The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Shah Rukh Khan VS Akshay Kumar-Ajay Devgn! Are King and Golmaal 5 Set for a Box Office Clash?

एक बार फिर से टिकट खिड़की पर भिड़ने जा रहे हैं शाहरुख खान और अजय देवगन!

इससे पहले भी शाहरुख और अजय की भिड़ंत हो चुकी है. जिसमें अजय, शाहरुख और YRF के खिलाफ कोर्ट चले गए थे.

Advertisement
pic
27 अप्रैल 2026 (अपडेटेड: 27 अप्रैल 2026, 04:49 PM IST)
akshay kumar, ajay devgn, shah rukh khan, golmaal 5, king,
'किंग' देश की सबसे बड़ी एक्शन फिल्म, वहीं 'गोलमाल 5' सबसे सफल फ्रैंचाइज़ है.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Shah Rukh Khan की King बिल्कुल सैंडविचनुमा सिचुएशन में फंसती नज़र आ रही है. एक तरफ उसका सामना Avengers: Doomsday और Dune 3 से होगा. वहीं दूसरी तरफ, उसकी रिलीज़ के अगले ही दिन Jumanji 3 आ रही. जब ये भी कम पड़ा, तो खबर आई कि Ajay Devgn और Akshay Kumar की Golmaal 5 भी इस क्लैश में उतरने वाली है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स 'गोलमाल 5' के लिए 31 दिसंबर का स्लॉट फाइनल करने पर विचार कर रहे हैं. अगर ऐसा हुआ, तो सबसे ज्यादा मुश्किलें शाहरुख की ही बढ़ेंगी. 'किंग' 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में आने वाली है. पिछले दिनों मेकर्स ने एक पोस्ट के जरिए दोबारा इस तारीख पर अपना ठप्पा लगाया है. मगर इस बात को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता कि ये मूवी जाने-अनजाने चौतरफ़ा क्लैश का शिकार हो जाएगी.

'किंग' से हफ्ते भर पहले यानी 18 दिसंबर को 'एवेंजर्स: डूम्सडे' और 'ड्यून 3' रिलीज़ होंगी. वहीं 25 दिसंबर को ड्वेन जॉनसन की 'जुमानजी 3' आने वाली है. 'किंग' एक बार भारत में इन फिल्मों का सामना कर भी ले. मगर विदेशी मार्केट में इन फिल्मों से मुकाबला आसान नहीं होगा. तिस पर 31 दिसंबर को आ रही 'गोलमाल 5' को हल्के में नहीं लिया जा सकता. खासकर तब, जब इस बार अजय के अलावा अक्षय भी इस फिल्म से जुड़े हैं. 'किंग' एक हफ्ते तक तो ऑडियंस बटोर लेगी, मगर उसके बाद उसे बड़ी संख्या में स्क्रीन शेयर करने पड़ेंगे.

शाहरुख और अजय देवगन इससे पहले भी बॉक्स ऑफिस पर भिड़ चुके हैं. नवंबर 2012 में 'जब तक है जान' और 'सन ऑफ सरदार' के बीच जोरदार टक्कर हुई थी. तब शाहरुख की फिल्म ने वर्ल्डवाइड 235 करोड़ और अजय की मूवी ने 161 करोड़ कमाए थे. मगर ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर ये क्लैश नहीं होता तो ये दोनों फिल्में और कमाई करतीं. इस क्लैश और स्क्रीन्स की मारामारी से अजय इतने ख़फा हुए थे कि उन्होंने यशराज फिल्म्स पर स्क्रीन ब्लॉक करने के आरोप लगा दिए थे. मामला कोर्ट-कचहरी तक चला गया था.

दूसरी तरफ़, अक्षय कुमार और शाहरुख की फिल्में भी कई मौकों पर टकरा चुकी हैं. 02 जुलाई 1993 को शाहरुख की 'माया मेमसाब' और अक्षय की 'वक्त हमारा है' में क्लैश हुई थी. इसमें अक्षय की मूवी आगे निकल गई थी. 12 नवंबर 2004 को 'वीर ज़ारा' और 'ऐतराज़' टकराईं. इसमें शाहरुख बाज़ी मार ले गए. 20 अक्टूबर 2006 को 'डॉन' का सामना अक्षय-सलमान खान की 'जान-ए-मन' से हुआ था. शाहरुख यहां भी भारी पड़े थे. अगस्त 2013 में 'चेन्नई एक्सप्रेस' और 'वन्स अपॉन अ टाइम दोबारा' हफ्ते भर के अंतर पर रिलीज़ हुई थीं. तब भी अक्षय, शाहरुख को पछाड़ नहीं पाए थे.

मगर इस क्लैश में अजय-अक्षय के अलावा रोहित शेट्टी की भी दावेदारी हैं. दिसंबर 2018 में रोहित के डायरेक्शन में बनी 'सिंबा' ने शाहरुख की 'ज़ीरो' को बुरी तरह पछाड़ दिया था. इसलिए वो चाहेंगे कि 'गोलमाल 5' के जरिए भी वो उन पर अपना विनिंग स्ट्रीक बरकरार रखें. हालांकि अब तक ‘गोलमाल 5’ के मेकर्स ने ऑफिशियली कोई रिलीज़ डेट अनाउंस नहीं की है.

वीडियो: शाहरुख की ‘किंग’ पर नहीं पड़ेगा ‘एवेंजर्स’ और ‘ड्यून 3’ का असर? ट्रेड का बड़ा दावा

Advertisement

Advertisement

()