"शाहरुख 'जवान' के सेट पर सबको सहज महसूस करवाते थे"
कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने संजीता को बताया कि आप ए लिस्टर के साथ फिल्म करने वाली हैं. उन्होंने पूछा, 'ए लिस्टर मतलब'? सामने से सवाब आया, शाहरुख खान.

Jawan में काम करने वाले एक्टर्स पहले फिल्म को लेकर बात नहीं कर रहे थे. अब फिल्म का मटेरियल बाहर आने लगा है. फिल्म से जुड़े लोग उसके बारे में बेझिझक बात कर रहे हैं. सान्या मल्होत्रा ने भी एक हालिया इंटरव्यू में कहा था कि वो अब ‘जवान’ के बारे में बात कर सकती हैं. उसके बाद उनकी को-एक्टर रही संजीता भट्टाचार्य ने भी ‘जवान’ के बारे में India Today से बात की है. संजीता ने बताया कि शाहरुख के साथ काम करने का अनुभव कैसा था. उन्हें फिल्म के लिए चुना कैसे गया.
‘जवान’ संजीता की पहली फिल्म है. इससे पहले वो Feels Like Ishq और The Broken News जैसी सीरीज़ में भी नज़र आ चुकी हैं. एक्टिंग के अलावा संजीता गाने लिखती हैं और परफॉर्म भी करती हैं. उन्होंने अपनी कास्टिंग का किस्सा बताया,
अगस्त 2021 में मुझे ‘जवान’ के लिए कास्ट किया गया. मैं तब एक म्यूज़िक गिग के लिए कोलकाता में थीं. मुझे फिल्म के कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा के ऑफिस से कॉल आया. उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं जल्द ही मुंबई आने वाली हूं. मैंने जवाब दिया कि नहीं पर उनसे पूछा कि क्या हुआ. उन्होंने बताया कि वो लोग एक फिल्म के लिए कास्टिंग कर रहे हैं. उसके बारे में ज़्यादा बात नहीं कर सकते, पर जब भी आप मुंबई आएं तो ऑफिस आकर ऑडिशन दे दीजिएगा.
संजीता बताती हैं कि उस कॉल के एक हफ्ते बाद उन्हें एक शो के लिए मुंबई जाना पड़ा. रिलैक्स होते हुए वो ऑडिशन देने भी पहुंच गईं. उनका कहना है कि चूंकि उन्हें प्रोजेक्ट के बारे में कुछ भी नहीं पता था, इस वजह से कोई प्रेशर भी महसूस नहीं हुआ. ऑडिशन के करीब हफ्ते भर बाद उन्हें मुकेश छाबड़ा के ऑफिस से कॉल आया. उन्होंने आगे बताया,
उन लोगों ने मुझे कहा कि आपको रोल के लिए लॉक कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि अब तक प्रोजेक्ट का टाइटल तय नहीं हुआ है. लेकिन इसमें एक ए-लिस्टर है. मैंने पूछा कि ए-लिस्टर क्या होता है. मुझे ए-लिस्टर का मतलब नहीं पता था. उन्होंने जवाब दिया शाहरुख खान. मैंने जो सुना उस पर यकीन नहीं हुआ. एक महीने के बाद मैं ‘जवान’ के लिए शूटिंग कर रही थी. उसी दौरान मुझे ‘द ब्रोकन न्यूज़’ के लिए भी कास्ट किया गया. उसके बाद सब इतिहास है.
‘जवान’ में शाहरुख की एक कोर टीम है जिसमें छह महिला फाइटर शामिल हैं. संजीता उसी टीम का हिस्सा हैं. उनके साथ प्रियमणि और सान्या मल्होत्रा भी इस टीम की मेम्बर हैं. संजीता बताती हैं कि अपने किरदार की तैयारी के लिए कॉम्बैट ट्रेनिंग लेनी पड़ी. बंदूक थामना, स्टंट करना, ये तमाम चीज़ें सीखनी पड़ी. ट्रेनिंग पूरी होने के बाद वो सेट पर पहुंची. संजीता कहती हैं कि ये उनकी पहली फिल्म थी. इस वजह से वो खुद पर दबाव डाल रही थी. उसी के चलते कई बार अपने डायलॉग बोलते वक्त अटक भी जातीं. लेकिन शाहरुख इस पर हंस देते. फिर से शूट करने को कहते. संजीता कहती हैं कि शाहरुख सेट पर सभी को सहज महसूस करवाते थे. एक समय के बाद वो शाहरुख के साथ काम करते हुए कम्फर्टेबल हो गईं. हालांकि पहली मुलाकात में ऐसा केस नहीं था. उनका कहना था,
जब शाहरुख ‘जवान’ के सेट पर आए, तब अचानक से पूरा सेट अपनी सीट के एज पर था. उन्होंने सभी को सहज महसूस करवाया. मुझे कभी भी उनके साथ काम करते हुए डर नहीं लगा.
संजीता ने इंटरव्यू में इतना ही बताया कि वो ‘जवान’ में शाहरुख की कोर टीम का हिस्सा हैं. अपने किरदार से जुड़े ज़्यादा डिटेल्स शेयर नहीं किए. बाकी ये सारी बातें 07 सितंबर को ही रीवील होंगी, जब ‘जवान’ सिनेमाघरों में उतरेगी.
वीडियो: जवान के एंड क्रेडिट सॉन्ग रमैया वस्तावैया में शाहरुख खान के साथ पूरी स्टारकास्ट होगी

