुत रूड और बुरा जवाब था. मैं तो बस नाइस और फ्रेंडली होने की कोशिश कर रही थी. हां, बाद में हम दोनों की अच्छी दोस्ती हो गई. पर मुझे नहीं लगता कि उसे ये सब ठीक से याद भी होगा."

'बाज़ीगर' को शाहरुख के करियर की सबसे ज़रूरी फिल्मों में गिना जाता है. इसमें उन्होंने नेगेटिव रोल किया था. ये फिल्म 1953 में आई इरा लेविन की नॉवेल A Kiss Before Dying पर आधारित है. 1991 में इसी नाम से एक हॉलीवुड फिल्म भी बन चुकी है. इसके हिन्दी अडैप्टेशन को अब्बास-मुस्तन ने डायरेक्ट किया था. शाहरुख और काजोल के अलावा इसमें शिल्पा शेट्टी, दलीप ताहिल, जॉनी लीवर और राखी गुलज़ार ने भी काम किया है. 

वीडियो: शाहरुख खान को घोड़े से डर लगता था, ऐसे में अब्बास मस्तान ने बताया कि Baazigar का गाना कैसे बना?

Advertisement

Advertisement

()