शाहरुख की रेड चिलीज़ ने 'सिकंदर' के बहाने सलमान को बुरी तरह ट्रोल कर दिया?
'सिकंदर' का VFX रेड चिलीज़ ने किया था. उन्होंने VFX ब्रेकडाउन वीडियो रिलीज किया, जिसे देखकर लोग सलमान को बॉडी शेम कर रहे हैं.

Salman Khan स्टारर Sikandar का Shah Rukh Khan से एक बड़ा कनेक्शन है. वो ये कि उनकी कंपनी Red Chillies VFX ने फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स की ज़िम्मेदारी संभाली थी. पिछले दिनों कंपनी ने फिल्म से जुड़े VFX का ब्रेकडाउन वीडियो रिलीज़ किया. उस वीडियो को देखकर लोग सलमान को बुरी तरह बॉडी शेम करने लगे हैं.
हाल ही में 'सिकंदर' को रिलीज़ हुए एक साल पूरे हुए हैं. इस मौके पर रेड चिलीज़ ने फिल्म के VFX ब्रेकडाउन की वीडियो यूट्यूब पर पोस्ट की. वीडियो में एक्शन सीन्स, क्राउड और बिल्डिंग्स जैसे कई एलिमेंट्स को सीन से जोड़ने की तकनीक दिखाई गई थी. एक शॉट 'हम आपके बिना' गाने से भी जुड़ा था. उसमें सलमान और रश्मिका मंदन्ना चांदनी रात में टहलते हुए नज़र आ रहे हैं. वैसे, तो उस सीन में दोनों एक्टर्स को छोड़कर सब कुछ ही VFX से बनाया गया था. मगर लोगों ने सलमान के बढ़े हुए वजन का माखौल बनाना शुरू कर दिया.
दरअसल, ओरिजिनल वीडियो में उनका पेट हल्का बाहर निकला हुआ दिखाई दे रहा था. मगर फाइनल वीडियो में उसे ठीक कर दिया गया था. रेड चिलीज़ ने वाकई VFX के ज़रिए उनका पेट अंदर कर दिया था. बस, यहीं से लोगों ने सलमान की ट्रोलिंग शुरू कर दी. एक यूजर ने लिखा,
"मैंने कभी नहीं सोचा था कि 2026 में रेड चिलीज़ सलमान खान को इस तरह एक्सपोज़ करेगी. ज़रा VFX से पहले और बाद में उनका पेट तो देखो."

दूसरे ने लिखा,
"अब आपको समझ आया होगा कि टी-शर्ट के ऊपर खुली शर्ट, कोट और जैकेट क्यों पहनते हैं- सिर्फ अपने थुलथुले पेट को छिपाने के लिए."

तीसरे ने कमेंट किया,
"आपको (रेड चिलीज़) ये भी बताना चाहिए था कि आपने उन्हें दुबला दिखाने के लिए उनके पेट और बॉडी साइज़ को कैसे कम किया, जबकि वो तब अपने करियर में सबसे अधिक ओवरवेट थे."

इस तरह इंटरनेट पर लोग सलमान को कई तरह से बॉडी शेम कर रहे हैं. मगर यहां हमें कुछ बातों को नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए. अव्वल तो ये कि 'सिकंदर' के वक्त सलमान अपने बेस्ट लुक में नहीं थे. वो फिजिकली स्ट्रगल कर रहे थे. उनकी पसलियां टूटी हुई थीं. बावजूद इसके वो लगातार काम रहे थे. प्लस इस फिल्म की मेकिंग के दौरान ही उनके करीबी दोस्त और पॉलिटिशियन बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. साथ ही सलमान को भी जान से मारने की धमकी मिली थी. उनके लिए चीज़ें सही नहीं चल रही थीं. इसलिए सलमान की बॉडी को VFX की मदद से फिट दिखाया गया.
हालांकि, इसका एक दूसरा पहलू ये है कि जब सलमान जैसे सुपरस्टार्स इस तरह के विकल्प तलाशते हैं, तो इससे फैंस का भरोसा डोलने लगता है. उन्हें एक्टर्स से जुड़ी तमाम बातें फेक नज़र आने लगती हैं. बावजूद इसके, लोग 'सिकंदर' की लाख बातों पर बुराइयां कर सकते हैं. मगर उनके एवज में सलमान को बॉडी शेम करना अब भी जस्टिफाइड नहीं लगता. इससे पहले ‘किसी का भाई किसी की जान’ की रिलीज़ से पहले भी सलमान को बॉडी शेम किया गया था. फिल्म के ट्रेलर लॉन्च पर जब उनसे इस बाबत सवाल किया गया, तो सलमान ने स्टेज से ही शर्ट खोलकर अपने ऐब्स दिखा दिए.
इन दिनों सलमान अपनी अगली फिल्म SVC63 की शूटिंग कर रहे हैं. इस फिल्म में उनके साथ नयनतारा नज़र आएंगी. इस फिल्म को नेशनल अवॉर्ड विजेता वामसी पैडिपली डायरेक्ट कर रहे हैं. ये फिल्म ईद 2027 पर थिएटर्स में रिलीज़ होगी.
वीडियो: सलमान खान ने एआर मुरुगादोस को दिया मुंहतोड़ जवाब, अपनी फिल्म सिकंदर का किया बचाव

